Media
तेलंगाना एग्जिट पोल्स 2023: केसीआर की होगी वापसी या कांग्रेस को मिलेगी कुर्सी?
तेलंगाना में आज 119 सीटों पर विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया गया है. इसके परिणाम 3 दिसंबर को आएंगे, लेकिन उससे पहले एग्जिट पोल्स के नतीजे आ गए हैं.
मालूम हो कि तेलंगाना में वर्तमान में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की सरकार है, जिसे पहले (2022 तक) तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के नाम से जाना जाता था. साल 2018 के विधानसभा चुनावों में बीआरएस को 88, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 1, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (कांग्रेस) को 19, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को 7, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) को 2 और आल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (एआईएफबी) को 1 सीट मिली थी.
इस बार के चुनाव में कांग्रेस और बीआरएस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है. एग्जिट पोल के नतीजों की मानें तो इस बार प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनती नजर आ रही है. आइए तेलंगाना के एग्जिट पोल्स पर एक नजर डालते हैं.
टुडे-चाणक्य एग्जिट पोल के मुताबिक, तेलंगाना में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार आ सकती है. यहां कांग्रेस पार्टी को 71 से लेकर 80 सीट तक मिल सकती है. वहीं, सत्तारूढ़ बीआरएस को 33 से 41 सीट और भाजपा को 7 से 12 सीट मिलने का अनुमान है. अन्य को 8 से 11 सीट मिल सकती है.
सी वोटर- एबीपी न्यूज के एग्जिट पोल में भी कांग्रेस पार्टी ही प्रदेश में सबसे ज्यादा सीटें जीत रही है और यहां तक कि उसे पूर्ण बहुमत भी मिल सकता है. इसके मुताबिक, कांग्रेस पार्टी को 49 से 65 सीटें मिलने का अनुमान है. वहीं, सत्तारूढ़ बीआरएस 38 से 54 सीट, भाजपा को 5 से 13 सीट और एआईएमआईएम को 5 से 9 सीट तक मिलने का अनुमान है.
पोलस्ट्रैट- टीवी 9 एग्जिट पोल के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी बहुत के नजदीक पहुंच रही है. हालांकि, उसे स्पष्ट बहुमत नहीं मिल रहा है. यहां कांग्रेस पार्टी को 49 से 59 सीटें मिलने का अनुमान है. वहीं, बीआरएस को 48 से 58 सीट, भाजपा को 5 से 10 सीट और एआईएमआईएम को 6 से 8 सीट मिलने का अनुमान है.
मैट्राइज़ - रिपब्लिक टीवी एग्जिट पोल के मुताबिक, तेलंगाना में कांग्रेस पार्टी की सत्ता में वापसी हो रही है. यहां कांग्रेस को 58 से 68 सीट मिलने का अनुमान है. वहीं, बीआरएस को 46 से 56 सीट, भाजपा को 4 से 9 सीट और एआईएमआईएम को 5 से 7 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है.
ईटीजी - टाइम्स नाऊ एग्जिट पोल के मुताबिक भी प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने जा रही है. यहां कांग्रेस को 60 से 70 सीटें मिलने का अनुमान है. बीआरएस को 37 से 45 सीट, भाजपा को 6 से 8 सीट और एआईएमआईएम को 5 से 7 सीट मिलने का अनुमान है.
सीएनएक्स- इंडिया टीवी एग्जिट पोल के मुताबिक, कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार बन रही है. कांग्रेस को 63 से 79 सीटों पर जीत मिल रही है. बीआरएस को 31 से 47 सीट, भाजपा को 2 से 4 सीट और एआईएमआईएम 5 से 7 सीट मिलने का अनुमान है.
Also Read
-
‘Vote Bachao, Desh Bachao’: The INDIA bloc rally at Ramlila Maidan, as it unfolded
-
Uttarakhand SIR: 2,700+ names deleted in Gadarpur on objections filed by poll officers after the deadline
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant