Khabar Baazi
रोज़नामचा: सेंथिल कुमार का विवादास्पद बयान और रेवंत रेड्डी होंगे तेंलगाना के मुख्यमंत्री
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. कुछ अखबारों ने रेवंत रेड्डी के तेलंगाना के सीएम के रूप में शपथ लेने तो कुछ ने द्रमुक सांसद सेंथिल कुमार के बयान तो किसी ने राजस्थान में हुई करणी सेना के सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने रेवंत रेड्डी को तेलंगाना का मुख्यमंत्री बनाए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेड्डी गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. रेड्डी की अध्यक्षता में पार्टी ने विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की थी. इस बीच राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्रियों के नाम पर भाजपा में मंथन जारी है.
उच्च न्यायालय द्वारा ईडब्ल्यूएस सीटों पर दाखिले के लिए आय सीमा पांच लाख रुपये करने के आदेश को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) कोटा के तहत राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों में प्रवेश के लिए मौजूदा आय सीमा को एक लाख रुपये बढ़ाकर पांच लाख रुपये सालाना करने का आदेश दिया. उच्च न्यायालय ने कानून की व्याख्या करते हुए कहा कि आय मानदंड, योजना के इच्छित लाभार्थियों के जीवन स्तर से मेल खाना चाहिए.
इसके अलावा राजपूत करणी सेना के प्रमुख सुखदेव सिंह की घर में घुसकर हत्या, बड़े नेताओं के न आने से ‘इंडिया’ की बैठक टली, इंद्रप्रस्थ अपोलो के खिलाफ जांच होगी और अडाणी समूह के शेयर में उछाल अदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने ज्ञानवापी मामले पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की टिप्पणी को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, इलाहबाद हाईकोर्ट ने कहा कि ज्ञानवापी में नमाज पढ़ने के अधिकार का 1940 में दिया निर्णय स्वामित्व विवाद में बाध्यकारी नहीं है. मंगलवार को सुनवाई के दौरान मस्जिद पक्ष की तरफ से दीन मोहम्मद केस का उल्लेख करते हुए कहा गया कि हाईकोर्ट से 1940 में ज्ञानवापी में नमाज पढ़ने का अधिकार मिला था. इस पर कोर्ट ने कहा कि वह अलग मुद्दा था. इस मामले में वह फैसला बाध्यकारी नहीं होगा.
द्रमुक सांसद सेंथिल कुमार द्वारा दिए बयान पर विवाद खड़ा होने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, द्रमुक सांसद डीएनवी सेंथिल कुमार एस. ने हिंदी पट्टी के राज्यों को ‘गोमूत्र राज्य’ की संज्ञा दी और चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा दक्षिण भारत में सत्ता में नहीं आ सकती. लोकसभा में मंगलवार को जम्मू-कश्मीर आरक्षण संशोधन विधेयक और पुनर्गठन संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान उन्होंने यह बात कही.
इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “एक निशान, एक प्रधान और एक विधान सिर्फ नारा नहीं, मुख्यमंत्री को लेकर भाजपा का मंथन, ‘हिट’ नहीं ‘फिट’ चेहरों की तलाश और राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष की घर में घुस कर हत्या आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने तूफान मिचौंग के कमजोर पड़ जाने को भी अखबार ने पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, चेन्नई में लैंडफॉल के पहले ही भारी तबाही मचाने वाला तूफान मिचौंग आंध्र प्रदेश में कमजोर पड़ गया. अमरावती मौसम केंद्र के मुताबिक, तूफान तीन घंटे बापटला में रहा. इसे देखते हुए आंध्र और तमिलनाडु में 140 से ज्यादा ट्रेन और 40 उड़ानें रद्द कर दी गईं. कई जिलों में स्कूल भी बंद हैं.
रिहायशी इलाके में खुले घूम रहे तेंदुए के वापस असोला वाइल्ड लाइफ सेंचुरी पहुंच जाने को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, सैनिक फार्म एरिया के आसपास रहने वाले लोगों को अब घबराने की जरुरत नहीं है. जंगल इलाके में चार दिन तक तेंदुए की खोजबीन में चला सर्च ऑपरेशन मंगलवार को पूरा हो गया. वन विभाग के अधिकारी ने इस बात को सुनिश्चित किया कि अब तेंदुआ वापस असोला वाइल्ड लाइफ सेंचुरी जा चुका है.
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट में दलील- असम के मूल निवासी भूमिहीन-विदेशी बनने को मजबूर, ईडी की लॉरेंस के राजस्थान व हरियाणा में करीबियों के 13 ठिकानों पर छापेमारी, बिना पीयूसी के दिल्ली में वाहन चलाने वालों की अब खैर नहीं और हरियाणा विधानसभा सत्र तक मसला नहीं सुलझा तो स्वास्थ्य विभाग छोड़ सकते हैं मंत्री अनिल विज आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने चक्रवाती तूफान मिचौंग के आंध्र प्रदेश पहुंचने को भी पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, मिचौंग मंगलवार दोपहर 100 किमी की गति से आंध्र प्रदेश में नेल्लोर और कवाली के बीच बापटला के पास तट से टकराया. इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के अलावा चेन्नई में भी भारी बारिश हुई. इससे जुड़े हादसों में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 घायल हैं. दोनों राज्यों में 70 से अधिक उड़ानें और करीब 200 ट्रेनों का संचालन रद्द करना पड़ा.
पाकिस्तान में मौजूद भारत के दो बड़े दुश्मनों के हमेशा के लिए खामोश हो जाने को भी अखबार ने प्रमुखता दी है. पाकिस्तानी मीडिया ख़बरों के मुताबिक, मुंबई के 26/11 हमलों के मास्टरमाइंड साजिद मीर को जेल में जहर देकर मार दिया गया. जबकि लुधियाना कोर्ट में धमाके के मास्टरमाइंड खालिस्तान समर्थक आतंकी लखबीर सिंह रोडे की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई.
इसके अलावा दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा ईडब्ल्यूएस दाखिले के लिए आय सीमा को पांच लाख रुपये करने का आदेश और गीतिका बनी दुनिया की सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र में पहली महिला चिकित्सा अधिकारी आदि ख़बरों को अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने द्रमुख सांसद सेंथिल कुमार के बयान को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, लोकसभा में मंगलवार को जम्मू-कश्मीर आरक्षण संशोधन विधेयक और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन विधेयकों पर चर्चा के दौरान द्रविड़ मुनेत्र कड़गम सांसद डीएनवी सेंथिल कुमार ने भाजपा को लेकर कहा कि उसे ‘गौमूत्र वाले राज्यों’ में वोट मिलते है, दक्षिणी राज्यों में नहीं. इस पर सदन में हंगामा हो गया. हालांकि, बाद में उन्होंने माफी मांग ली.
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष की हत्या को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार को अज्ञात हमलावरों ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर गोलियां चला दीं. पुलिस के अनुसार गोगामेड़ी की बाद में अस्पताल में मौत हो गई. गोलीबारी में एक हमलावर की भी मौत हुई है.
इसके अलावा रेवंत रेड्डी कल लेंगे तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ, डीपफेक पर निर्देशों का सौ फीसदी करना होगा पालन, राजस्थान में मुख्यमंत्री को लेकर संसदीय बोर्ड का फैसला सभी को होगा मान्य और अब दिसंबर के तीसरे हफ्ते में होगी इंडिया गठबंधन की बैठक अदि ख़बरों को अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Vote Bachao, Desh Bachao’: The INDIA bloc rally at Ramlila Maidan, as it unfolded
-
Uttarakhand SIR: 2,700+ names deleted in Gadarpur on objections filed by poll officers after the deadline
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant