Khabar Baazi
रोज़नामचा: पीएम मोदी का खड़गे पर निशाना और एनआईए अधिकारियों पर एफआईआर
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. कुछ अखबारों ने प्रधानमंत्री मोदी की बंगाल और बिहार की रैलियों को तो कुछ ने कांग्रेस द्वारा मोदी सरकार पर किए गए हमले को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण अख़बार ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर हमले किए जाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, पीएम मोदी ने रविवार को पहले बिहार के नवादा और बाद में बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में रैली की. इस दौरान उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे के 370 वाले बयान को आधार बनाकर कहा कि अब वे टुकड़े–टुकड़े गैंग के लोगों की भाषा बोलने लगे हैं. बंगाल में उन्होंने कहा कि अगर सत्ता में फिर से आते हैं तो शिक्षक घोटाले में चोरी हुए गरीबों के पैसे लौटाएंगे.
बंगाल पुलिस के एनआईए के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, बंगाल पुलिस ने भूपतिनगर में एनआईए के अधिकारियों के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है. इससे पहले एनआईए की टीम तृणमूल कांग्रेस के दो नेताओं को गिरफ्तार करने पहुंची थी, जिसपर भूपतिनगर में स्थानीय लोगों ने हमला किया था.
इसके अलावा अखिलेश ने माफिया मुख्तार को बताया जनसेवक, फ्रीज और स्मार्ट टीवी की रसीद ने बढ़ाईं हेमंत सोरेन की मुश्किल, प्रशांत किशोर ने कहा– कांग्रेस को अपेक्षित परिणाम न मिले तो राहुल को पीछे हट जाना चाहिए आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिन्दुस्तान अख़बार ने पीएम मोदी द्वारा ममता सरकार पर हमला किए जाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में रैली की. अपने भाषण में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार और हिंसा का खुला लाइसेंस चाहती है. तृणमूल कानून और संविधान को कुचलने वाली पार्टी है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा मोदी सरकार पर हमला किए जाने की ख़बर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, रविवार को खड़गे ने कहा कि मौजूदा सरकार ने युवाओं पर बेरोजगारी थोपी है. कांग्रेस ’पहली नौकरी गारंटी’ के तहत युवाओं के करियर के लिए विकास के रास्ते खोलेगी. इस चुनाव में बेरोजगारी ही सबसे बड़ा मुद्दा है.
इसके अलावा अनंतनाग में गुलाम नबी आजाद के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी महबूबा मुफ्ती, ममता बनर्जी ने कहा– केंद्रीय एजेंसियां धमका रहीं हैं, एनआईए ने कहा– बिना उकसाए लोगों ने हमला किया था आदि खबरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने पीएम मोदी द्वारा धारा 370 को लेकर कांग्रेस पर किए गए हमले को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को 370 जैसा नासूर दिया था, जिसे हमारी मजबूत सरकार ने समाप्त कर दिया. इस बात पर कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि बाकी राज्यों का कश्मीर से कोई लेना–देना नहीं है. यह टुकड़े–टुकड़े गैंग की भाषा है.
लद्दाख में सेना द्वारा बर्फबारी में फंसे 80 लोगों को बचाए जाने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, करीब 17,000 फीट को ऊंचाई पर लेह और श्योक घाटी के बीच 80 लोग फंस गए थे, जिन्हें सेना ने सुरक्षित बाहर निकाला. शनिवार–रविवार आधी रात को सेना को घटना की सूचना मिली थी.
इसके अलावा पाकिस्तान के तीन आतंकियों की करोड़ों की संपत्ति कुर्क, एनआईए ने कहा– भीड़ ने जांच में बाधा डालने के लिए किया हमला, आठ राज्य लू की चपेट में आदि ख़बरों को अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी.
जनसत्ता अख़बार ने भी प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे को निशाना बनाए जाने की ख़बर को ही पहली सुर्खी के रूप में चुना है. बिहार के नवादा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा जम्मू-कश्मीर पर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी मानसिकता टुकड़े-टुकड़े गैंग की है. उन्होंने कांग्रेस पर देश को तोड़ने का आरोप लगाया. मोदी ने बिहार में विपक्ष के उम्मीदवार तय न कर पाने की भी बात कही.
पश्चिम बंगाल में एनआईए पर दर्ज हुए छेड़छाड़ के मामले को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया. ख़बर के मुताबिक, एनआईए के अधिकारी पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले में दिसंबर 2022 में हुए एक विस्फोट की जांच कर रहे थे जब उनपर हमला हुआ. घटना के थोड़ी देर बाद ही उनपर छेड़छाड़ का मामला पहले ही गिरफ्तार स्थानीय नेता मनोब्रत जाना की पत्नी ने दर्ज कराया.
इसके अलावा तमिलनाडु में चुनावी उड़नदस्ते द्वारा तीन लोगों से चार करोड़ रुपए जब्त करने, दिल्ली के तीमारपुर में किशोरों के बीच हुई झड़प में एक युवक की हुई चाकू मारकर हत्या और कश्मीर के अनंतनाग-राजौरी सीट पर महबूबा मुफ्ती के गुलाम नबी आजाद के खिलाफ पर्चा भरने आदि ख़बरों को अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी.
दैनिक भास्कर अख़बार ने चुनावी साल में विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से आम जनता की जेब में आए पैसों से बाजार पर पड़ने वाले प्रभावों को सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, विभिन्न सरकारी योजनाएं जैसे एमएसपी, या डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर योजनाओं के माध्यम से लोगों के पास 12.5 लाख करोड़ रुपए आए हैं. इससे लोग अपने खर्चे को बढ़ाएंगे. इसके अलावा चुनाव में विभिन्न दल भी पैसे खर्च करेंगे. इससे बाजार में भी बढ़त होगी.
इस साल भारत में इलाज के लिए आने वाले ब्रिटिश नागरिकों की अनुमानित संख्या पर भी अख़बार ने प्रमुखता से छापा है. ख़बर के मुताबिक, ब्रिटेन में डॉक्टरों की कमी और हड़ताल की वजह से मरीजों की प्रतीक्षा सूची बढ़ती जा रही है. जिसके कारण मरीज सस्ते विकल्प के तौर पर भारत को चुन रहे हैं. खबर के अनुसार अनुमानतः 12000 ब्रिटिश मरीज इलाज कराने भारत आएंगे.
इसके अलावा, केंद्र सरकार द्वारा ढुलाई और यात्रा के लिए एक अलग मंत्रालय बनाने की ख़बर को अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
उत्तराखंड: समय-सीमा खत्म होने के बाद चुनाव अधिकारियों ने दर्ज की 2 हजार से ज्यादा आपत्तियां