Report
10 घंटे तक बिना किसी जानकारी के दिल्ली पुलिस की हिरासत से लौटे पूर्व एडिशनल सेक्रेटरी आशीष जोशी
केंद्र सरकार में पूर्व अतिरिक्त सचिव आशीष जोशी को बुधवार सुबह नेहरू पार्क में टहलते समय सादे कपड़ों में आए दो लोग जोशी की कार में बैठाकर अपने साथ ले गए. देर शाम तक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि उन्हें कौन, कहां और क्यों ले गया. जोशी के साथ सुबह की सैर पर मौजूद दो लोगों ने बताया कि दोनों आदमी खुद को दिल्ली पुलिस से बता रहे थे. लेकिन परिवार को भी इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई. बाद में यह जानकारी सामने आई कि उन्हें न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी (एनएफसी) स्थित स्पेशल सेल के कार्यालय ले जाया गया.
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने न्यूज़लॉन्ड्री को बताया कि आशीष जोशी के खिलाफ स्पेशल सेल में पहले से एक मामला दर्ज है, उसी के सिलसिले में उन्हें पूछताछ के लिए लाया गया था. अधिकारी ने साथ ही यह भी स्पष्ट किया, “उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया था. पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया है.”
एनएफसी थाने पहुंचे आशीष जोशी के एक सहयोगी ने न्यूज़लॉन्ड्री से उनके रिहा होने की पुष्टि की. उन्होंने बताया, “जोशी को दूसरे गेट से बाहर निकाला गया. हम दूसरे गेट पर लगातार उनका इंतजार कर रहे थे.” इस दौरान शाम को जोशी की पत्नी, बेटी और कुछ सहयोगी स्पेशल सेल के दफ्तर के बाहर मौजूद थे.
हमने उनकी पत्नी से बात करने की कोशिश की तो बताया गया कि वह काफी परेशान हैं और बात करने की स्थिति में नहीं हैं.
जोशी के सहयोगी के मुताबिक, वो अपनी गाड़ी से स्पेशल सेल के कार्यालय से निकले. निकलने के कुछ देर बाद उन्होंने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया और कहा, “मैं निकल गया हूं और घर पहुंच रहा हूं. आप लोग भी घर आ जाइए.” इसके बाद परिवार के सभी सदस्य घर लौट गए.
घर पहुंचने के बाद आशीष जोशी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया, “अभी घर पहुंचा हूं. दिल्ली स्पेशल सेल ने मुझे घर छोड़ दिया है. बाकी जानकारी बाद में साझा करूंगा.”
आशीष जोशी मोती बाग में रहते हैं और रोजाना सैर के लिए नेहरू पार्क जाते हैं. बुधवार को भी वह अपनी गाड़ी से पार्क पहुंचे थे. इसी दौरान जब वह दोस्तों के साथ टहल रहे थे, तभी सादे कपड़ों में दो लोग आए और उन्हें अपने साथ ले गए.
उनके सहयोगी ने हमें बताया कि इस मामले में परिवार को कोई पूर्व नोटिस नहीं दिया गया. आशीष जोशी के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज हुई है तो उसकी जानकारी भी परिवार को नहीं दी गई है.
दूसरी ओर जैसे ही आशीष जोशी के साथ हुई घटना की ख़बर फैला, सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे. कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने एक्स पर लिखा, “मुझे इस बारे में तब पता चला, जब सुबह उनकी पत्नी ने मुझसे बात की. हम सुबह 10 बजे से ही उनका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला है. हम बहुत परेशान हैं और दिल्ली पुलिस को जल्द से जल्द हमें बताना चाहिए कि उन्हें कहां ले जाया गया है.”
इस बीच, आशीष जोशी का एक्स पर किया गया एक पुराना पोस्ट भी चर्चा में है. हालांकि, वह पोस्ट अब एक्स से हटा दिया गया है.
हमने आशीष जोशी से भी संपर्क किया. उन्होंने कहा कि अभी मैं इस बारे में कोई बात नहीं कर सकता हूं. बता दें कि आशीष जोशी 1992 बैच के इंडियन पोस्ट एंड टेलीकम्युनिकेशन अकाउंट्स एंड फाइनेंस सर्विस के अधिकारी रहे हैं. उनका प्रशासनिक करियर दूरसंचार और वित्तीय प्रशासन से जुड़े विभागों में रहा है.
एक स्वतंत्र मीडिया जिन सवालों के जवाब मिलने चाहिए उन सवालों को पूछ कर जनतंत्र को थामे रखता है, जिन कहानियों को कहना जरूरी है उन्हें कह कर उसे बचाए रखता है. स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें. आज ही सब्सक्राइब करें.
Also Read
-
Awadh ground report: UP’s swing voters speak, from Mohanlalganj to Ayodhya
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
From Sittilingi to Sijimali: The doctor Odisha police arrested over anti-mining agitation
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
After Uttarakhand, it’s MP: CM Yadav spent Rs 230 cr to sell a Rs 30 lakh cr ‘MoU’ mirage