Khabar Baazi
रोज़नामचा: सेना प्रमुख मनोज पांडे का पाक पर निशाना और एएमयू पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. किसी ने सेना प्रमुख मनोज पांडे के बयान तो किसी ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को लेकर सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई को प्रमुखता दी है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे के पुंछ व राजौरी में सीमापार से आतंक बढ़ने के बयान को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, सेना दिवस से पूर्व गुरुवार को वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि पूरे जम्मू-कश्मीर में सामान्य होते हालात के बीच पुंछ व राजौरी जिलों में आतंकी घटनाओं में बढ़ोतरी चिंता का विषय है. उन्होंने कहा है कि इलाके में सक्रिय ज्यादातर आतंकी सीमा पार से आए हैं. हालांकि, सेना प्रमुख ने घाटी के अन्य हिस्सों में हालात सामान्य होने और वहां पर्यटकों के बढ़ने को सकारात्मक बताया है.
इंदौर के सातवीं बार सबसे स्वच्छ शहर बनने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर मुताबिक, केंद्र सरकार ने गुरुवार को देशभर के शहरों की स्वच्छता रैंकिंग जारी की. इस सूची में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद क्षेत्र दो पायदान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर रहा. वहीं, इंदौर और सूरत को संयुक्त रूप से पहला स्थान मिला. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसे लेकर दिल्ली में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2023 भी प्रदान किए.
इसके अलावा आतंकी-गैंगस्टर गठजोड़ के खिलाफ एनआईए के छापे, भूकंप के तेज झटकों से कांपा दिल्ली-एनसीआर और दिसंबर में ‘गर्मी’ के चलते आम में समय से पहले आया बौर आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अखबार ने सेना के जनरल मनोज पांडे द्वारा वार्षिक संवाददाता सम्मेलन में चीन को लेकर दिए गए बयान को प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, सेना अध्यक्ष ने पूर्वी लद्दाख में भारत-चीन सीमा के हालातों को स्थिर मगर संवेदनशील करार दिया है. साथ ही कहा कि जब तक वास्तविक नियंत्रण रेखा पर अप्रैल 2020 की यथास्थिति बहाल नहीं हो जाती तब तक सीमा से सैनिकों की मौजूदा तैनाती नहीं हटाई जाएगी.
कांग्रेस द्वारा राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता अस्वीकार किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी द्वारा उसे हिंदू धर्म और संस्कृति विरोधी बताए जाने को भी प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों का निमंत्रण ठुकराना कांग्रेस की पुरानी प्रवृत्ति के अनुरूप है.
इसके अलावा संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से, राजौरी को दहलाने का षडयंत्र विफल और स्वच्छता सर्वेक्षण में फिर अव्वल आया इंदौर शहर आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अखबार ने सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे द्वारा वार्षिक संवाददाता सम्मेलन में दिए बया को प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, इस दौरान मनोज पांडे ने कहा कि कश्मीर घाटी में हिंसा की घटनाओं में कमी देखने को मिली है. साथ ही उन्होंने कहा कि सीमा पार से अभी भी आतंकी घुसपैठ की कोशिशें जारी हैं.
मणिपुर के तीन जिलों में बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री मिलने को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, चूड़ाचांदपुर और थौबल जिले के दो इलाकों के लोगों के बीच गोलीबारी के बाद लापता चार लोगों में से तीन के शव गुरुवार को बरामद किए गए.
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में तहरीक-ए- हुर्रियत और मुस्लिम लीग की संपत्तियां होंगी जब्त, कर्नाटक में भाई-बहन को प्रेमी जोड़ा समझकर हमला करने के मामले में सात लोग गिरफ्तार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे देश के सबसे लंबे समुद्र सेतु का उद्घाटन आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अखबार ने प्रदूषण फैलाने वाले ट्रकों को एनसीआर के बाहर मोड़ने के आदेश को लेकर एनजीटी को सुप्रीम कोर्ट द्वारा फटकार लगाए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, कोर्ट ने कहा कि एनजीटी का आदेश ऐसा था मानो सिर्फ दिल्ली में रहने वाली ही प्रदूषण मुक्त वातावरण के हकदार हैं. संविधान में यह गारंटी दी गई है कि मौलिक अधिकार सबके लिए समान रूप से लागू करने योग्य हैं और यह सिर्फ दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं है.
सुप्रीम कोर्ट में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के दर्जे को लेकर चल रही सुनवाई को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि लोगों के लिए कोई मायने नहीं रखता कि एएमयू एक अल्पसंख्यक संस्थान है या नहीं, जबकि वह इस दर्जे के बगैर ही राष्ट्रीय महत्व का संस्थान है.
इसके अलावा बब्बर खालसा-लॉरेंस गैंग के ठिकानों पर छापे, उत्तर प्रदेश में 22 जनवरी को रहेगा सार्वजनिक अवकाश, कांग्रेस की बैठक में ममता नहीं भेजेंगी अपना प्रतिनिधि और दिल्ली के 6 अस्पतालों में खराब गुणवत्ता के उपकरणों की खरीद में कमेटी की भूमिका संदिग्ध आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अखबार ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के अल्पसंख्यक दर्जे को लेकर सुप्रीम में चल रही सुनवाई को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान सवाल किया कि इस दर्जे से विश्वविद्यालय पर फर्क क्या पड़ता है, वो फिर भी राष्ट्रीय महत्व का संस्थान रहेगा ही. मालूम हो कि ये पूरा विवाद 57 साल पुराना है. इसे लेकर पहले भी कई बार फैसले दिए जा चुके हैं.
इसके अलावा अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर चल रही तैयारियों को भी भास्कर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, 20 जनवरी से अयोध्या में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी. केवल स्थानीय निवासियों और आमंत्रित लोगों की ही प्रवेश मिलेगा.
इसके अलावा बब्बर खालसा इंटरनेशनल और बिश्नोई गैंग के 6 राज्यों में 32 ठिकानों पर छापे, आरबीआई की रिपोर्ट-म्युचुअल फंड की 24 स्कीमों जोखिम, 84 कंपनियों में शत्रु संपत्ति के शेयर बेचेगी सरकार और सस्ते हो सकते हैं देश में असेंबल हो रहे फोन आदि ख़बरों भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra