Khabar Baazi
विकसित भारत संकल्प यात्रा, सुप्रीम कोर्ट का हाईकोर्ट को आदेश और नागपुर में ब्लास्ट
हिंदी के ज्यादातर प्रमुख अख़बारों ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी में विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबोधन को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अख़बारों ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा सभी हाई कोर्ट को जमानत अर्जियों पर शीघ्र सुनवाई करने के निर्देश की ख़बर को तो कुछ ने महाराष्ट्र के नागपुर में विस्फोटक कंपनी में ब्लास्ट होने से नौ लोगों की मौत व तीन के घायल होने की ख़बर को प्रमुखता से छापा है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वाराणसी में विकसित भारत संकल्प यात्रा में लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प मेरे लिए भी एक कसौटी है. इसमें मेरी भी परीक्षा हो रही है. इस यात्रा के बहाने यह जानने निकला हूं कि जिनके लिए लाभकारी योजनाएं शुरू की गई हैं. वे उन तक पहुंच रही हैं या नहीं. हिंदुस्तान अख़बार ने इस ख़बर को आज प्रमुखता से छापा है.
उत्तर भारत में सर्दी का सितम बढ़ने से पारा और गिरने के आसार को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, दिल्ली समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सर्दी का सितम शुरू हो गया है. पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो रही है. मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं के चलने से ठिठुरन बढ़ गई है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में ठंड बढ़ सकती है. विभाग ने 18 दिसंबर तक सुदूर दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में तेज बारिश होने की संभावना जताई है.
इसके अलावा संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने के आरोपी सागर के घर पहुंची दिल्ली पुलिस, स्वदेशी ब्लैक बॉक्स से करोड़ों बचाए, नागपुर में धमाका होने से नौ लोगों की मौत और सुप्रीम कोर्ट ने सभी हाई कोर्ट को जमानत के केस जल्द निपटाने का आदेश दिया आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत संकल्प यात्रा को ही पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ उनके कामों की कसौटी और परीक्षा है. सरकार की ओर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक उन्हें लाभार्थियों से मिल रहा है. वे जानना चाहते हैं कि उन्होंने जो कहा था, चाहा था, वैसा हुआ है या नहीं.
सुप्रीम कोर्ट ने सभी हाई कोर्ट को जामनत अर्जिओं पर शीघ्र सुनवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. ख़बर के मुताबिक, शीर्ष न्यायालय ने कहा कि वह अपने पूर्व आदेशों में कई बार कह चुका है कि यह मुद्दा लोगों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़ा है. इसलिए इस पर जल्द निर्णय किया जाना चाहिए. यह चिंता का विषय है कि बार-बार आदेश देने के बावजूद वही स्थिति जारी है.
इसके अलावा नागपुर में विस्फोटक बनाने वाली कंपनी में धमाका होने से नौ लोगों की मौत, सुकमा में नक्सलियों से मुठभेड़ में सीआरपीएफ सब इंस्पेक्टर बलिदान और आकाश मिसाइल ने हवा में एक साथ नष्ट किए चार लक्ष्य आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने भी पीएम मोदी की वाराणसी में विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबोधन को ही पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने लाभार्थियों को संबोधन करते हुए कहा कहा कि 2047 तक भारत निश्चित रूप से देश बन जाएगा. देश आज उठ खड़ा हुआ है और अगर 140 करोड़ देशवासी इस सोच से भर जाएं कि अब हमें देश को आगे ले जाना है, ऐसे नहीं रहना है, हमें हर एक की जिंदगी बदलनी है, तो मन में बोया गया यह बीज 25 साल में ऐसा वटवृक्ष बनेगा कि 2047 में भारत विकसित हो जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि देश में सरकारें बहुत आईं, योजनाएं भी बहुत बनीं, बातें भी बहुत हुईं, लेकिन समय से और बिना परेशानी के लोगों तक योजनाएं पहुंचाने वाली सरकार हमारी है.
विदेशमंत्री एस जयशंकर ने रविवार को बंगलुरु में रोटरी इंस्टीट्यूट के कार्यक्रम में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सुरक्षा परिषद पुराने क्लब जैसी, नए सदस्यों को स्वीकार नहीं करना चाहते कुछ देश.
ख़बर के मुताबिक, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि इससे सदस्य अपनी पकड़ खो देंगे. क्लब के सदस्य नहीं चाहते कि उनकी परंपराओं पर सवाल उठाया जाए. उन्होंने इसे मानवीय विफलता बताते हुए कहा कि बिना किसी सुधार के संयुक्त राष्ट्र कम प्रभावी होता जा रहा है.
इसके अलावा पाकिस्तान तहरिक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की वर्चुअल सभा में पहले पाकिस्तान में इंटरनेट सेवा ठप, घरों में लैंगिक असामनता दूर करने को कानून की जरूरत और पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ी ठिठुरन आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने संसद की सुरक्षा में सेंध मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा प्राथमिकी में सबूत मिटाने से जुड़ी धाराएं जोड़ने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, संसद की सुरक्षा में सेंध लगने के चार दिन बाद दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के नागौर से टूटे और जले हुए कुछ मोबाइल फोन के टुकड़े बरामद किए हैं, एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी में साबुत मिटाने से जुड़ी भारतीय दंड संहिता की धाराएं जोड़ दी हैं. जांच से जुड़े एक अधिकारी ने कहा कि ललित झा की निशानदेही पर शनिवार को मोबाइल फोन के कुछ टुकड़े बरामद किए गए हैं, जो मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए छह लोगों में से के हैं.
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा वाराणसी में विकसित भारत संकल्प यात्रा में दिए संबोधन को अख़बार ने दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को कहा कि ‘गरीबी हटाओ’ का नारा अलग बात है लेकिन अब देश के गरीब यह कहते हैं कि उनके घर में रसोई गैस का सिलेंडर आने के बाद अमीर और गरीब का भेद मिट गया है. उन्होंने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ को किसी राजनीतिक पार्टी का विकास नहीं बल्कि देश का काम करार दिया और कहा कि यह यात्रा सरकार द्वारा चलाई जा रही परियोजनाओं को लेकर जनता की प्रतिक्रिया जानने का अवसर है.
इसके अलावा उद्योगपति सज्जन जिंदल पर बलात्कार का मामला, लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर होगा मंथन, सुकमा में नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सीआरपीएफ का उपनिरीक्षक शहीद और महाकाल की नगरी में सीएम मोहन यादव ने रातभर रूककर तोड़ा मिथक आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने दिल्ली में कंपकंपा देने वाली ठंड पड़ने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री कम है. मौसम के जानकारों ने सोमवार को दिन में हल्के कोहरे की भविष्यवाणी की है. विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अभी से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में उत्तर-पश्चिमी दिशा से आ रही तेज रफ्तार बर्फीली हवाओं के कारण तापमान और गिरेगा और मौसम में जल्द बदलाव दिखेगा.
महाराष्ट्र में एक्सप्लोसिव कंपनी में धमाका होने से नौ लोगों की मौत व तीन के घायल होने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता से छापा है. ख़बर के मुताबिक, महाराष्ट्र के नागपुर के बाजारगांव में एक्सप्लोसिव कंपनी सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड में रविवार को धमाका हो गया. इससे इमारत में आग लग गई. 12 लोग इसकी चपेट में आ गए. नौ की मौत हो गई और तीन घायल हैं. मरने वालों में छह महिलाएं और तीन पुरुष हैं. नागपुर एसपी हर्ष पोद्दार के अनुसार ब्लास्ट कास्ट बूस्टर प्लांट में पैकिंग के वक्त हुआ.
इसके अलावा तीन जजों की बर्खास्तगी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट ने याचिका मंजूर की, नागौर में मिले संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने के आरोपियों के मोबाइल के जले हुए टुकड़े और उद्योगपति सज्जन जिंदल पर 30 वर्षीय महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
CBD COP17: Why digital genetic data debate matters to India’s farmers and researchers
-
The path of Cyclone Arnab went through India’s plans for data centres and future growth