Khabar Baazi
रोज़नामचा: शाही मस्जिद के सर्वे पर सुप्रीम कोर्ट की रोक और एयरलाइन्स बनाएंगी वॉर रूम
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. किसी ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा मथुरा की शाही ईदगाह मस्जिद के सर्वे पर रोक लगाए जाने तो किसी ने सरकार द्वारा एयरपोर्ट पर विमानन कंपनियों को वॉर रूम स्थापित किए जाने के निर्देश दिए जाने को प्रमुखता दी है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
अमर उजाला अख़बार ने मथुरा में शाही ईदगाह के सर्वे पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, कोर्ट ने मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर से सटे शाही ईदगाह मस्जिद के सर्वेक्षण के लिए दिए गए निर्देश वाले इलाहाबाद हाईकोर्ट के 14 दिसंबर के आदेश पर रोक लगा दी. हालांकि, जस्टिस संजीव खन्ना व दीपांकर दत्ता की पीठ ने यह स्पष्ट किया कि अन्य वादों की सुनवाई हाईकोर्ट में होती रहेगी.
देश के हजारों करोड़ लेकर फरार भगोड़े विजय माल्या, नीरव मोदी और संजय भंडारी को भारत लाए जाने की कवायद तेज होने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, लंदन के आलीशान बंगले व जेल की आरामगाह सेल में रह रहे इन अपराधियों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए सीबीआई, एनआईए व ईडी की संयुक्त टीम ब्रिटेन जाने वाली है. विदेश मंत्रालय के अफसर भी साथ रहेंगे. अधिकारियों की यह टीम इंग्लैंड के अधिकारियों के साथ मिलकर इनके प्रत्यर्पण के रास्ते में आ रही बाधाएं दूर करेगी और सभी जरूरी कागजात उपलब्ध कराएगी.
इसके अलावा रामलला आज जन्मभूमि परिसर में करेंगे भ्रमण, डीपफेक पर अंकुश लगाने के लिए सात दिन में सख्त नियम लाएगी सरकार, बिना सिम व इंटरनेट के चलेंगे वीडियो-19 शहरों में परीक्षण जल्द और कोहरे ने बढ़ाई मुसीबत तो 380 से ज्यादा उड़ानें लेट आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने मथुरा शाही ईदगाह मस्जिद परिसर के सर्वेक्षण पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस दीपांकर दत्ता की पीठ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के 14 दिसंबर, 2023 के निर्णय के क्रियान्वन पर रोक लगा दी, जिसमें मस्जिद परिसर का सर्वेक्षण अदालत की निगरानी में कराने के लिए कोर्ट कमिश्नर की नियुक्ति पर सहमति जताई गई थी.
अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाली राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान प्रारंभ होने को भी अखबार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान मंगलवार से आरंभ हो गए. अनुष्ठान के प्रथम यजमान के रूप में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा और उनकी पत्नी ऊषा मिश्रा पूजन पर बैठे.
इसके अलावा रनवे पर यात्रियों के खाना खाने पर इंडिगो को नोटिस, बेअदबी के शक में युवक की हत्या- आरोपित निहंग गिरफ्तार और गायत्री प्रजापति के मुंबई के 6 फ्लैटों को भी जब्त करेगा ईडी आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान अख़बार ने नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा कोहरे की वजह से उड़ानों में आ रही दिक्कतों से निपटने के लिए की गई घोषणाओं को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, मंगलवार को उन्होंने विमानन कंपनियों को यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए वॉर रूम स्थापित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि यह वॉर रूम देश के छह मेट्रो हवाई अड्डों- दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और कोलकाता में स्थापित किए जाएंगे. वहीं इन हवाई अड्डों को कोहरे की वजह से आ रही अड़चनों को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय को दिन में तीन बार जानकारी देनी होगी. उन्होंने यह भी कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हवाई अड्डों पर 24 घंटे सीआईएसएफ के जवान पर्याप्त संख्या में तैनात रहें.
सुप्रीम कोर्ट द्वारा मथुरा में शाही ईदगाह मस्जिद के सर्वे पर रोक लगाए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि से सटे शाही ईदगाह परिसर का अदालत की निगरानी में सर्वेक्षण करने के आदेश पर रोक लगा दी. इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने मामले में हिंदू पक्षकारों यानी भगवान श्रीकृष्ण विराजमान और अन्य को नोटिस जारी कर पक्ष रखने को कहा. न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और दीपांकर दत्ता की पीठ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली शाही मस्जिद ईदगाह कमेटी की याचिका पर विचार करते हुए यह आदेश दिया. याचिका में 14 दिसंबर 2023 को पारित आदेश पर रोक लगाने की मांग की गई थी जिसमें कोर्ट की निगरानी में सर्वेक्षण के लिए कोर्ट कमिश्नर की नियुक्ति की अनुमति दी गई थी.
इसके अलावा बिना सिम या इंटरनेट के वीडियो कॉल कर सकेंगे यूजर-19 शहरों में जल्द शुरू होगा ट्रायल, बेअदबी के प्रयास पर गुरूद्वारे में युवक की हत्या, विवेक रामास्वामी अमेरिकी राष्ट्रपति पद की रेस से बाहर, भूखंड घोटाले में जीडीए के 30 इंजीनियर दोषी और प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के दौरान मंत्रों से गूंज उठी अयोध्या नगरी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अखबार ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में कोहरा छाए रहने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, कोहरे की वजह से रेल और हवाई यातायात प्रभावित रहा. वहीं, आने वाले पांच दिनों तक भी कोहरे से राहत की उम्मीद नहीं है. उधर, कोहरे की वजह से लगातार हो रही उड़ानों में देरी के मद्देजनर सरकार ने विमानन कंपनियों को वॉर रूम स्थापित करने के निर्देश दिए.
दिल्ली में एक बुजुर्ग महिला की पीट-पीट कर हत्या किए जाने के मामले को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, बदरपुर इलाके के जैतपुर में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले में एक नाबालिग सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
इसके अलावा पंजाब में गुरुद्वारे में बेअदबी के प्रयास पर निहंग के की युवक की हत्या, मथुरा की शाही ईदगाह के सर्वे पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक, कूनो राष्ट्रीय उद्यान में एक और चीते की मौत और राहुल गांधी ने कहा- राम मंदिर का कार्यक्रम राजनीतिक इसीलिए कांग्रेस ने लिया नहीं जाने का फैसला आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने कोहरे के चलते उड़ानों में हो रही देरी के कारण सरकार द्वारा विमानन कंपनियों को वॉर रूम बनाने के निर्देश दिए जाने को प्राथमिकता दी है. ख़बर के मुताबिक, लगातार हो रही उड़ानों में देरी से यात्रियों को हो रही असुविधा के कारण सरकार ने ये फैसला लिया है. अब कंपनियों को दिन में तीन बार मंत्रालय को अपडेट रिपोर्ट देनी होगी. वहीं, रनवे पर यात्रियों द्वारा खाना खाए जाने के मामले में इंडिगो को नोटिस जारी किया गया है.
सुप्रीम कोर्ट द्वारा मंगलवार को वाराणसी के ज्ञानवापी के वजूखाने की सफाई की अनुमति दिए जाने को भी प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, यह वजूखाना डेढ़ साल से बंद है. हिंदू पक्ष ने यहां शिवलिंग मिलने का दावा किया था.
इसके अलावा ऑस्ट्रेलियन ओपन में चमके भारत के सुमित, राजस्थान में कांग्रेस के पूर्व मंत्री पर ईडी के छापे, मध्य प्रदेश में कूनो नेशनल पार्क में एक और नामीबियाई चीते की मौत आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
Hafta letters: NL’s coverage of SIR protest, question for Anand and violence in Manipur