Khabar Baazi
बिहार विधानसभा चुनाव 2025: ज्यादातर एग्जिट पोल्स में एनडीए की सरकार
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए दोनों चरणों की वोटिंग खत्म हो चुकी है. पहले चरण में 6 नवंबर को 121 और दूसरे चरण में 11 नवंबर को 122 सीटों पर वोटिंग हुई. इस तरह बिहार की सभी 243 सीटों पर मतदान के बाद अब नतीजों का इंतजार है.
चुनाव आयोग के अनुसार, दूसरे चरण में बिहार में 68.76 प्रतिशत मतदान हुआ. जिसमें सबसे अधिक कटिहार में 75.23 प्रतिशत और सबसे कम नवादा में 57.11 प्रतिशत मतदान हुआ.
पहले चरण में भी बिहार ने खूब बढ़ चढ़ कर मतदान किया था. चुनाव आयोग के मुताबिक, पहले चरण में कुल 65 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ है.
बिहार के दोनों चरणों को मिला दें तो 66 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ है. बिहार के लिहाज से आजादी के बाद से यह सर्वाधिक मतदान है. चुनावों के नतीजे अब 14 नवंबर को आएंगे. नतीजों से पहले इनका अनुमान लगाते एक्जिट पोल्स आ चुके हैं. आइए एक-एक नजर डालते हैं कि ये एग्जिट पोल्स बिहार में किसकी सरकार बना रहे हैं.
एक्सिस माई इंडिया और टुडेज़ चाणक्य कल जारी करेगा एग्जिट पोल्स
एग्जिट पोल्स में करीब-करीब सटीकता का दावे करने या यूं कहें कि ज्यादातर बार सही अनुमान लगाने वाली एजेंसी टुडेज़ चाणक्य ने कल यानि बुधवार को एग्जिट पोल्स जारी करने का ऐलान किया है. ये वही एजेंसी है जिसने साल 2014 के लोकसभा चुनावों के सटीक एग्जिट पोल्स दिए थे. इसके अलावा एक्सिस माई इंडिया भी बुधवार शाम को अपने अनुमान जारी करेगा.
ज्यादातर एग्जिट पोल्स में एनडीए की सरकार
अब तक आए ज्यादातर एग्जिट पोल्स में एनडीए की सरकार बनती दिख रही है. वहीं, महागठबंधन फिर सत्ता हासिल करने से बहुत दूर दिख रहा है. साथ ही कुछ आंकड़ों में बिहार चुनाव में पहली बार किस्मत आजमा रही जनसुराज का खाता भी खुलता नज़र आ रहा है. ज्यादातर पोल्स के मुताबिक जनसुराज को 0-2 सीटें मिलने का अनुमान है.
वहीं, जर्नो मिरर और मिल्लत टाइम्स का अनुमान ज्यादातर एग्जिट पोल्स से इतर है. इन दोनों का अनुमान है कि महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलेगा.
50 से नीचे दिख रहा महागठबंधन
वैसे तो ज्यादातर एग्जिट पोल्स ने महागठबंधन को अधिकतम 100 सीटें मिलने का अनुमान जताया है. लेकिन पोल डायरी का अनुमान है कि महागठबंधन को 50 सीटें भी नहीं मिल रही हैं. इसके मुताबिक एनडीए को 184 से 209 सीटों का अनुमान है. जोकि बहुमत के आंकड़े को न सिर्फ आसानी से पार कर रही हैं बल्कि एक तरह से प्रचंड बहुमत का इशारा कर रही हैं. मालूम हो, कि बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटें हैं जिनमे से सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 122 है.
जानिए पिछले एग्जिट पोल्स का हाल
साल 2020 के विधानसभा चुनावों को लेकर एग्जिट पोल्स के दावे कितने सही साबित हुए इस पर भी एक नजर डालते हैं.
2020 चुनाव के एग्जिट पोल में रिपब्लिक टीवी और जन की बात ने अपने एग्जिट पोल में एनडीए को 91 से 117 सीट, महागठबंधन को 118-138 सीट और अन्य को 3-6 सीट मिलने की संभावना जताई थी. जबकि नतीजों में एनडीए 125, महागठबंधन 110 और अन्य को 7 सीटें मिली थीं.
वहीं, इंडिया टुडे और एक्सिस माई इंडिया ने भी अपने एग्जिट पोल में महागठबंधन को आसानी से बहुमत के करीब बताया था. इसके मुताबिक महागठबंधन को 139-161 और एनडीए को 69-91 सीटें मिल रही थीं. जिसके हिसाब से एनडीए, महागठबंधन से बहुत पीछे और जीत से काफी दूर दिख रहा था. जबकि असल नतीजों में एनडीए को बहुमत मिली और महागठबंधन सरकार बनाने से चूक गया.
इसके उलट दैनिक भास्कर ने अपने एग्जिट पोल में एनडीए को ज़्यादा सीटें दी थी. भास्कर के पोल में एनडीए को 120-127 सीटें तो महागठबंधन को 71-80 सीटें मिलती दिखी थी.
अब देखना होगा कि इस बार एग्जिट पोल्स कितने सही साबित होंगे और कौन सी एजेंसी ज्यादा सटीकता से अनुमान लगा पाई है.
इसीलिए 14 नवंबर को बिहार चुनाव के नतीजों के सबसे सटीक और विज्ञापन मुक्त विश्लेषण के लिए न्यूज़लॉन्ड्री से जुड़ना ना भूलिए.
भ्रामक और गलत सूचनाओं के इस दौर में आपको ऐसी खबरों की ज़रूरत है जो तथ्यपरक और भरोसेमंद हों. न्यूज़लॉन्ड्री को सब्सक्राइब करें और हमारी भरोसेमंद पत्रकारिता का आनंद लें.
Also Read
-
Uttarakhand ERO refused BJP worker’s bulk Form 7 objections. After ECI complaint, 5,359 were accepted
-
A BJP worker in Uttarakhand objected. Voters in Kichha who never knew him are off the roll
-
Inside Brazil’s divided democracy
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables