Khabar Baazi
एयर इंडिया का बोइंग विमान हादसे का शिकार, पूर्व सीएम रुपाणी समेत 242 यात्री थे सवार
अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना होने वाला एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया. एयर इंडिया ने बताया कि अहमदाबाद से रवाना हुई इस उड़ान में कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक थे. फिलहाल, हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है.
एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “फ्लाइट AI171, जो अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भर रही थी, आज 12 जून 2025 को एक हादसे का शिकार हुई है. हम फिलहाल जानकारी जुटा रहे हैं और जल्द ही आगे के अपडेट साझा करेंगे.”
इसके बाद शाम को एयर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन ने बयान जारी कर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एक स्पेशल हेल्पलाइन नंबर 1800-56-91-44 जारी किया गया है. साथ ही आश्वस्त किया कि वो इस मामले पर समयबद्ध रूप से सटीक जानकारी साझा करते रहेंगे.
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की मौत
एयर इंडिया की इसी फ्लाइट से गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी लंदन में अपने परिवार से मिलने जा रहे थे. केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने इस हादसे में रुपाणी की मृत्यु की जानकारी दी है.
इस बीच सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, अहमदाबाद ने बयान जारी कर कहा, “सभी उड़ानों का संचालन अगली सूचना तक अस्थायी रूप से स्थगित किया जाता है.”
एयर इंडिया का संचालन करने वाले टाटा समूह ने कहा, “गहरे दुख के साथ हम पुष्टि करते हैं कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI171, जो अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भर रही थी, आज एक गंभीर हादसे का शिकार हुई. हमारी संवेदनाएं इस दुखद घटना से प्रभावित सभी परिवारों और उनके प्रियजनों के साथ हैं.”
टाटा देगा मृतकों के आश्रितों को 1-1 करोड़ रुपये
एयर इंडिया का संचालन फिलहाल टाटा समूह कर रहा है. समूह ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता की घोषणा की है.
टाटा संस के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन की ओर से जारी बयान में कहा गया, "यह बेहद दुखद घटना है जो एयर इंडिया की फ्लाइट 171 से जुड़ी है. हम इस क्षण जो पीड़ा महसूस कर रहे हैं, उसे शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है. जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है और जो घायल हुए हैं, हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके साथ हैं.
टाटा समूह की ओर से, इस त्रासदी में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को ₹1 करोड़ की सहायता राशि दी जाएगी. हम घायलों का पूरा चिकित्सकीय खर्च वहन करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें हर आवश्यक देखभाल और सहायता मिले. इसके अतिरिक्त, बी. जे. मेडिकल के हॉस्टल के पुनर्निर्माण में भी सहायता प्रदान की जाएगी. हम इस अकल्पनीय समय में प्रभावित परिवारों और समुदायों के साथ मजबूती से खड़े हैं."
हादसे पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा, "अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है. यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है. इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं. मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं."
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, "अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के दुख को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता. आपदा प्रतिक्रिया बलों को तुरंत दुर्घटनास्थल पर भेज दिया गया है. स्थिति का आकलन करने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल, गृह मंत्री श्री हर्ष संघवी और अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त से बात की."
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, "अहमदाबाद में हुई एयर इंडिया की विमान दुर्घटना दिल दहला देने वाली है. यात्रियों और चालक दल के परिवारों को जो दर्द और चिंता हो रही होगी, वह अकल्पनीय है. इस अविश्वसनीय रूप से कठिन क्षण में मेरी संवेदनाएं उनमें से प्रत्येक के साथ हैं. प्रशासन द्वारा तत्काल बचाव और राहत प्रयास महत्वपूर्ण हैं - हर जीवन मायने रखता है, हर सेकंड मायने रखता है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए."
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा, “अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की खबर से मैं स्तब्ध और दुखी हूं. हम पूरी तरह हाई अलर्ट पर हैं. मैं खुद स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और सभी विमानन और आपातकालीन एजेंसियों को तेजी से समन्वित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. राहत दल मौके पर भेजे जा चुके हैं और घायलों तक तुरंत चिकित्सकीय सहायता पहुंचाने के प्रयास जारी हैं. मेरी संवेदनाएं फ्लाइट में सवार सभी यात्रियों और उनके परिवारों के साथ हैं.”
जनवरी, 2014 में मिला था एयर इंडिया को ये विमान
फ्लाइट राडार ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी कि ये विमान एयर इंडिया को साल 2014 में सौंपा गया था. फ्लाइट राडार ने लिखा, "एयर इंडिया AI171 दुर्घटना में शामिल विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर है, जिसका पंजीकरण नंबर VT-ANB और सीरियल नंबर 36279 है. विमान की पहली उड़ान 2013-12-14 को हुई थी और इसे जनवरी 2014 में एयर इंडिया को सौंप दिया गया था."
भ्रामक और गलत सूचनाओं के इस दौर में आपको ऐसी खबरों की ज़रूरत है जो तथ्यपरक और भरोसेमंद हों. न्यूज़लॉन्ड्री को सब्सक्राइब करें और हमारी भरोसेमंद पत्रकारिता का आनंद लें.
Also Read
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
Hafta letters: NL’s coverage of SIR protest, question for Anand and violence in Manipur