Khabar Baazi
रोज़नामचा: केजरीवाल को कोर्ट से राहत नहीं, चुनाव आयोग से सुप्रिया और घोष को नोटिस
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. कुछ अखबारों ने दिल्ली हाईकोर्ट से अरविंद केजरीवाल को राहत नहीं मिलने तो कुछ ने चुनाव आयोग द्वारा सुप्रिया श्रीनेत और दिलीप घोष को नोटिस जारी किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण अखबार ने दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) विनय सक्सेना के एक कथन को पहली सुर्खी बनाया है. एलजी ने कहा कि दिल्ली की सरकार जेल से नहीं चलेगी. खबर के मुताबिक, एलजी ने कहा कि राजभवन दिल्ली सरकार के कामों पर पैनी नजर बनाए हुए है. उन्होंने दिल्ली की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि दिल्ली की सरकार जेल से नहीं चलेगी और इस दिशा में काम करना शुरू भी कर दिया गया है.
शिवसेना (उद्धव) द्वारा लोकसभा के लिए 17 प्रत्याशियों की सूची जारी करने की खबर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. खबर के मुताबिक, कांग्रेस और शिवसेना उद्धव गुट में सांगली और भिवंडी सीट को लेकर बात नहीं बन रही थी. दोनों ही दल शरद पवार के माध्यम से समझौते का प्रयास कर रहे थे. सूची जारी किए जाने के बाद कांग्रेस, शिवसेना पर गठबंधन धर्म का पालन न करने का आरोप लगा रही है.
इसके अलावा महिलाओं पर अशोभनीय टिप्पणी के लिए कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत व भाजपा नेता दिलीप घोष को नोटिस, सनराइजर्स हैदराबाद ने बनाया आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर, छत्तीसगढ़ में तीन ग्रामीणों को हत्या के आरोपित सहित छह नक्सली ढेर आदि खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान अखबार ने महाराष्ट्र में मतभेद बढ़ने और बिहार में खींचतान जारी रहने की खबर को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, शिवसेना (यूबीटी) ने लोकसभा चुनाव के लिए अपनी 17 प्रत्याशियों की जो सूची जारी की है, उसमें उन सीटों पर भी उम्मीदवार उतारे गए हैं, जिनकी मांग कांग्रेस कर रही थी. सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार ने भी इसपर नाराजगी जताई है. कांग्रेस के विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट ने शिवसेना (यूबीटी) को इसपर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है.
अशोभनीय टिप्पणियों के लिए सुप्रिया श्रीनेत और दिलीप घोष को चुनाव आयोग द्वारा नोटिस जारी करने की ख़बर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. खबर के मुताबिक, बुधवार को निर्वाचन आयोग ने दोनों नेताओं को महिलाओं के खिलाफ टिप्पणी करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया. आयोग ने दोनों से 29 मार्च शाम 5 बजे तक जवाब मांगा. आयोग ने दोनों टिप्पणियों को प्रथम दृष्ट्या आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना है.
इसके अलावा केरल के मुख्यमंत्री की बेटी पर ईडी का मुकदमा, महुआ मोइत्रा भी तलब, रूस–यूक्रेन युद्ध में गए भारतीय जल्द वापस आएंगे एक्सप्रेसवे–एनएच पर एक अप्रैल से सफर महंगा होगा आदि खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अखबार ने केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अमेरिका की टिप्पणी मामले में अमेरिकी वरिष्ठ राजनयिक को तलब करके विरोध जताने की खबर को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, अमेरिका के विदेश विभाग के एक अधिकारी की केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर की गई टिप्पणी पर भारत ने अमेरिकी मिशन की कार्यवाहक उपप्रमुख ग्लोरिया बर्बेना को तलब किया. यह बैठक 30 मिनट से ज्यादा देर तक चली.
दिल्ली के एलजी विनय सक्सेना के कथन को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. एलजी ने कहा कि दिल्ली सरकार जेल से नहीं चलाई जाएगी. खबर के मुताबिक, दिल्ली के एलजी ने आप नेताओं के केजरीवाल के इस्तीफा न देने वाले बयानों की पृष्ठभूमि में यह बात कही. दिल्ली के मुख्यमंत्री 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में हैं.
इसके अलावा सुनीता केजरीवाल ने कहा– मेरे पति आज अदालत में करेंगे बड़ा खुलासा, विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा– वर्ष 2020 में भारत–चीन सीमा पर हुआ था रक्तपात, निर्मला सीतारमण ने कहा– चुनाव लड़ने के लिए मेरे पास पैसे नहीं हैं आदि खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी.
अमर उजाला अखबार ने कोर्ट से केजरीवाल को राहत न मिलने और एलजी के जेल से सरकार न चलाने देने के बयान को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, कथित शराब घोटाले मामले में गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री को अदालत से झटका लगा है. दिल्ली हाईकोर्ट ने केजरीवाल को ईडी की कार्रवाई से राहत देने से मना कर दिया है. वहीं, ईडी को नोटिस दे कर 2 अप्रैल तक जवाब मांगा है. जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की बेंच ने कहा कि मामले को आगे स्थगित नहीं किया जाएगा और अंतिम निपटारे के लिए 3 अप्रैल को सुना जाएगा.
विवादित बोल के लिए सुप्रिया श्रीनेत और दिलीप घोष को निर्वाचन आयोग के नोटिस की खबर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. खबर के मुताबिक, दोनों नेताओं की टिप्पणियों को निर्वाचन आयोग ने आदर्श आचार संहिता और चुनाव प्रचार के दौरान राजनैतिक दलों को गरिमा बनाए रखने की सलाह का उल्लंघन माना है. इसपर कारण बताओ नोटिस जारी करके 29 मार्च की शाम तक जवाब मांगा गया है.
इसके अलावा कोलकाता हवाई अड्डे पर टकराए दो विमान, नोएडा का सीए 168 करोड़ की फर्जी बैंक गारंटी में गिरफ्तार, पूर्व आईपीएस संजीव भट्ट ड्रग्स जब्ती में दोषी करार आदि खबरों को भी पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अखबार ने दिल्ली हाईकोर्ट से अरविंद केजरीवाल का राहत नहीं मिलने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, आबकारी नीति मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार केजरीवाल ने हाईकोर्ट का रुख किया था. जिस पर कोर्ट ने सुनवाई के बाद फौरी राहत देने से इनकार कर दिया. कोर्ट ने कहा कि मामले में आखिरी सुनवाई 3 अप्रैल को होगी.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा जम्मू-कश्मीर से जल्द सेना वापस बुलाए जाने और अफस्पा हटाए जाने के ऐलान को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार जल्द ही जम्मू-कश्मीर की कानून व्यवस्था पुलिस पर छोड़ने का मन बना रही है.
इसके अलावा महुआ मोइत्रा को ईडी ने जारी किया तीसरा समन, ब्रेन सर्जरी के बाद सदगुरु को मिली अस्पताल से छुट्टी और कोलकाता हवाई अड्डे पर आपस में टकराए दो विमान आदि ख़बरों को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है.
आम चुनावों का ऐलान हो चुका है. एक बार फिर न्यूज़लॉन्ड्री और द न्यूज़ मिनट के पास उन मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए सेना प्रोजेक्ट्स हैं, जो वास्तव में आपके लिए मायने रखते हैं. यहां क्लिक करके हमारे किसी एक सेना प्रोजेक्ट को चुनें, जिसे समर्थन देना चाहते हैं.
Also Read
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
Hafta letters: NL’s coverage of SIR protest, question for Anand and violence in Manipur