Khabar Baazi
रोज़नामचा: संदेशखाली की पीड़िताओं से पीएम मोदी की मुलाकात और सीबीआई की गिरफ्त में शेख शाहजहां
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. कुछ अखबारों ने पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र के बयान तो कुछ ने शेख शाहजहां को सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अखबारों ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा जिम कॉर्बेट मामले को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने भाजपा की ओर से आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन अभिनंदन’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, बुधवार को इस दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के राज में संदेशखाली में नारी शक्ति पर अत्याचार का घोर पाप हुआ है. इससे हर किसी का सिर शर्म से झुक गया है.
चुनाव आयोग द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सार्वजनिक बयानों में सतर्कता बरतने की नसीहत दिए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, आयोग ने प्रधानमंत्री के खिलाफ बयानों के मद्देनजर राहुल गांधी को सार्वजनिक वक्तव्यों में अधिक सावधानी बरतने और सतर्क रहने को कहा है. कांग्रेस नेता की ओर से प्रधानमंत्री के लिए इस्तेमाल शब्दों पर आयोग ने पिछले साल राहुल को नोटिस जारी किया था.
इसके अलावा संदेशखाली मामले में आरोपी शाहजहां शेख सीबीआई की हिरासत में, दिल्ली-एनसीआर में ढाई रुपए सस्ती हुई सीएनजी और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के खिलाफ ईडी ने कोर्ट में फिर शिकायत दी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने हाईकोर्ट की सख्ती के बाद पूर्व तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख को सीबीआई के हवाले किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, बुधवार को काफी मशक्कत के बाद संदेशखाली कांड के मास्टरमाइंड शाहजहां शेख को सीबीआई ने अपनी हिरासत में ले लिया. कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी बंगाल सीआईडी शेख को सीबीआई को सौंपने में आनाकानी कर रही थी. ईडी ने अदालत की अवमानना की शिकायत करते हुए फिर से हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया.
बिहार में बेतिया की जनसभा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संबोधित किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, उन्होंने बिहार की बर्बादी और पलायन के लिए सीधे तौर पर लालू परिवार को दोषी ठहराया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जंगलराज लाने वाला परिवार ही राज्य के युवाओं का गुनहगार है. राजद के राज में एक परिवार फलता-फूलता रहा और युवा पलायन करते रहे. उन्होंने कहा कि राजग सरकार बिहार को जंगलराज से उबार कर विकास की राह पर लाई है.
इसके अलावा बयानों में अधिक सावधानी बरतने को लेकर चुनाव आयोग की राहुल गांधी को सलाह और सुप्रीम कोर्ट ने उत्तराखंड के कार्बेट नेशनल पार्क में अवैध निर्माण व पेड़ों की कटाई पर लगाई फटकार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संदेशखाली की घटना को पाप बताए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, बुधवार को उन्होंने कहा कि ममता दीदी की सरकार में बहन बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. दीदी की सरकार संदेशखाली के गुनहगारों को बचाने की कोशिश कर रही है. तृणमूल कांग्रेस राज में इसी धरती पर नारी शक्ति पर अत्याचार का घोर पाप हुआ है. इतना कुछ होने पर भी तृणमूल सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता.
हाईकोर्ट की फटकार के बाद बंगाल सरकार द्वारा पूर्व तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख को सीबीआई को सौंपे जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, कलकत्ता हाईकोर्ट की फिर से फटकार के बाद बंगाल सरकार ने आखिरकार बुधवार शाम शेख को सीबीआई के हवाले कर दिया. सीबीआई ने बंगाल पुलिस के मुख्यालय स्थित सीआईडी दफ्तर से शेख को हिरासत में ले लिया.
इसके अलावा पूर्व सांसद धनंजय को सात साल कारावास, पीएम के लिए अशोभनीय टिप्पणी पर राहुल को ईसी की सलाह, समन की अनदेखी पर केजरीवाल के खिलाफ ईडी ने फिर दी शिकायत आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद शाहजहां शेख को सीबीआई की हिरासत में सौंपे जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, कलकत्ता उच्च न्यायालय से बुधवार सुबह नए दिशानिर्देश जारी होने के बाद पश्चिम बंगाल सीआईडी ने संदेशखाली में ईडी के अधिकारियों पर हमले के मामले में मुख्य आरोपी शाहजहां शेख की हिरासत अंततः बुधवार शाम को सीबीआई को सौंप दी. सीबीआई अधिकारियों की टीम चार बजे से पहले ही भवानी भवन पहुंच गई, लेकिन सीआईडी ने शाहजहां को सीबीआई के हवाले छह बजकर 48 मिनट पर किया जबकि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने अपराह्न चार बजकर 15 मिनट की समय सीमा तय की थी.
उच्चतम न्यायालय द्वारा उत्तराखंड के जिम कार्बेट के बाघ अभयारण्य में अवैध निर्माण और पेड़ों की कटाई को मंजूरी देने के लिए राज्य के पूर्व वन मंत्री एवं कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत तथा पूर्व मंडल वन अधिकारी किशन चंद को कड़ी फटकार लगाए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, कोर्ट ने कहा कि राजनेताओं और वन अधिकारियों के बीच साठगांठ से पर्यावरण को भरी नुकसान हुआ है. न्यायमूर्ति बीआर गवई की अगुवाई वाली पीठ ने कहा कि यह वह मामला है, जहां नौकरशाहों और नेताओं ने जन विश्वास के सिद्धांत को ‘कचरे के डिब्बे’ में डाल दिया है.
इसके अलावा कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज, त्रिपुरा में भाजपा सरकार में शामिल होगी टिपरा मोथा, चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पर टिप्पणियों से बचने की हिदायत दी और ईडी ने केजरीवाल के खिलाफ कोर्ट में एक और शिकायत दी.
दैनिक भास्कर अख़बार ने समन को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की अनदेखी पर ईडी के फिर से कोर्ट पहुंचने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में समन का पालन नहीं करने के लिए केजरीवाल के खिलाफ मुकदमा चलाने का अनुरोध करते हुए शिकायत दर्ज कराई है. यह आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल द्वारा समन संख्या 4 से 8 का पालन नहीं करने से संबंधित है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बंगाल के संदेशखाली में यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं से मुलाकात किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, बारासात में भाजपा महिला मोर्चा की रैली के बाद मंच के पीछे 5 पीड़िताएं पीएम मोदी से मिलीं. एक पीड़िता ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री ने उन्हें मां दुर्गा कहा और कुछ महिलाएं जब रो पड़ीं तो पीएम ने उन्हें धैर्य भी बंधाया.
इसके अलावा वैश्विक रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की रिसर्च के अनुसार 2031 तक उच्च मध्यम आय वाला देश होगा भारत व अर्थव्यवस्था 7 लाख करोड़ डॉलर होगी, यूपी में दुष्कर्म पीड़िताओं के शव मिलने के बाद पिता ने दी जान, निर्वाचन आयोग ने राहुल गांधी को जनता के बीच सोच-समझकर बोलने की की दी हिदायत और ब्रिटिश सरकार की रिपोर्ट के अनुसार वहां शरण मांगने वाले भारतीयों की संख्या हुई दोगुनी अदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
आम चुनाव करीब आ चुके हैं, और न्यूज़लॉन्ड्री और द न्यूज़ मिनट के पास उन मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए सेना प्रोजेक्ट्स हैं, जो वास्तव में आपके लिए मायने रखते हैं. यहां क्लिक करके हमारे किसी एक सेना प्रोजेक्ट को चुनें, जिसे समर्थन देना चाहते हैं.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra