Khabar Baazi
पश्चिम बंगाल में 25 हजार नियुक्तियां रद्द और प्रधानमंत्री के बयान पर सियासी घमासान
आज अख़बारों ने अलग-अलग सुर्खियों को जगह दी है. जहां कुछ अख़बारों ने प्रधानमंत्री के भाषण के बाद मचे घमासान को शीर्ष ख़बर बनाया है तो कुछ ने बंगाल में स्कूल भर्ती घोटाले पर कलकत्ता हाईकोर्ट द्वारा 25 हजार नियुक्तियां रद्द किए जाने की ख़बर को प्रमुखता से छापा है. अन्य खब़रों में डी. गुकेश के शतरंज प्रतियोगिता जीतने और केजरीवाल की स्वास्थ्य की देखरेख करने के लिए कोर्ट द्वारा स्वास्थ्य कमेटी का गठन करने के आदेश की खबरें प्रमुख रहीं.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण अख़बार ने पश्चिम बंगाल में सरकारी कर्मियों की नियुक्ति रद्द होने की ख़बर को अपनी पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के अनुसार, कलकत्ता हाईकोर्ट ने स्कूल भर्ती घोटाले में 2016 की पूरी भर्ती प्रक्रिया ही रद्द कर दी. इसमें शिक्षक और ग्रुप सी और डी के कुल 25,753 पद शामिल हैं. साथ ही कोर्ट ने एसएससी पैनल की तय समयसीमा के बाद नौकरी पाने वालों को 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज की दर से अपना वेतन लौटाने का आदेश दिया है.
कांग्रेस द्वारा राजस्थान में प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए भाषण के खिलाफ चुनाव आयोग में दी गई शिकायत को भी अख़बार ने प्रमुखता से छापा है. ख़बर के मुताबिक, कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के राजस्थान में दिए भाषण को भड़काऊ, गैरकानूनी और संविधान की आत्मा के खिलाफ बताते हुए चुनाव आयोग से कार्यवाही करने की सिफारिश की है. कांग्रेस ने भाषण को पद की गरिमा के प्रतिकूल, विभाजनकारी, दुर्भावनापूर्ण और झूठा बयान बताया.
इसके अलावा डी. गुकेश के कैंडिडेट टूर्नामेंट जीतने, केजरीवाल की चिकित्सक से परामर्श लेने संबंधी याचिका खारिज और सूरत में चुनाव परिणाम से पहले ही भाजपा प्रत्याशी के जीतने की ख़बर को अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने भी बंगाल में स्कूल कर्मियों की नियुक्ति को रद्द किए जाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, कलकत्ता हाईकोर्ट ने फैसले में राज्य स्तरीय शिक्षक चयन परीक्षा 2016 की पूरी भर्ती प्रक्रिया को ही निरस्त कर दिया. इसमें शिक्षक, ग्रुप सी और ग्रुप डी समेत कुल 25 हजार नियुक्तियां हुई थीं. कोर्ट ने सीबीआई को जांच सौंपकर 3 महीने में रिपोर्ट देने को कहा है.
डी. गुकेश के कैंडिडेट टूर्नामेंट जीतने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता से छापा है. गुकेश सबसे कम उम्र 17 साल के विजेता हो गए हैं. इसके पहले भारत से विश्वनाथन आनंद ने यह खिताब जीता था. अगर साल के अंत में गुकेश चीन के डिंग लिरेन को हरा देते हैं तो अनतोली कारस्पोव को पीछे छोड़ सकते हैं.
इसके अलावा प्रधानमंत्री के बयान-कांग्रेस और सपा ने मुसलमानों के लिए कुछ नहीं किया, भाजपा की राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत और दिल्ली में गैंगवार आदि खबरों को अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान अख़बार ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कोर्ट से राहत नहीं मिलने की ख़बर को अपनी पहली सुर्खी बनाया है. केजरीवाल के अनियंत्रित मधुमेह के लिए राउज ऐवन्यू कोर्ट ने केजरीवाल के निजी चिकित्सक से सलाह लेने की याचिका को खारिज कर दिया है. हालांकि कोर्ट ने एम्स को डॉक्टरों की एक टीम बनाने का निर्देश दिया है जो केजरीवाल की स्वास्थ्य स्थिति की देखरेख करेगी.
कांग्रेस के घोषणापत्र पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में नई सियासी बहस शुरू होने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने घोषणापत्र के साथ प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा है. साथ ही घोषणापत्र पर प्रधानमंत्री के आरोपों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए चुनाव आयोग में शिकायत की है. वहीं प्रधानमंत्री ने संपत्ति संबंधी आरोप फिर से दोहराया है.
इसके अलावा बंगाल में स्कूल शिक्षकों की भर्ती रद्द होने, डी. गुकेश द्वारा शतरंज टूर्नामेंट जीतने और दुष्कर्म पीड़िता को 30 हफ्ते का गर्भ गिराने की सुप्रीम कोर्ट की अनुमति आदि ख़बरों को अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने प्रधानमंत्री मोदी की अलीगढ़ में हुई चुनावी सभा को पहली सुर्खी बनाया है. प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के घोषणापत्र में लोगों की संपत्ति का ब्यौरा लेकर पुनर्वितरण करने के आरोप को दोहराया. उन्होंने कांग्रेस पर माओवादी विचार थोपने का आरोप लगाया. वहीं दूसरी ओर मुस्लिम मतदाताओं से सरकार द्वारा किए कामों में तीन तलाक खत्म करने और हज सब्सिडी बढ़ाने की बात कही.
प्रधानमंत्री के राजस्थान में दिए भाषण पर चुनाव आयोग ने कोई टिप्पणी करने से इनकार करने की ख़बर को भी अख़बर ने प्रमुखता से छापा है. ख़बर के अनुसार, चुनाव आयोग के प्रवक्ता ने कोई भी टिप्पणी करने से मना कर दिया. प्रधानमंत्री ने भाषण में कहा था कि कांग्रेस अगर सत्ता में आई तो लोगों की संपत्ति मुसलमानों में बांट देगी.
इसके अलावा बंगाल के विद्यालयों में 25,753 पदों पर नियुक्ति रद्द किए जाने, मुख्यमंत्री केजरीवाल की स्वास्थ्य के लिए मेडिकल कमेटी के गठन का कोर्ट द्वारा आदेश, सूरत में भाजपा के निर्विरोध जीतने और गुकेश के शतरंज प्रतियोगिता जीतने आदि खबरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
पंजाब केसरी अख़बार ने प्रधानमंत्री के बयान पर सियासत गरम होने की खब़र को अपनी पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के राजस्थान में दिए बयान पर चुनाव आयोग से शिकायत की है. कांग्रेस ने प्रधानमंत्री पर ‘दुर्भावनापूर्ण और विभाजनकारी’ बयान देने के लिए आयोग से ठोस कार्रवाई की मांग की है. कांग्रेस ने बयान को पद की गरिमा के प्रतिकूल भी बताया.
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने एक बलात्कार पीड़िता के 30 हफ्ते के गर्भपात की अनुमति को भी प्रमुखता से छापा है. कोर्ट ने 19 अप्रैल को पीड़िता की मेडिकल जांच करवाने का आदेश दिया था. मेडिकल रिपोर्ट में साफ तौर पर कहा गया था कि गर्भ को जारी रखना पीड़िता के लिए शारीरिक और मानसिक परेशानी का सबब बन सकता है.
इसके अलावा भाजपा द्वारा सूरत लोकसभा सीट निर्विरोध जीतने और बंगाल में 25 हजार पदों पर नियुक्ति रद्द होने की ख़बर को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
CBD COP17: Why digital genetic data debate matters to India’s farmers and researchers
-
The path of Cyclone Arnab went through India’s plans for data centres and future growth