Khabar Baazi
रोज़नामचा: दिल्ली में विपक्षी गठबंधन की महारैली और मेरठ में पीएम मोदी की सभा
लोकसभा चुनाव जैसे- जैसे नजदीक आ रहे हैं वैसे ही पार्टियों ने रैली और सभाओं का दायरा बढ़ा दिया है. इसी क्रम में रविवार को दो बड़ी रैली हुईं. इसी के मद्देनजर हिंदी के ज्यादातर प्रमुख अख़बारों ने आज दिल्ली में हुई इंडिया गठबंधन की रैली और मेरठ में हुई पीएम मोदी की रैली को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण अख़बार ने दिल्ली में विपक्ष की महारैली और मेरठ में प्रधानमंत्री मोदी की रैली को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, विपक्षी नेताओं ने एक स्वर में मोदी सरकार पर ’मैच फिक्सिंग’ का आरोप लगाया. उन्होंने केजरीवाल के साथ–साथ हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और कांग्रेस के खाते फ्रीज होने का मुद्दा भी उठाया. वहीं पीएम मोदी ने मेरठ में कहा कि वो लोग कहते हैं भ्रष्टाचारी बचाओ, मैं कहता हूं भ्रष्टाचारी हटाओ. उन्होंने कहा– भ्रष्टाचारियों के द्वारा गरीबों के 17 हजार करोड़ रुपए लौटाए जा चुके हैं.
आयकर विभाग के नए नोटिस से कांग्रेस को देनदारी बढ़ने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, आयकर विभाग द्वारा इस नोटिस में वित्त वर्ष 2014–15 से 2016–17 तक के लिए करीब 1,745 करोड़ रुपए की मांग की गई है. कांग्रेस ने इसे सरकार का ’टैक्स आतंकवाद’ बताया था.
इसके अलावा मुख्तार अंसारी के जनाजे में नारेबाजी करने वाले किए जा रहे चिन्हित, अमित शाह ने कहा– काम के दम पर फिर बनेगी सरकार, सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा– शादी करनी है तो चुनाव से पहले कर लें अजमल, पूरे देश में कच्चातिवु द्वीप बनेगा भाजपा का चुनावी मुद्दा और पालिसी से लेकर दवाओं की कीमत में आज से होंगे बदलाव आदि खब़रों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिन्दुस्तान अख़बार का जैकेट पन्ना विपक्षी गठबंधन की दिल्ली और पीएम मोदी की मेरठ में हुई रैली के नाम रहा. वहीं अंदर के पहले पन्ने पर ईडी के आरोपपत्र दायर करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया गया है. खबर के मुताबिक, ईडी ने कहा कि आयकर विभाग और केंद्रीय जांच आयोग ने भी आम आदमी पार्टी को आरोपी माना है. ईडी ने आप पर 45 करोड़ की रिश्वत लेकर गोवा चुनाव लड़ने का आरोप लगाया है जिसकी जांच जारी है. आप ने सभी आरोपों को खारिज किया है.
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा कर्ज देने वाली कंपनियों पर सख्ती करने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता से छापा है. ख़बर के मुताबिक, भारतीय रिजर्व बैंक साइबर धोखधड़ी पर रोक लगाने के लिए डिजिटल इंडिया ट्रस्ट एजेंसी के गठन पर विचार कर रहा है. उक्त एजेंसी की मंजूरी के बाद ही ऑनलाइन एप कंपनियां कर्ज दे पाएंगी.
इसके अलावा गरीब रथ में थर्ड एसी इकोनॉमी कोच लगाए जाएंगे, हरियाणा में गैंगस्टर के रिश्तेदारों की संपत्ति कुर्क, ममता ने कहा– बंगाल में सीएए मंजूर नहीं आदि खबरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए विपक्ष की महारैली की ख़बर को ही पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, विपक्षी दलों के नेताओं ने सत्ताधारी दल के ’400 पार’ के नारे पर हमले किए और ’मैच फिक्सिंग’ की शंका जताई. रैली का नाम रखा गया था “लोकतंत्र बचाओ महारैली.” रैली मेंं विपक्ष के नेताओं की गिरफ्तारी और कांग्रेस को आयकर विभाग के नोटिस से जुड़े मामले पर भी सवाल उठाए गए.
प्रधानमंत्री मोदी की मेरठ रैली की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, पीएम मोदी ने मेरठ से चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि 2024 का जनादेश भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाएगा. सरकार को तीसरे कार्यकाल में क्या-क्या काम करने हैं, उनकी तैयारियां अभी से शुरू भी हो गईं हैं. पीएम ने कहा– भ्रष्टाचारी कितना ही बड़ा क्यों न हो, उसके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी.
इसके अलावा कांग्रेस को चुकाने होंगे कुल 3,567 करोड़ रुपए, सीबीआई का दावा– गोवा में आप की ’रिश्वत’ राशि का हुआ इस्तेमाल, ज्ञानवापी मस्जिद कमिटी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज आदि खबरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने प्रधानमंत्री मोदी की मेरठ रैली में दिए गए भाषण को पहली सुर्खी बनाया है. लिखा है, पीएम मोदी ने चौधरी चरण सिंह गौरव सम्मान सभा से 2024 लोकसभा चुनाव अभियान की शुरआत की. पीएम ने कहा, “विपक्षी नेताओं के मेरे खिलाफ बोलने से भ्रष्टाचारियों के खिलाफ लड़ाई बंद नहीं होगी. कांग्रेस ने कभी चौधरी चरण सिंह का सम्मान नहीं किया.”
दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की ’लोकतंत्र बचाओ महारैली’ की ख़बर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, विपक्षी इंडिया गठबंधन के 28 घटक दलों के नेता रैली में मौजूद थे. राहुल गांधी ने कहा, “मैच फिक्सिंग, विपक्षी नेताओं पर दबाव और बिकाऊ मीडिया के बिना भाजपा 180 सीटें भी नहीं जीत पाएगी.”
इसके अलावा आडवाणी को घर जाकर राष्ट्रपति मुर्मू ने किया भारत रत्न से सम्मानित, पीएम ने कहा– चुनावी बॉन्ड के खिलाफ जो नाच रहे हैं वो पछताएंगे, बंगाल समेत पांच राज्यों में तूफान ने मचाई तबाही आदि खबरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी.
दैनिक भास्कर अख़बार ने केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल के कथन को पहली सुर्खी बनाया. केजरीवाल की पत्नी ने कहा कि केजरीवाल शेर हैं, वे ज्यादा दिन तक उन्हें जेल में नहीं रख पाएंगे. उन्होंने केजरीवाल का भेजा संदेश पढ़ा और कहा कि सरकार में आएंगे तो 6 गारंटियां पूरी करेंगे और दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देंगे.
दिल्ली के बुराड़ी में आईजीएल पाइपलाइन फटने से एक की मौत और एक के घायल होने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता से छापा है. ख़बर के मुताबिक, शनिवार रात 10:53 मिनट पर प्रदीप विहार इब्राहिम पुर में आईजीएल की गैस पाइपलाइन में आग लग गई थी. घटना में घायल हुए प्रवीन की मौत हो गई और राजकुमार का एलएनजेपी में इलाज चल रहा है.
इसके अलावा लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा दिल्ली में चलाएगी संपर्क अभियान, पांडव नगर में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी के घर के बाहर प्रदर्शन और फांसी की मांग, फर्जी डॉक्टर बन शादी का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरफ्तार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी.
Also Read
-
Awadh ground report: UP’s swing voters speak, from Mohanlalganj to Ayodhya
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
From Sittilingi to Sijimali: The doctor Odisha police arrested over anti-mining agitation
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
After Uttarakhand, it’s MP: CM Yadav spent Rs 230 cr to sell a Rs 30 lakh cr ‘MoU’ mirage