Khabar Baazi
रोज़नामचा: प्रधानमंत्री मोदी का चुनावी इंटरव्यू और केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं
हिन्दी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. किसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी साक्षात्कार को तो किसी ने अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण अख़बार ने एएनआई को दिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साक्षात्कार को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उसे सनातन विरोधी बताया. इसके अलावा केंद्रीय एजेंसियों द्वारा विपक्ष पर करवाई करने के आरोप पर उन्होंने कहा कि सिर्फ 3 प्रतिशत मामले नेताओं के खिलाफ हैं बाकी के 97 प्रतिशत का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है.
मुख्यमंत्री केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने की खबर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. खबर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल की गिरफ़्तारी को चुनौती देने वाली याचिका स्वीकार करते हुए ईडी को नोटिस जारी तो किया लेकिन चुनाव प्रचार में भाग लेने के लिए सुनवाई 19 अप्रैल को करने से मना कर दिया. कोर्ट ने 29 अप्रैल को सुनवाई की अगली तारीख दी है.
इसके अलावा चुनाव आयोग द्वारा हर दिन 100 करोड़ के नकदी, ड्रग्स, आभूषण आदि जब्त किये जाने की ख़बर को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अखबार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साक्षात्कार को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने इलेक्टोरल बॉन्ड पर विपक्ष पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि बॉन्ड का उद्देश्य चुनाव में कालेधन के प्रयोग को रोकना था. अगर बॉन्ड नहीं होते तो पता कैसे चलता कि किसने-कितना पैसा दिया. इसके अलावा उन्होंने राम मंदिर पर राजनीति करने का आरोप विपक्ष पर लगाया.
अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट के तुरंत सुनवाई करने से इनकार करने को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. खबर के मुताबिक, केजरीवाल की तरफ से तत्काल 19 अप्रैल को सुनवाई करने की मांग की गई. इस पर कोर्ट ने मना कर दिया और 24 अप्रैल तक ईडी को जवाब देने का आदेश दिया. मामले की अगली सुनवाई 29 अप्रैल को रखी गई है.
इसके अलावा न्यायपालिका को हमलों से बचाने के लिए पूर्व न्यायाधीशों का मुख्य न्यायाधीश चंद्रचूड़ को लिखा पत्र, ग्राहकों को कर्ज देते समय सभी सूचनाएं देने का बैंकों को आरबीआई का दिशानिर्देश और चुनाव आयोग द्वारा की जा रही हर दिन 100 करोड़ की जब्ती आदि को अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान अखबार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एएनआई को दिए साक्षात्कार को अपनी पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके फैसले लोगों को डराने के लिए नहीं होते हैं. उनके फैसले देश का विकास करने के लिए हैं. साथ ही उन्होंने ईडी और सीबीआई के काम को सराहा. इसके अलावा उन्होंने विपक्ष के हाथ से राम मंदिर का मुद्दा निकल जाने की बात कही.
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की हिरासत बढ़ने की खबर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. खबर के मुताबिक, राउज ऐवन्यू कोर्ट ने कल केजरीवाल की न्यायिक हिरासत को 23 अप्रैल तक बढ़ा दिया. विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा के न्यायालय में केजरीवाल को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पेश किया गया था. इस मामले में ईडी ने आम आदमी पार्टी गोवा के फंड मैनेजर को भी गिरफ्तार किया है.
इसके अलावा मथुरा ईदगाह परिसर में सर्वे पर सुप्रीम कोर्ट की रोक और अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी में गुरुग्राम के युवक के शामिल होने की ख़बर को अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अखबार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एएनआई को दिए साक्षात्कार को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने चुनावी बॉन्ड खत्म होने पर विपक्ष पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने ये कहा कि चुनाव वापस कालेधन की चपेट में चला गया है. उन्होंने चुनावी बॉन्ड की सफलता बताते हुए कहा कि चुनावी बॉन्ड से ही हमें यह पता चलता है कि पैसा कहां से आया और कहां गया.
मणिपुर में कुकी समुदाय के चुनाव बहिष्कार किए जाने की ख़बर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, कुकी समुदाय में यह रोष महीनों से चल रही जातीय हिंसा के कारण उपजा है. उन्होंने इसके प्रतिरोध में ‘न्याय नहीं तो वोट नहीं’ का आह्वान किया. उन्होंने घोषणा किया कि वे विरोध स्वरूप चुनाव में कोई उम्मीदवार नहीं उतार रहे हैं.
इसके अलावा 23 अप्रैल तक केजरीवाल की हिरासत बढ़ने, मानसून में सामान्य से ज्यादा बारिश होने, तमिलनाडु में राहुल गांधी के हेलिकाप्टर की तलाशी लिए जाने और सब्जियों व कच्चे तेल की कीमत बढ़ने से थोक महंगाई में इजाफा होने आदि खबरों को अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
आम चुनावों का ऐलान हो चुका है. एक बार फिर न्यूज़लॉन्ड्री और द न्यूज़ मिनट के पास उन मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए सेना प्रोजेक्ट्स हैं, जो वास्तव में आपके लिए मायने रखते हैं. यहां क्लिक करके हमारे किसी एक सेना प्रोजेक्ट को चुनें, जिसे समर्थन देना चाहते हैं.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
उत्तराखंड: समय-सीमा खत्म होने के बाद चुनाव अधिकारियों ने दर्ज की 2 हजार से ज्यादा आपत्तियां