Khabar Baazi
रोज़नामचा: हिरासत से केजरीवाल के आदेश पर हंगामा और ममता, कंगना पर बयानों से बखेड़ा
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. कुछ अखबारों ने ईडी की हिरासत से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा आदेश जारी करने तो तो कुछ ने कंगना रनौत और ममता बनर्जी पर दिए बयानों से पैदा हुए विवाद को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अखबार ने हिरासत से अरविंद केजरीवाल द्वारा दूसरा आदेश जारी करने पर हुए राजनैतिक घमासान को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की. वहीं, दूसरी तरफ भाजपा ने मुख्यमंत्री केजरीवाल से इस्तीफे को मांग की. दोनों ही प्रदर्शनों में पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया. इस घमासान के बीच अरविंद केजरीवाल द्वारा जारी दूसरे आदेश ने सियासी आंच को और तेज कर दिया.
कंगना पर आपत्तिजनक पोस्ट से भाजपा में आक्रोश की ख़बर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया. खबर के मुताबिक, भाजपा ने कथित आपत्तिजनक पोस्ट की कानूनी समीक्षा की मांग की है. राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी बयान की निंदा की है. वहीं, कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने सफाई देते हुए कहा कि किसी अन्य शख्स ने उनके सोशल मीडिया हैंडल से यह टिप्पणियां की हैं, वह इसका पता लगा रही हैं.
इसके अलावा पाकिस्तान में छह चीनी इंजीनियरों की धमाके में मौत, पंजाब में सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी भाजपा, बीजिंग को पछाड़ मुंबई बनी धनकुबेरों की नगरी आदि खबरों को अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अखबार ने कंगना और ममता पर दिए गए बयानों से बखेड़ा खड़ा होने की खबर को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और एच.एस. अहीर के आपत्तिजनक पोस्ट पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने महिला सम्मान और गरिमा के विरुद्ध बताते हुए शिकायत दर्ज करवाई है. उधर, भाजपा नेता और सांसद दिलीप घोष का एक वीडियो सामने आया. जिसमें वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पारिवारिक पृष्ठभूमि का मजाक उड़ाते नजर आ रहे हैं. तृणमूल कांग्रेस ने इसकी कड़ी निंदा की.
केंद्रीय मंत्री अमित शाह द्वारा जम्मू-कश्मीर में सितंबर के आखिर तक चुनाव करवाए जाने की घोषणा को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. खबर के मुताबिक, चुनाव के बाद प्रदेश में सुरक्षाबलों को योजनाबद्ध तरीके से घटाने का काम शुरू होगा. कानून व्यवस्था से लेकर आतंक के मुद्दों पर अब जम्मू-कश्मीर पुलिस आगे रहेगी. सितंबर 2024 के अंत तक जम्मू-कश्मीर में विधानसभा का गठन होगा.
इसके अलावा आतंकी पन्नू का नया दावा- अरविंद केजरीवाल को दिए 134 करोड़ रुपये, पाक में आत्मघाती हमले में पांच चीनी इंजीनियरों समेत छह मरे, पंजाब में शिअद से नहीं बनी बात तो अकेले चुनाव लड़ेगी भाजपा आदि खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अखबार ने अरविंद केजरीवाल द्वारा ईडी की हिरासत से दूसरा आदेश जारी किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, केजरीवाल का दावा है कि हिरासत में रहकर सरकार चलाई जा सकती है. हालांकि, कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसा व्यवहारिक नहीं लगता है.
इसके अलावा पंजाब की सभी 13 सीटों पर भाजपा द्वारा अकेले चुनाव लड़ने की ख़बर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ के ऐलान ने गठबंधन की अटकलों पर विराम लगा दिया है. वहीं, अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि उनके लिए नंबर से ज्यादा उसूल महत्वपूर्ण हैं.
इसके अलावा वरुण गांधी को कांग्रेस में शामिल होने का प्रस्ताव दिए जाने की ख़बर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है.
जनसत्ता अखबार ने जेल से अरविंद केजरीवाल द्वारा दूसरा आदेश जारी करने को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, केजरीवाल ने इस आदेश में मोहल्ला क्लीनिकों में मुफ्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा है. पिछला आदेश जल विभाग को लेकर आया था. 27 मार्च को दिल्ली विधानसभा का सत्र आयोजित किया जाएगा. जिसमें नियम 280 के तहत कार्रवाई होगी.
भाजपा द्वारा कांग्रेस के छह दलबदलुओं को अपना प्रत्याशी बनाने की खबर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. खबर के मुताबिक, पार्टी ने उपचुनाव के लिए सुधीर शर्मा, रवि ठाकुर, राजिंदर राणा, इंद्रदत्त लखनपाल, चैतन्य शर्मा, और देविंदर कुमार भुट्टो को टिकट दिया है.
इसके अलावा भाजपा ने काटा केंद्रीय मंत्री राजकुमार रंजन सिंह का टिकट, बीआरएस नेता के कविता को भेजा गया तिहाड़ जेल, अमित शाह ने कहा- जम्मू कश्मीर से आफस्पा हटाने का विचार एवं सेना वापस बुलाने की योजना और पाकिस्तान में आत्मघाती हमले में पांच चीनी नागरिकों समेत 6 की मौत आदि खबरों को अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अखबार ने हिरासत से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दूसरा आदेश जारी किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, इसमें उन्होंने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज को राजधानी के अस्पतालों और मोहल्ला क्लीनिकों में लोगों को मुफ्त दवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिया है.
लोकसभा चुनाव में भाजपा द्वारा 100 से ज्यादा सांसदों के टिकट काटे जाने को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, भाजपा की मंगलवार को जारी छठी सूची में तीन और सांसदों के टिकट कट गए. पार्टी ने अब तक दस मंत्रियों समेत 103 सासंदों को फिर मौका नहीं दिया. 2019 के चुनाव में पार्टी ने 119 सांसदों के टिकट काटे थे.
इसके अलावा कोटा में नीट की तैयारी कर रहे उत्तर प्रदेश के छात्र ने दी जान, पांच शहरों में ईडी के छापे, पंजाब में भाजपा अकेले लड़ेगी चुनाव और पाकिस्तान में आत्मघाती हमले में 5 चीनी इंजीनियरों की मौत आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
आम चुनावों का ऐलान हो चुका है. एक बार फिर न्यूज़लॉन्ड्री और द न्यूज़ मिनट के पास उन मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए सेना प्रोजेक्ट्स हैं, जो वास्तव में आपके लिए मायने रखते हैं. यहां क्लिक करके हमारे किसी एक सेना प्रोजेक्ट को चुनें, जिसे समर्थन देना चाहते हैं.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
स्वर्ग में चायवाले की टपरी पर एसआईआर की चर्चा और टीएन शेषन की एंट्री
-
No, Neha Bora did not call for Bangladesh-like situation in India; viral claim misses important context