Khabar Baazi
दिल्ली चुनाव: आज आए तीन और एग्जिट पोल में भाजपा को भारी बहुमत
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए बाकी बची प्रमुख एजेंसियों के एग्जिट पोल भी आ गए है. बीते दिन 10 एग्जिट पोल आए. दो एग्जिट पोल्स में एक बार फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का दावा है. वीप्रीसाइड और माइंड ब्रिंक ने ‘आप’ के 44 से 52 सीटें जीतने का अनुमान जताया है.
वहीं, 8 एजेंसियों ने भाजपा की सरकार बनने का अनुमान जताया. इनमें मैट्राइज़, टाइम्स नाऊ- जेवीसी, पी मार्क, पोल डायरी, पीपल्स पल्स, पीपल्स इनसाइट, चाणक्य स्ट्रैटेजीज़ और डीवी रिसर्च शामिल हैं.
किस एजेंसी ने किस पार्टी को कितनी सीटें दी हैं, ये जानने के लिए यह ख़बर पढ़िए.
एक्सिस माई इंडिया पोल
दिल्ली के बीते विधानसभा चुनावों में सबसे ज्यादा करीबी अनुमान लगाने वाली एजेंसी एक्सिस माई इंडिया ने भाजपा के 48 फीसदी वोट शेयर के साथ 45-55 सीटें जीतने का अनुमान लगाया है. वहीं, आम आदमी पार्टी 42 फीसदी वोटर शेयर के साथ 15-25 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है. एक्सिस के मुताबिक, कांग्रेस का वोटर शेयर बढ़कर 7 फीसदी तक पहुंच सकता है. जिससे उसे फायदा होगा और वह 1 सीट पर जीत हासिल कर सकती है. इसके अलावा अन्य पार्टियों और उम्मीदवारों को भी 3 फीसदी तक वोट मिलने और 1 सीट जीतने का अनुमान है.
टुडे चाणक्य का पोल
टुडे चाणक्य ने भी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने का अनुमान जताया है. इस एजेंसी के मुताबिक, दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से जीत हासिल करने वाली है. इनके मुताबिक, भाजपा अधिकतम 45 से 51 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है. वही, आम आदमी पार्टी को 13-19 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है. इस सर्वे में कांग्रेस के भी खाता खुलने और अधिकतम 3 सीटों पर जीत हासिल करने का अनुमान है.
टुडे चाणक्य के मुताबिक, भाजपा 49 फीसदी, आम आदमी पार्टी 41 फीसदी और अन्य दल 10 फीसदी तक वोटर शेयर हासिल सकते हैं.
सीएनएक्स का एग्जिट पोल
सीएनएक्स ने भी 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में भाजपा की वापसी अनुमान जताया है. सीएनएक्स के मुताबिक, 49 फीसदी से ज्यादा वोटर शेयर के साथ भाजपा को 49 से 61 सीटों पर जीत मिल सकती है. वहीं, आम आदमी पार्टी 10 से 19 सीटों पर जीत मिलने और 41 फीसदी से ज्यादा वोटर शेयर मिलने का अनुमान है. कांग्रेस को 5 फीसदी तक वोट शेयर के साथ 1 सीट जीतने का अनुमान है. बाकी दलों और उम्मीदवारों को 4 फीसदी तक वोट शेयर मिलने का अनुमान है.
इस बार 60 फीसदी से ज्यादा मतदान
विधानसभा चुनावों में इस बार दिल्लीवालों ने 60 फीसदी से ज्यादा मतदान किया. चुनाव आयोग के मुताबिक, 5 फरवरी को रात 11:30 बजे 60.42 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. गौरतलब है कि इससे पहले साल 2020 के चुनावों में मतदान का ये आंकड़ा 62 फीसदी से ज्यादा का था. तब आम आदमी पार्टी को 70 में से 62 सीटों पर जीत मिली थी. वहीं, 2015 के चुनावों में 67 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ था. तब आम आदमी पार्टी को 67 सीटों पर जीत मिली थी.
पिछले एग्जिट पोल्स का हाल
बीते चुनावों में ज्यादातर एग्जिट पोल्स ने आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का दावा किया, जो कि सही था. लेकिन सीटों को लेकर मात्र एक एजेंसी ही थोड़ा सटीक और करीबी अनुमान लगा पाई थी. एक्सिस माई इंडिया का ही अनुमान उस आंकड़े के करीब था, जो आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा में हासिल किया. एक्सिस ने आप के 59-68 सीटें जीतने का अनुमान लगाया था. जब परिणाम आए तो आम आदमी पार्टी ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की और 8 सीटें भाजपा के खाते में गई. कांग्रेस अपना खाता नहीं खोल पाई.
इस बार कौन सी एजेंसी ज्यादा करीबी अनुमान लगा पाई है और जनता ने क्या फैसला लिया है, इस बारे में 8 फरवरी को नतीजे आने पर ही पता चलेगा.
न्यूज़लॉन्ड्री हर बार की तरह इस बार भी दिल्ली के विधानसभा नतीजों का विज्ञापन और ब्रेक फ्री विश्लेषण करेगा. तो शनिवार को जुड़ना ना भूलिए.
Also Read
-
The world is in a mess. It’s time to retire the gerontocrats
-
Inside Brazil’s divided democracy
-
Surviving a punishing Church: The story of Sr Ranit and Stand By Me
-
Uttarakhand ERO refused BJP worker’s bulk Form 7 objections. After ECI complaint, 5,359 were accepted
-
उत्तराखंड: ईआरओ ने ठुकराईं भाजपा कार्यकर्ता की थोक में आपत्तियां, दिल्ली में शिकायत के बाद स्वीकार