Khabar Baazi
सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी और दो नए चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति पर रोक से कोर्ट का इनकार
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. कुछ अख़बारों ने आबकारी नीति मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी तो कुछ ने दो नए चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति पर रोक से सुप्रीम कोर्ट के इनकार को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अख़बारों ने भारतीय स्टेट बैंक द्वारा चुनावी बॉन्ड का पूरा डाटा चुनाव आयोग को सौंपे जाने को भी प्रमुखता दी है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, नई आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में ईडी ने केजरीवाल को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया. उनसे करीब दो घंटे पूछताछ के बाद यह कार्रवाई की गई. पद पर रहते हुए किसी मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी का यह पहला मामला है. इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें गिरफ्तारी से राहत देने से इनकार कर दिया था.
ईडी और दिल्ली पुलिस अफसरों की टीम के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पहुंचते ही उनका घर किले में तब्दील हो जाने को भी अख़बार ने अन्य पन्ने पर जगह दी है. ख़बर के मुताबिक, गुरुवार शाम 7 बजे जैसे ही ईडी और दिल्ली पुलिस की टीम उनके आवास पहुंची तो बाहर भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए. इसके अलावा रैपिड एक्शन फोर्स की टीम भी लगाई गई. इतना ही नहीं सीएम आवास के बाहर और ईडी दफ्तर के आस पास धारा 144 लगा दी गई है.
इसके अलावा सीएम आवास के बाहर भीड़ जुटने के कारण सिविल लाइंस सहित आस पास के इलाकों में रात के समय यातायात प्रभावित रहा, मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास पर पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा कि जेल से ही सरकार चलाएंगे अरविंद केजरीवाल, और केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद राउज एवेन्यू कोर्ट पर आज प्रदर्शन की तैयारी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने अन्य पन्नों पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने भी आबकारी नीति घोटले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, आबकारी घोटाले से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में ईडी ने गुरुवार रात उनको गिरफ्तार कर लिया. इससे पहले दिन में हाईकोर्ट ने उनको ईडी की कठोर कार्रवाई से अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था. जिसके बाद ईडी की टीम उनके आवास पर पहुंची. करीब दो घंटे तक तलाशी और मोबाइल फोन जब्त कर पूछताछ के बाद ईडी गिरफ्तार कर उनको अपने कार्यालय ले गई. जांच एजेंसी शुक्रवार को उन्हें पीएमएलए कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड की मांग करेगी.
दो नए चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति पर रोक से सुप्रीम कोर्ट के इनकार को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने नवनियुक्त चुनाव आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू की नियुक्ति पर अंतरिम रोक लगाने से गुरुवार को इनकार कर दिया. कोर्ट ने इन नियुक्तियों पर अंतरिम रोक लगाने की मांग वाली याचिकाएं खारिज करते हुए कहा कि रोक का आदेश देने से अव्यवस्था और अनिश्चितता फ़ैल जाएगी, क्योंकि चुनाव होने वाले हैं. नए चुनाव आयुक्तों पर कोई आरोप नहीं हैं. इस समय रोक लगाना मुश्किल होगा.
इसके अलावा केंद्र के ‘विकसित भारत संदेश’ भेजने पर चुनाव आयोग की रोक, चुनावी बॉन्ड से जुड़ा सारा ब्योरा हुआ सार्वजनिक और कांग्रेस के शीर्षस्थ नेतृत्व ने केंद्र सरकार पर मुख्य विपक्षी दल को चुनाव लड़ने में आर्थिक रूप से पंगु करने का गंभीर आरोप लगाया आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने आबकारी नीति से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी को जैकेट पन्ने पर प्रमुखता दी है. वहीं, चुनाव आयुक्तों से जुड़े कानून पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाने से इनकार किए जाने को पहले पन्ने पर पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, केंद्र सरकार को राहत देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने दो नए चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति पर रोक लगाने से इनकार कर दिया.
डीएमके नेता पोनमुडी की शपथ रोकने पर सुप्रीम कोर्ट की फटकार को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, कोर्ट ने इस मामले में तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि को फटकार लगते हुए कहा कि वह शीर्ष कोर्ट की अवहेलना कर रहे हैं. शीर्ष अदालत ने आय से अधिक संपत्ति मामले में पोनमुडी की सजा व दोषसिद्धि पर रोक के बावजूद शपथ नहीं दिलाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि हम राज्यपाल के आचरण से गंभीर रूप से चिंतित हैं.
इसके अलावा भारत ने हैती से सुरक्षित निकाले 12 भारतीय और सीएए के तहत भारत की राष्ट्रीयता मांगने वाले लोगों की सहायता व जानकारी देने के लिए गृह मंत्रालय की हेल्पलाइन शुरू आदि ख़बरों को अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को ईडी द्वारा दंडात्मक कार्रवाई से अंतरिम राहत देने से इनकार करने के कुछ घंटों बाद ईडी की एक टीम गुरुवार शाम उनके घर पहुंची और उन्हें दिल्ली शराब घोटाले में गिरफ्तार कर लिया और उन्हें देर रात मध्य दिल्ली स्थित ईडी के कार्यालय लाया गया.
सुप्रीम कोर्ट के लगातार दबाव बनाए जाने के बाद भारतीय स्टेट बैंक द्वारा गुरुवार को चुनावी बॉन्ड से जुड़े सभी आंकड़ें जारी किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, एसबीआई द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को चुनावी बॉन्ड के नए आंकड़ें सार्वजनिक किए, जिनमें इनकी विशिष्ट अक्षरांकीय संख्या भी शामिल हैं. विशिष्ट अक्षरांकीय संख्या से चंदा प्राप्त करने वाले राजनीतिक दलों के साथ बॉन्ड के खरीदारों का मिलान करने में मदद मिल सकती है.
इसके अलावा तथ्य जांच इकाई अधिसूचना पर लगी रोक, सीबीआई ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की, निर्वाचन आयोग ने व्हाट्सएप पर विकसित भारत संदेश तुरंत बंद करने का दिया निर्देश और कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने पार्टी को आर्थिक रूप से पंगु बनाने का प्रयास करने के लिए एजेंसियों पर साधा निशाना आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने और भारतीय स्टेट बैंक द्वारा इलेक्टोरल बॉन्ड से जुड़ा पूरा डाटा निर्वाचन आयोग को सौंपे जाने को जैकेट पन्ने पर प्रमुखता दी है. वहीं, सुप्रीम कोर्ट के केंद्र सरकार द्वारा प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो के तहत बनी फैक्ट चेक यूनिट पर रोक लगाने को पहले पन्ने पर पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, कोर्ट ने कहा कि यह अभिव्यक्ति की आजादी के खिलाफ है. यह यूनिट फर्जी ख़बरों की पहचान करने व उसे रोकने के लिए बनाई गई थी. सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच ने यह फैसला सुनाया. बेंच ने बॉम्बे हाईकोर्ट के 11 मार्च के आदेश को भी रद्द कर दिया, जिसमें इस यूनिट को बनाने पर रोक लगाने वाली याचिका खारिज कर दी गई थी.
आईपीएल के सबसे अनुभवी कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी छोड़े जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, 42 साल के धोनी ने 17वें संस्करण के ओपनिंग मैच से ठीक पहले कप्तानी छोड़ने का निर्णय लेकर फैंस को चौंका दिया. उनकी जगह 27 साल के युवा बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ कप्तान होंगे.
इसके अलावा सोना पहली बार 66,000 रुपए पार, हाईकोर्ट के आदेश पर एएसआई की टीम शुक्रवार से धार स्थित भोजशाला का सर्वे करेगी शुरू, हाईकोर्ट ने मनाली हाईवे के किनारे से अतिक्रमण हटाने के दिए आदेश और चुनाव आयोग ने केंद्र को व्हाट्सएप पर ‘विकसित भारत संदेश’ भेजना बंद करने का दिया आदेश आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
From Sittilingi to Sijimali: The doctor Odisha police arrested over anti-mining agitation
-
Awadh ground report: UP’s swing voters speak, from Mohanlalganj to Ayodhya
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
After Uttarakhand, it’s MP: CM Yadav spent Rs 230 cr to sell a Rs 30 lakh cr ‘MoU’ mirage