Khabar Baazi
रोज़नामचा: चुनाव आयोग ने सार्वजनिक किया राजनीतिक दलों से मिला डाटा और भूपेश बघेल पर केस दर्ज
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. किसी ने राजनीतिक पार्टियों द्वारा चुनाव आयोग को दिए चंदे के आंकड़े को सार्वजनिक किए जाने तो किसी ने महादेव एप मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई लोगों पर मामला दर्ज किए जाने को प्राथमिकता दी है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अखबार ने निर्वाचन आयोग द्वारा राजनीतिक पार्टियों को मिले चंदे का आकंड़ा सार्वजनिक किए जाने को प्राथमिकता दी है. ख़बर के मुताबिक, लोकसभा चुनाव की घोषणा के अगले दिन रविवार को निर्वाचन आयोग ने चुनावी बॉन्ड के जरिए मिले चंदे के बारे में राजनीतिक दलों से प्राप्त आंकड़ों को अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक किया. इससे पता चला कि विभिन्न राज्यों में सत्ता पर काबिज दलों को चुनावी बॉन्ड से भरपूर चंदा मिला.
राजनीतिक रैलियों से लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज होने को भी अखबार ने प्राथमिकता दी है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश में चुनाव प्रचार किया. यहां उन्होंने कहा कि यह संयोग है कि इस बार नतीजे 4 जून को आने वाले हैं. लोग कह रहे हैं कि चार जून को हम 400 पार जाने वाले हैं. वहीं, मुंबई में रविवार को इंडिया गठबंधन ने भी रैली की और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा 400 सीटें लाकर संविधान बदलना चाहती है.
इसके अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अब दिल्ली जल बोर्ड मामले में ईडी का समन, रेव पार्टी आयोजित करने और सांपों का जहर सप्लाई करने के मामले में एल्विश यादव गिरफ्तार, बरसाना के मंदिर में रेलिंग टूटने के कई घायल, अरुणाचल और सिक्किम में मतों की गणना दो जून को और गुजरात की यूनिवर्सिटी में नमाज पढ़ने को लेकर विदेशी छात्रों पर हमला आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अखबार ने चुनाव आयोग द्वारा राजनीतिक दलों से प्राप्त इलेक्टोरल बॉन्ड का डाटा सार्वजनिक किए जाने को प्राथमिकता दी है. आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी को सबसे ज्यादा 6986 करोड़ रुपये का चंदा मिला. वहीं, बसपा और एआईएमआईएम को बॉन्ड के जरिए कोई चंदा नहीं मिला. वहीं, साल 2019 में भाजपा को मात्र तीन महीनों में 3 हजार रुपये से ज्यादा का चंदा मिला.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाले और जल बोर्ड मामले में फिर से तलब किए जाने को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, ईडी ने उन्हें दो समन भेजे हैं. जल बोर्ड मामले में उन्हें 18 मार्च को तो शराब घोटाला मामले में 21 मार्च को बुलाया है.
इसके अलावा महादेव सट्टेबाजी मामले में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ मामला दर्ज, गुजरात विश्वविद्यालय में विदेशी छात्रों से मारपीट मामले में दो गिरफ्तार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महासचिव दत्तात्रेय होसबाले फिर से तीन साल के लिए सरकार्यवाह नियुक्त आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अखबार ने चुनाव आयोग द्वारा राजनीतिक दलों से मिले चुनावी बॉन्ड के ब्योरा सार्वजनिक किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, चुनावी बॉन्ड योजना के जरिए भाजपा को सबसे ज्यादा चंदा मिला है. वहीं, 1368 करोड़ रुपये का चंदा देने वाली फ्यूचर गेमिंग ने सबसे ज्यादा चंदा द्रमुक को दिया. निर्वाचन आयोग की ओर से सार्वजनिक की गई जानकारी में यह खुलासा हुआ.
महादेव एप मामले में भूपेश बघेल के खिलाफ केस दर्ज किए जाने को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, इसमें बघेल समेत 22 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. छत्तीसगढ़ पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने ईडी की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है.
इसके अलावा जल बोर्ड में अनियमितताओं पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को समन, सांपों के जहर की तस्करी में एल्विश यादव गिरफ्तार, बिहार में शिक्षक भर्ती पेपर लीक में 270 गिरफ्तार और जोमैटो को 8.57 करोड़ रुपये का जीएसटी का नोटिस आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अखबार ने राजनीतिक दलों द्वारा चुनाव आयोग को दी गई चुनावी चंदे से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक किए जाने को जैकेट पेज पर पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, इसमें 523 पार्टियों की ओर से दी गई जानकारी है. भाजपा ने बताया है कि उसे कुल 7700 करोड़ रुपये का चंदा मिला है. वहीं, जदयू ने कहा कि कोई सीलबंद लिफाफा फेंक गया था जिसमें 1-1 करोड़ के 10 बॉन्ड निकले.
अखबार ने झारखंड सिविल सेवा परीक्षा में पेपर लीक के आरोपों के बाद हंगामा होने को पहले पन्ने की सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, परीक्षार्थियों का आरोप है पेपर पैकेट की सील टूटी हुई थी.
महादेव सट्टा केस में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई लोगों पर मामला दर्ज होने को भी अखबार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, बघेल ने कहा कि भाजपा ने हार के डर से मेरा नाम मामले में जोड़ा है.
इसके अलावा ईडी ने अरविंद केजरीवाल को भेजे फिर से समन, एनडीए के दलों की दिल्ली में बैठक आज, अहमदाबाद में हॉस्टल में नमाज पढ़ रहे विदेशी छात्रों को पीट और रेप पार्टी में सांप के जहर की सप्लाई करने के मामले में एल्विश यादव गिरफ्तार आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अखबार ने चुनावी बॉन्ड और इससे जुड़े सभी पत्र व्यवहारों का ब्योरा चुनाव आयोग द्वारा सार्वजनिक किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, चुनावी बॉन्ड के जरिए जिन पार्टियों को सबसे ज्यादा चंदा मिला है, वे इससे जुड़ी सूचना सार्वजनिक करने में आनाकानी कर रही हैं. ज्यादातर दलों ने यह नहीं बताया कि उन्हें किस कंपनी या व्यक्ति से चंदा मिला है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आंध्र प्रदेश में रैली के दौरान कांग्रेस पार्टी पर राजनीतिक हमला किए जाने को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग में हम सभी को साथ लेकर चलते हैं लेकिन दूसरी तरफ कांग्रेस का एक ही एजेंडा है, सहयोगियों का इस्तेमाल करो और छोड़ दो.
इसके अलावा राहुल गांधी ने कहा- देश में जानबूझकर फैलाया जा रहा है द्वेष, ईडी ने अरविंद केजरीवाल को एक ही दिन में भेजे दो समन, चीनी सेना ने अरुणाचल प्रदेश को बताया अभिन्न अंग और महादेव एप मामले में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई लोगों पर केस दर्ज आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
आम चुनावों का ऐलान हो चुका है. एक बार फिर न्यूज़लॉन्ड्री और द न्यूज़ मिनट के पास उन मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए सेना प्रोजेक्ट्स हैं, जो वास्तव में आपके लिए मायने रखते हैं. यहां क्लिक करके हमारे किसी एक सेना प्रोजेक्ट को चुनें, जिसे समर्थन देना चाहते हैं.
Also Read
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
Hafta letters: NL’s coverage of SIR protest, question for Anand and violence in Manipur