Khabar Baazi
रोज़नामचा: मालदीव का भारत को अल्टीमेटम और कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. किसी ने मालदीव के राष्ट्रपति द्वारा 15 मार्च तक भारतीय सेना को वहां से हटाए जाने के बयान और कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा के शिवसेना शामिल में शामिल होने तो किसी ने राहुल गांधी द्वारा भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत किए जाने को प्रमुखता दी है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने ठंड के लगातार बढ़ते प्रकोप को पहली सुर्खी बनाया है. लिखा, अमृतसर से असम तक ठंड के कारण सफेद अंधेरा छाया. ख़बर के मुताबिक, कड़कड़ाती ठंड के बीच कोहरे की घनी चादर ने रविवार को उत्तर भारत के बड़े इलाके को अपनी आगोश में ले लिया. सुबह के वक्त पंजाब से लेकर असम तक का इलाका घने कोहरे में डूबा रहा. दिल्ली समेत कई शहरों में दृश्यता का स्तर शून्य तक गिर गया. रेल और हवाई यातायात पर भी इसका प्रभाव देखने को मिला है. मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर, गंगानगर, पटियाला, अंबाला, चंडीगढ़, बरेली, लखनऊ, बहराइच, वाराणसी, प्रयागराज, तेजपुर समेत कई शहरों में सुबह के समय दृश्यता का स्तर शून्य मीटर तक रहा.
मालदीव द्वारा 15 मार्च तक भारत को अपने सैनिकों को वापस बुलाए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, चीन से लौटने के बाद वहां के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने भारत विरोधी तेवर के साथ रविवार को यह बात कही. राष्ट्रीय कार्यालय के प्रवक्ता अब्दुल्ला नजीम इब्राहिम ने कहा, भारतीय सैनिक मालदीव में नहीं रह सकते. राष्ट्रपति मुइज्जू और उनकी सरकार की यही नीति है. मालदीव मीडिया के अनुसार उनके देश में भारत के 88 सैनिक वर्तमान में तैनात हैं. दोनों देशों के बीच सैनिकों को हटाए जाने के मुद्दे पर एक हाई लेवल बैठक भी हुई. बैठक में भारत के उच्चायुक्त मुनू महावर और मालदीव विदेश मंत्रालय के अधिकारी मौजूद रहे.
इसके अलावा प्रदूषण बढ़ने के बाद दिल्ली में निजी निर्माण कार्यों पर पाबंदी, दिल्ली में दो अलग-अलग जगह अंगीठी जलाकर सो रहे छह लोगों की मौत, 71 वर्ष के मशहूर शायर मुन्नवर राना का निधन और सेना के शीर्ष कमांडर ने कहा चीन सीमा पर हालात सामान्य नहीं.
दैनिक जागरण अख़बार ने मणिपुर से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने राहुल गांधी के बयान “हम लोगों के मन की बात सुनना चाहते हैं” शीर्षक से ख़बर प्रकाशित की है. ख़बर के मुताबिक, उन्होंने रविवार को कहा कि इसकी जरूरत इसलिए पड़ी क्योंकि देश बड़े पैमाने पर अन्याय के दौर से गुजर रहा है. पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि यात्रा से समानता, भाईचारे और सद्भाव पर आधारित भारत का दृष्टिकोण सामने आएगा. इसमें नफरत हिंसा और एकाधिकार के लिए कोई जगह नहीं होगी. उन्होंने यह भी कहा कि इस यात्रा से कांग्रेस लोगों के मन की बात सुनना चाहती है और उनके दर्द को समझना चाहती है.
कांग्रेस छोड़ पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने को भी अख़बार ने प्रमुखता से छापा है. ख़बर के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी से अपने परिवार का 55 वर्षों का रिश्ता खत्म करते हुए वो शिंदे के आवास पर उनकी पार्टी में शामिल हो गए. इस मौके पर देवड़ा ने कहा कि आज कि कांग्रेस 1968 की कांग्रेस से बहुत अलग है, जब मेरे पिता ने कांग्रेस की सदस्यता ली थी. यदि कांग्रेस और शिवसेना ने रचनात्मक और सकारात्मक सुझावों, योग्यता और क्षमता महत्व दिया होता तो मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मैं आज यहां नहीं होते.
इसके अलावा मालदीव ने 15 मार्च तक भारत को अपने सैनिकों को वापस बुलाने को कहा, मकर संक्रांति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर गायों को खिलाया चारा, ठंड व कोहरे से उत्तर भारत परेशान और राम काज के लिए एकाकार हो रहा देश आदि ख़बरों को अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने पांच राज्यों में शीतलहर व पारा तीन डिग्री नीचे रहने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, कड़ाके की ठंड, कोहरे व शीतलहर से अभी राहत के आसार नहीं हैं. मौसम विभाग ने अभी तीन से चार दिन तक पांच राज्यों पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड और घने कोहरे की चेतावनी दी है. साथ ही 15 व 16 तारीख के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में रेड, ऑरेंज व यलो अलर्ट जारी किया है. कई जगह तापमान तीन डिग्री से नीचे रहने से रविवार को भीषण ठंड रही.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा रविवार को हिंसाग्रस्त मणिपुर के थौबल से शुरू होने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, राहुल ने कहा कि देशवासी भारी अन्याय का सामना कर रहे हैं. इसलिए यह यात्रा निकाली जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री वहां के लोगों के आंसू पोछने या हाथ पकड़ने नहीं आए. शायद उनके लिए मणिपुर देश का हिस्सा नहीं है. हम आपका दर्द समझना चाहते हैं.
इसके अलावा अंगीठी के धुएं से दिल्ली में छह और गुरुग्राम में एक की मौत, दिल्ली में गैरजरूरी निर्माण कार्यों पर पाबंदी और मालदीव के राष्ट्रपति ने वहां पर तैनात भारतीय सैनिकों को वापस बुलाने को कहा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू द्वारा भारत को 15 मार्च तक अपने सैनिकों को वहां से हटाए जाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. माले की ओर से भारतीय सैनिकों को हटाने की मांग किए जाने के दो महीने बाद राष्ट्रपति ने यह समय सीमा तय की है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मालदीव में 88 भारतीय सैन्य कर्मी हैं. राष्ट्रपति कार्यालय में सार्वजनिक नीति सचिव अब्दुल्ला नाजिम इब्राहिम ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि राष्ट्रपति मुइज्जू ने औपचारिक रूप से भारत से यह बात कही है.
दिल्ली-एनसीआर में फिर से वायु प्रदूषण बढ़ने के कारण तीसरे चरण के प्रतिबंध लागू किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, केंद्र सरकार ने दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र एनसीआर में बिगड़ती वायु गुणवत्ता के बीच क्षेत्र में गैरजरूरी निर्माण कार्य और बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल चार पहिया वाहनों के सड़कों पर दौड़ने पर प्रतिबंध लगाने का रविवार को आदेश दिया.
इसके अलावा रविवार को राहुल गांधी ने मणिपुर से भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू की, मिलिंद देवड़ा कांग्रेस छोड़ शिवसेना में हुए शामिल और शायर मुन्नवर राना का दिल का दौरा पड़ने से निधन आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने मणिपुर से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, अपने 138 साल की सियासी जीवन की सबसे कठिन चुनौती का सामना कर रही कांग्रेस रविवार को 66 दिन की भारत जोड़ो यात्रा पर चल पड़ी. इंडिया गठबंधन के 28 दलों के सहारे 2024 में मोदी सरकार की सत्ता से टकराने और देशवासियों को राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक न्याय दिलाने की लड़ाई की शुरुआत के लिए उन्होंने यह यात्रा शुरू की है. जिसके लिए उन्होंने मणिपुर को चुना, जो करीब एक साल की हिंसा के बाद लड़खड़ाते हुए शांति की ओर लौट रहा है.
कश्मीर में जिस गांव के तीन लोगों की हिरासत में मौत हुई थी, उसे अब सेना द्वारा मॉडल विलेज बनाए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, यह गांव जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बॉर्डर पर है. पहाड़ पर घने जंगल के बीच बसे टोपा पीर में 80 परिवार रहते हैं, जिनके पास आज भी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं. सेना के प्रवक्ता ने बताया कि गांव को सद्भावना योजना के तहत गोद लिया गया है. जिसके बाद अब वहां पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी.
इसके अलावा मिलिंद देवड़ा कांग्रेस छोड़ शिंदे की शिवसेना से जुड़े, गीता प्रेस धार्मिक पुस्तक छपते हुए जमीन पर नहीं रखते, मालदीव में भारत समर्थक पार्टी ने जीता मेयर चुनाव और मशहूर शायर मुन्नवर राना का निधन आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
Uttarakhand ERO refused BJP worker’s bulk Form 7 objections. After ECI complaint, 5,359 were accepted
-
A BJP worker in Uttarakhand objected. Voters in Kichha who never knew him are off the roll
-
Inside Brazil’s divided democracy
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables