Khabar Baazi
संसद पर हमले की 22वीं बरसी पर सुरक्षा में बड़ी चूक: लोकसभा में घुसे दो लोग, सांसदों ने पकड़े
साल 2001 में हुए संसद हमले की बरसी पर एक बार फिर लोकसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई. यहां बुधवार को दो लोगों ने लोकसभा में घुसकर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते हुए डिब्बा खोलकर पीले रंग का धुआं छोड़ा.
सामने आए वीडियो में उन्हें एक डेस्क से दूसरे डेस्क पर कूदते हुए देखा जा सकता है. ये लोग लोकसभा अध्यक्ष की कुर्सी की ओर बढ़ रहे थे. हालांकि, सदन के अंदर मौजूद सांसदों ने उन्होंने पकड़ लिया और वे हिरासत में हैं. वहीं, सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.
इस पूरे घटनाक्रम पर जानकारी देते हुए लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने बताया, “दो युवक गैलरी से कूद गए और उन्होंने कुछ फेंका, जिससे पीली गैस निकल रही थी. फिर सांसदों ने उन्हें पकड़ लिया और सुरक्षाकर्मियों ने बाहर निकाला.”
अधीर कहते हैं, “यह निश्चित रूप से एक सुरक्षा उल्लंघन है क्योंकि आज हमने उन लोगों की बरसी मनाई है जिन्होंने 2001 में अपने प्राणों की आहुति दी थी और आज ही नए ससंद भवन में फिर से ये हुआ.”
इसके अलावा दो लोगों को संसद के बाहर भी प्रदर्शन करते हुए हिरासत में लिया गया है. इस तरह कुल चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. इन चारों आरोपियों की पहचान सागर शर्मा, मनोरंजन, नीलम कौर और अनमोल शिंदे के रूप में हुई है.
अभी तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, नीलम हरियाणा के हिसार की रहने वाली है. वहीं, संसद भवन से हिरासत में लिए गए दो लोग भाजपा के सांसद प्रताप सिम्हा के हवाले से विजिटर पास पर लोकसभा पहुंचे थे.
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने भी इस पूरे मामले पर चिंता जताई. वे कहते हैं, “अचानक लगभग 20 साल के दो युवक दर्शक गैलेरी से सदन में कूद पड़े और उनके हाथ में कनस्तर थे. ये कनस्तर पीला धुआं छोड़ रहे थे. उनमें से एक अध्यक्ष की कुर्सी की ओर भागने का प्रयास कर रहा था. वे कुछ नारे लगा रहे थे. धुआं जहरीला हो सकता था. यह सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है, खासकर 13 दिसंबर को, जिस दिन 2001 में संसद पर हमला हुआ था.”
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा, "यह पूरी तरह से सुरक्षा चूक है. आज सदन के अंदर कुछ भी हो सकता था. जो भी लोग यहां आते हैं- चाहे वे विजिटर हों या रिपोर्टर, किसी के पास टैग नहीं हैं. सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए."
हालांकि, सदन में कूदने वाले ये दोनों लोग कौन हैं और क्या नारेबाजी की. इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि ये लोग किस सांसद की सिफारिश पर यहां तक पहुंचे थे.
Also Read
-
Ali Khan Mahmudabad on ‘Ganga-Jamuni fantasy’, dying languages and democracy online
-
‘A journalist only until I’m lathi-charged’: Meet the content creators behind Delhi’s protest videos
-
Why gig workers can’t choose working hours even in extreme weather
-
Inside CJP: Mehr Pasricha on how the movement works, and its critics
-
'गंगा-जमुनी' फ़ैंटेसी, मिटती भाषाएं एवं सोशल मीडिया के दौर में यूनिवर्सिटीज़ और लोकतंत्र का भविष्य