Khabar Baazi
कुणाल कामरा के व्यंग्य से भड़के शिंदे गुट के शिव सैनिक, क्लब में की तोड़फोड़
मुंबई पुलिस ने स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. कामरा पर महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री और शिवसेना (शिंदे) के नेता एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी करने को लेकर मामला दर्ज किया है. यह मामला शिव सेना विधायक मुरजी पटेल द्वारा की गई शिकायत पर दर्ज हुआ है.
पुलिस अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि शिकायत एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में बीएनएस की विभिन्न धाराओं जैसे 353 (1)(b) (सार्वजनिक उपद्रव को बढ़ावा देने) और 356 (2) (मानहानि) के तहत दर्ज की गई है.
दरअसल, कामरा ने खार स्थित युनिकोंटिनेंटल मुंबई होटल में अपने कार्यक्रम के दौरान फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के गाने की तर्ज पर एक गीत पेश किया. जिसमें उन्होंने शिंदे को ‘गद्दार’ कहा. जिसका इशारा पूर्णरूप से 2022 में शिवसेना के विभाजन और उद्धव ठाकरे सरकार के गिरने की ओर था.
वहीं, इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि 2024 के चुनाव में जनता ने निर्णय कर दिया था कि 'कौन गद्दार है, कौन खुद्दार है...'. उन्होंने आगे कहा कि स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा द्वारा उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को अपमानित करना निंदनीय है. उन्होंने इसके लिए माफ़ी मांगनी चाहिए.
इसके बाद गुस्साए शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने खार स्थित हैबिटैट कॉमेडी क्लब में घुसकर तोड़फोड़ कर दी. कुणाल कामरा का ये वीडियो यहीं फिल्माया गया था. साथ ही कार्यकर्ताओं ने उस होटल को भी नुकसान पहुंचाया, जिसमें यह क्लब स्थित है. इस घटना के चलते कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी एक एफआईआर दर्ज की गई है.
अपने बयान में हैबिटैट क्लब ने इंस्टाग्राम पर कहा कि उन्होंने इस क्लब को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है. यह निर्णय तब तक के लिए है, जब तक वे अभिव्यक्ति यानी अपने विचारों को आज़ादी के साथ व्यक्त करने के लिए एक सुरक्षित और प्रभावी मंच प्रदान करने का सबसे अच्छा तरीका नहीं ढूंढ लेते.
X (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से शिवसेनाओं के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी. जिसमें शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने कामरा को चेतावनी दी कि पार्टी कार्यकर्ता उनका पीछा करेंगे और उन्हें “भारत छोड़ने पर मजबूर करेंगे”. वहीं, शिवसेना की नेता शायना एनसी ने कामरा की टिप्पणी को अश्लील करार दिया. साथ में यह भी कहा की यह कॉमेडी नहीं है.
बता दें कि हैबिटैट क्लब कुछ समय पहल समय रैना के शो इंडियाज़ गॉट लेटेंट को लेकर विवादों में था.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra