Khabar Baazi
रोज़नामचा: तेजस्वी यादव से ईडी की घंटों पूछताछ और नक्सली हमले में तीन जवान शहीद
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को सुर्खी बनाया है. किसी ने ईडी की तेजस्वी यादव से घंटों तक पूछताछ, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ईडी जांच से पहले लामबंदी में जुटे, चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली के आरोप तो वहीं किसी अख़बार ने संसद का बजट सत्र ख़बर को प्रमुखता दी है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
मंगलवार को ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय ने तेजस्वी यादव से घंटों पूछताछ की. वहीं दूसरी ओर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ईडी जांच से पहले लामबंदी में जुटे हैं. इन दोनों ही ख़बरों को हिंदुस्तान अख़बार ने आज प्रमुखता से छापा है. ख़बर के मुताबिक, ईडी ने रेलवे में नौकरी के बदले जमीन लिए जाने के मामले में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव से आठ घंटे पूछताछ की. ईडी की टीम ने तेजस्वी से 65 से ज्यादा सवाल पूछे. उधर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ईडी की टीम बुधवार दोपहर एक बजे पूछताछ करेगी.
राजधानी में 13 वर्ष बाद जनवरी के दिन-रात दोनों सर्द की स्थिति में रहने को भी अख़बार ने प्रमुखता से छापा है. इसके साथ ही पांच दिन शीतलहर और पांच दिन शीत दिवस की स्थिति रही. पहले के वर्षों में आमतौर पर किसी एक स्थिति का ही प्रभाव ज्यादा देखने को मिलता रहा है. परेशानी की बात यह है कि न्यूनतम और अधिकतम दोनों ही तापमान सामान्य से कम हैं.
इसके अलावा नौसेना ने अरब सागर में लुटेरों से दो पोत बचाए, चंडीगढ़ मेयर चुनाव भाजपा जीती व आप हाईकोर्ट पहुंची, बजट सत्र से पहले 14 सांसदों का निलंबन हुआ. नक्सली हमले में तीन जवान शहीद 15 घायल आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने सभी निलंबित सांसदों के बहाल होने व आज से बजट सत्र शुरू होने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, संसद का बजट सत्र बुधवार से प्रारंभ हो रहा है. इससे पहले सरकार ने विपक्षी दलों के साथ पिछले सत्र में पैदा हुई खटास को खत्म करने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए उन 14 विपक्षी सदस्यों का निलंबन खत्म करने का ऐलान किया गया है जिन्हें अनिश्चित काल के लिए निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव विशेषाधिकार समिति को भेज दिया गया था. संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि लोकसभा के स्पीकर और राज्यसभा के सभापति ने इस संबंध में सरकार के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है. साथ ही उन्हें बजट सत्र में शामिल होने का अधिकार भी मिल गया है.
लुकाछिपी के बाद रांची पहुंचे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज ईडी द्वारा पूछताछ किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, सीएम हेमंत रांची जमीन घोटाला मामले में सोमवार को दिल्ली में ईडी से लुकाछिपी के बाद मंगलवार को रांची में नजर आए. उन्होंने दोपहर बाद अपने रांची स्थित सरकारी आवास में महागठबंधन के विधायकों के साथ बैठक की. एक अहम घटनाक्रम में इस बैठक में उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं. इसके साथ ही इस बात की भी चर्चा फिर से तेज हो गई कि विपरीत परिस्थिति आने पर हेमंत सोरेन इस्तीफा देकर कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री बना सकते हैं. हेमंत अब ईडी की बुधवार को प्रस्तावित पूछताछ की तैयारी में जुट गए हैं.
इसके अलावा भाजपा नेता की हत्या में 15 पीएफआई सदस्यों को मृत्युदंड, नक्सलियों से मुठभेड़ में तीन जवान बलिदान, अंतरिम बजट में नारी शक्ति की हो सकती है जयकार और मवेशी चराने से रोकने पर लद्दाखियों ने चीनी सैनिकों को खदेड़ा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने छत्तीसगढ़ में नक्सलियों द्वारा घात लगाकर हमला किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में सुकमा और बीजापुर जिलों में सीमावर्ती इलाके टेकलगुड़ेम में नक्सलियों की तरफ से मंगलवार रात घात लगाकर किए हमले में तीन जवान शहीद हो गए, जबकि 15 घायल हैं और एक जवान की हालत गंभीर है. बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि नक्सलियों के गढ़ टेकलगुड़ेम में सोमवार को ही सुरक्षाकर्मियों का एक नया शिविर बनाया गया था और टीम उस इलाके में गस्त पर थी इसी दैरान घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवानों ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी. इस कार्रवाई में घायल हुए जवानों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
भाजपा नेता की हत्या में दोषी पीएफआई के 15 कार्यकर्ताओं को मौत की सजा सुनाए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, केरल की जिला अदालत ने भाजपा ओबीसी मोर्चा के राज्य सचिव रंजीत श्रीनिवासन की 2021 में हुई हत्या में प्रतिबंधित इस्लामी संगठन पीएफआई से जुड़े 15 कार्यकर्ताओं को मंगलवार को मौत की सजा सुनाई है. श्रीनिवासन की 19 दिसंबर 2021 को परिवार के सामने ही पीएफआई और एसडीपीआई के कार्यकर्ताओं ने घर में घुसकर हत्या कर दी थी.
इसके अलावा ईपीएफओ के सहायक कमिश्नर और इंस्पेक्टर समेत तीन लोग 12 लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार, दृष्टिबाधित छात्रा से दुष्कर्म में शिक्षक को 20 साल कैद, मणिपुर में ग्रामीणों के शिविर पर हमले में दो लोगों की मौत आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर में माओवादियों के साथ मुठभेड़ में तीन कमांडो के शहीद होने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान तीन सुरक्षाकर्मी शाहद हो गए और 15 अन्य घायल हो गए. पुलिस महानिदेशक सुंदरराज पी ने बताया कि यह घटना बीजापुर और सुकमा जिले के सीमा पर स्थित टेकलगुडेम गांव के समीप उस वक्त हुई, जब सुरक्षाकर्मियों का एक संयुक्त दल तलाशी अभियान चला रहा था.
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा की जीत को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुतबिक, पीठासीन अधिकारी के बीमार होने के कारण अंतिम समय में चंडीगढ़ मेयर पद का चुनाव टाल दिए जाने के बारह दिन बाद मंगलवार को भाजपा ने आश्चर्यजनक जीत हासिल की. विपक्ष के 20 मतों में से 8 को अमान्य घोषित किए जाने से भाजपा के उम्मीदवार मनोज सोनकर ने कांग्रेस समर्थित आम आदमी पार्टी के कुलदीप कुमार को हराकर जीत हासिल की.
इसके अलावा मणिपुर में गोलीबारी में दो ग्रामीण स्वयंसेवकों की मौत, हेमंत सोरेन के दिल्ली आवास से नकदी और बीएमडब्ल्यू बरामद, सरकार को बेरोजगार और महंगाई पर घेरेगा विपक्ष, राहुल गांधी ने कहा महागठबंधन को नीतीश कुमार की कोई जरूरत नहीं, दिल्ली में साल 2012 के बाद इस साल की जनवरी रही सबसे ठंडी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने ईडी की छापेमारी में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के घर से 36 लाख रुपए बरामद किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, जमीन के घोटाले में घिरे हेमंत सोरेन 31 घंटे बाद मंगलवार सुबह रांची में नजर आए. उन्होंने सीएम आवास पर विधायकों संग बैठक की. इसमें पत्नी कल्पना भी मौजूद थीं. ईडी अब बुधवार को दोपहर एक बजे सोरेन से सीएम हाउस में पूछताछ करेगी. पार्टी की तैयारी है कि यदि हेमंत गिरफ्तार होते हैं तो कल्पना को सीएम बना सकते हैं.
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में 20 वोट होने पर भी गठबंधन के हारने को अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, हाई ड्रामे के बीच मंगलवार को हुए चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में 14 पार्षदों वाली भाजपा ने मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद पर कब्जा बरकरार रखा. वहीं गठबंधन में लड़ी कांग्रेस और आप 20 वोट पाने के बावजूद हार गईं. पीठासीन अधिकारी ने गठबंधन के 8 वोट रद्द किए.
इसके अलावा पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को 10 साल की सजा, संसद का बजट सत्र आज से, ज्ञानवापी के तहखाने में पूजा फिर शुरू होने न होने को लेकर सुनवाई आज संभव और 6 महीनों में 5 राज्यों में ईडी के 11 छापे आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
स्वर्ग में चायवाले की टपरी पर एसआईआर की चर्चा और टीएन शेषन की एंट्री
-
No, Neha Bora did not call for Bangladesh-like situation in India; viral claim misses important context