Khabar Baazi
एक्सिस माई इंडिया पोल में एनडीए की सरकार लेकिन भाजपा को 20 सीटों तक का नुकसान
बीते रोज जारी दर्जनभर से ज्यादा एग्जिट पोल्स की तर्ज पर ही एक्सिस माई इंडिया और टुडेज़ चाणक्य एजेंसी ने बिहार में एनडीए की सरकार बनने का अनुमान लगाया है. हालांकि, विस्तृत रूप से जारी आंकड़ों में एक्सिस माई इंडिया ने भाजपा को बीते विधानसभा चुनावों के मुकाबले इस बार 20 सीटों तक के नुकसान का अनुमान जताया है.
एक्सिस माई इंडिया के एनडीए को 121 से 141 तक सीटें मिलने का अनुमान है, वहीं दूसरी तरफ महागठबंधन 98 से 118 सीटों पर ही सिमटता हुआ नज़र आ रहा है.
एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के हिसाब से, पार्टियों में भी सीटों को लेकर बड़ा फेरबदल होता दिख रहा है. पिछले विधानसभा चुनावों में 74 सीटें जीतने वाली भाजपा को एक्सिस माई इंडिया ने 50 से 56 सीटों पर ही जीत मिलने का अनुमान जताया है. गौरतलब है कि बीते चुनाव में भाजपा 110 सीटों पर चुनाव लड़ी थी. वहीं इस बार भाजपा ने 101 सीटों पर चुनाव लड़ा है.
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के लिए पिछली बार से बेहतर प्रदर्शन करने का अनुमान है. 2020 के विधानसभा चुनावों में 43 सीटें हासिल करने वाली जदयू के लिए इस बार 56 से 62 सीटों पर जीत दर्ज करने का अनुमान है. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के लिए एग्जिट पोल में 11 से 16 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान है. जबकि बीते चुनावों में यह पार्टी अपने विघटन से पहले मात्र 1 सीट ही जीत पाई थी.
महागठबंधन की राहें फिर मुश्किल
एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में महागठबंधन कुछ खास कमाल करता नहीं दिख रहा है. उसे 98 से 118 के आस-पास ही सीटें मिल रही हैं. यहां पिछले चुनावों में 75 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लिए इस बार 67 से 76 सीटों पर जीतने का अनुमान है यानि पार्टी अपना प्रदर्शन दोहरा रही है. वहीं सहयोगी कांग्रेस भी अपना प्रदर्शन बरकरार रखते हुए एग्जिट पोल में 17 से 21 पर जीत हासिल कर रही है. बीते चुनावों में कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली थी. वामपंथी दल भी कमोबेश अपना प्रदर्शन दोहरा रहे हैं और उनके 10 से 14 सीटें जीतने का अनुमान है. इन्हें बीते चुनावों में संयुक्त रूप से 16 सीटों पर जीत मिली थी. महागठबंधन से डिप्टी सीएम के चेहरे घोषित मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी के भी 4 सीटें जीतने का अनुमान है. मालूम हो कि बीते चुनाव में भी सहने ने 13 सीटों पर चुनाव लड़कर 4 सीटों पर जीत हासिल की थी.
'अर्श' से दूर है जनसुराज
चुनावों में नए खिलाड़ी के तौर पर मौजूदगी दर्ज कराने वाली प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी को एक्सिस माई इंडिया ने अधिकतम 2 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान है. वहीं, बीते चुनावों में सीमांचल में 5 सीटों पर जीत दर्ज करने वाली आल इंडिया इत्तेहादुल मुस्लिमीन यानि एआईएमआईएम के 3 सीटों तक सिमटने का अनुमान है यानि पार्टी को कम से कम 2 सीटों का नुकसान होने जा रहा है.
टुडेज़ चाणक्य के पोल में एनडीए की लहर
वहीं, टुडेज़ चाणक्य ने भी आज जारी किए अपने एग्जिट पोल्स में एनडीए को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान लगाया है. इसके अनुसार एनडीए को 160 सीटें मिलने की उम्मीद है, जिसमें 12 सीटें ऊपर-नीचे हो सकती हैं. लेकिन इसके बावजूद भी एनडीए बहुमत के आंकड़े को आसानी से पार कर जाएगा. वहीं, महागठबंधन बहुमत से बहुत दूर रहेगा. इस पोल के मुताबिक, गठबंधन को अधिकतम 77 सीटें हासिल होंगी. जिनमें कमोबेश 12 सीटों के इधर-उधर होने का अनुमान है.
बीते दिन जारी दर्जनभर से ज्यादा एग्जिट पोल्स में भी महागठबंधन के सत्ता से दूर रहने की बात कही गई है. इन पर ज्यादा जानकारी के लिए यह ख़बर पढ़िए.
भ्रामक और गलत सूचनाओं के इस दौर में आपको ऐसी खबरों की ज़रूरत है जो तथ्यपरक और भरोसेमंद हों. न्यूज़लॉन्ड्री को सब्सक्राइब करें और हमारी भरोसेमंद पत्रकारिता का आनंद लें.
Also Read
-
The curious case of protesters’ missing phones: Neither FIR for ‘snatching’, nor memo for ‘seizure’
-
Locked when women need help? Delhi Police’s pink booth reality check
-
Ali Khan Mahmudabad on ‘Ganga-Jamuni fantasy’, dying languages and democracy online
-
दैनिक जागरण और संघ की एक विचारधारा: नागपुर के कार्यक्रम में प्रधान संपादक संजय गुप्ता का खुला ऐलान
-
Jagran’s RSS confession is here. Its record deserves a re-read