Khabar Baazi
रोज़नामचा: जेल में आलू-पूरी खा रहे केजरीवाल और 21 राज्यों की 102 सीटों पर पहले चरण का मतदान आज
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. किसी ने अरविंद केजरीवाल द्वारा जेल में जानबूझकर मीठी और शुगर लेवल बढ़ाए जाने वाली चीजें खाने तो किसी ने लोकसभा चुनावों के पहले चरण के लिए 21 राज्यों की 102 सीटों पर मतदान होने को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
अमर उजाला अखबार ने भी आज होने वाले पहले चरण के लोकसभा चुनावों को अपनी पहली खबर बनाया है. खबर के मुताबिक, आज 21 राज्यों की 102 सीटों पर मतदान होना है. कुल 16.63 करोड़ मतदाता आज वोट देने वाले हैं. वहीं, प्रत्याशियों की कुल संख्या 1625 है. आज 18 लाख मतदानकर्मी कुल 1.87 लाख मतदान केंद्रों पर तैनात होंगे. उत्तर प्रदेश की 8, उत्तराखंड के सभी 5 और तमिलनाडु के सभी 39 सीटों पर आज मतदान होगा.
ईवीएम के वीवीपैट से 100 प्रतिशत मिलान किये जाने की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा सुनवाई के बाद फैसले सुरक्षित रख लिए जाने की ख़बर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. खबर के मुताबिक, कोर्ट में मामले की सुनवाई का कल दूसरा दिन था. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने याचिकाकर्ता से हर चीज पर संदेह न करने को कहा है. साथ ही कोर्ट ने किसी भी तरह की आशंका को दूर करने की जरूरत पर भी बल दिया.
इसके अलावा निर्भय क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण, ईडी द्वारा कोर्ट को स्वास्थ्य कारणों से जमानत लेने के लिए केजरीवाल खा रहे आम और मिठाई की सूचना दिए जाने और आप नेता अमानतुल्लाह से ईडी की 13 घंटे की पूछताछ आदि की खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अखबार ने आज लोकसभा चुनाव के पहले चरण में होने वाले मतदान को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, आज 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 102 सीटों पर मतदान होना है. इसमें से 73 सामान्य सीट हैं जबकि 18 अनुसूचित जाति और 11 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटें हैं. आज तमिलनाडु, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, अंडमान निकोबार, लक्षद्वीप और पुद्दुचेरी की सभी सीटों पर पहले चरण में ही मतदान हो जाएगा. इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में विधानसभा चुनाव भी आज ही होना है.
ईवीएम के वीवीपैट से 100 फीसदी मिलान कराए जाने संबंधी याचिका की सुनवाई को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. खबर के मुताबिक, कल सुप्रीम कोर्ट में याचिका पर सुनवाई का दूसरा दिन था. सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि वोट पड़ने की बढ़ती संख्या से यह पता लगता है कि लोगों का भरोसा व्यवस्था में है. साथ ही कोर्ट ने मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया. जिसे आज सुनाया जाना है.
इसके अलावा ईरान में इजरायली जहाज से भारतीय महिला को वापस लाने, ईडी द्वारा दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट को अरविंद केजरीवाल के हाई शुगर लेवल के बावजूद मिठाई खाने और आप नेता अमानतुल्लाह से ईडी की पूछताछ आदि खबरों को पहले पन्ने पर प्रकाशित किया है.
हिंदुस्तान अखबार ने पहले चरण के मतदान की खबर को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, आज 21 राज्यों में 1625 उम्मीदवारों का भविष्य मतदाता तय करेंगे. 16 करोड़ से भी अधिक मतदाता आज मतदान करेंगे. वहीं, 18 लाख मतदानकर्मी कुल 1.87 लाख मतदान केंद्रों पर तैनात होंगे. आज के चुनाव में 8 केन्द्रीय मंत्री और 2 पूर्व मुख्यमंत्री उम्मीदवार हैं. इसमें नितिन गडकरी, किरण रिजिजू, सर्वानंद सोनोवाल, संजीव बालियान और जितेंद्र सिंह आदि शामिल हैं.
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल में आहार चार्ट के जांच किए जाने को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. खबर के मुताबिक, ईडी ने राउज ऐवन्यू कोर्ट को कल बताया कि स्वास्थ्य आधार पर जमानत लेने के लिए टाइप-2 मधुमेह होने के बाद भी केजरीवाल हाई शुगर वाला आहार ले रहे हैं. इस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने तिहाड़ जेल से केजरीवाल के आहार चार्ट की मांग की है.
इसके अलावा अखबार ने आप विधायक अमानतुल्लाह को गिरफ्तार किए जाने, बंगाल में हिंसा पर सियासत और शंभू बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन से ट्रेनें प्रभावित होने आदि खबरों को अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अखबार ने वीवीपैट और ईवीएम के 100 प्रतिशत मिलान के मामले की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, कोर्ट में चुनाव आयोग ने माना कि ईवीएम से छेड़छाड़ नहीं किया जा सकता. हालांकि, मानवीय त्रुटि की संभावना है. इसके अलावा याचिकाकर्ताओं से कोर्ट ने कहा कि सभी पहलुओं पर आलोचनात्मक होने की जरूरत नहीं है बल्कि प्रश्न सिर्फ जनता के विश्वास का है.
जेल में मुख्यमंत्री केजरीवाल के मीठा खाकर शुगर लेवल बढ़ाए जाने की ईडी द्वारा कोर्ट को दी गई सूचना को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. खबर के मुताबिक, ईडी ने कोर्ट को बताया कि केजरीवाल जेल में मिठाई, आम, आलू-पूरी खा रहे हैं. स्वास्थ्य आधार पर जमानत लेने के लिए ऐसा करके वह अपना शुगर लेवल बढ़ा रहे हैं.
इसके अलावा हरियाणा में किसानों का धरना प्रदर्शन, पहले चरण के लोकसभा चुनाव आज और बंगाल के राज्यपाल ने चुनाव आयोग के कहने पर कूच बिहार का दौरा किया रद्द आदि खबरों को अखबार ने पहले पन्ने पर प्रकाशित किया है.
आम चुनावों का ऐलान हो चुका है. एक बार फिर न्यूज़लॉन्ड्री और द न्यूज़ मिनट के पास उन मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए सेना प्रोजेक्ट्स हैं, जो वास्तव में आपके लिए मायने रखते हैं. यहां क्लिक करके हमारे किसी एक सेना प्रोजेक्ट को चुनें, जिसे समर्थन देना चाहते हैं.
Also Read
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
Censorship, arrests, internet shutdown, PR campaign: How Arunachal is trying to control the Siang dam narrative
-
Uttarakhand SIR: 2,700+ names deleted in Gadarpur on objections filed by poll officers after the deadline
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions