Khabar Baazi
रोज़नामचा: पांच राज्यों के एग्जिट पोल्स और लड़ाकू विमानों के खरीद प्रस्तावों को मंजूरी
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. कुछ अखबारों ने पांच राज्यों के चुनावों से पहले आए एग्जिट पोल्स तो कुछ ने भारत सरकार द्वारा लड़ाकू विमानों की खरीद के प्रस्तावों को मंजूरी मिलने को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अखबारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को भी पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के परिणाम से पहले आए एग्जिट पोल को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, विभिन्न पोल में अलग-अलग दलों के बढ़त के परस्पर विरोधी आंकड़ें सामने आए हैं. पार्टियों और लोगों की निगाहें अब 3 दिसंबर को होने वाली मतगणना पर टिक गई है. मध्य प्रदेश में टीवी9-पोलस्ट्रैट, इंडिया-टुडे एक्सिस और न्यूज़24-चाणक्य भाजपा की सरकार बनने का आसार जता रहे हैं. वहीं, जन की बात के एग्जिट पोल में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला दिख रहा है. रिपब्लिक-मैट्राइज और एबीपी-सी वोटर यहां कांग्रेस को बढ़त दे रहे हैं.
एक बार फिर से दिल्ली समेत देश के 18 इलाकों की वायु गुणवत्ता खराब होने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, राजधानी में हवा फिर से जहरीली हो गई है. गुरुवार को दिल्ली का वायु का गुणवत्ता सूचकांक गंभीर श्रेणी की दहलीज 398 पर पहुंच गया है. चौबीस घंटे के भीतर ही 108 अंकों का इजाफा सूचकांक में हुआ है. 20 अक्टूबर के बाद एक दिन भी ऐसा नहीं रहा जब हवा सांस लेने लायक रही हो.
इसके अलावा दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने काम में देरी पर अफसरों को लगाई फटकार, दिल्ली के आम लोगों के बीच संवाद के लिए पचास से ज्यादा रैलियों का आयोजन करेगी कांग्रेस, नमो भारत ट्रेन के स्टशनों पर मिलेगी चार्जिंग सुविधा और आईजीआई एयरपोर्ट के आसपास से 200 सीसीटीवी कैमरे हटाए आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने 97 तेजस लड़ाकू विमान और 156 प्रचंड हेलीकाप्टर खरीदने के सरकार के फैसले को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, केंद्र सरकार ने तीनों सेनाओं की सैन्य उपकरण जरूरतों को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए करीब 2.23 लाख करोड़ रुपये के रक्षा खरीद प्रस्तावों को प्रारंभिक मंजूरी दी है. इनमें 97 तेजस हल्के लड़ाकू विमान के साथ 156 प्रचंड हेलीकाप्टरों की खरीद का प्रस्ताव भी शामिल है.
पांच राज्यों के चुनाव परिणाम से पहले एग्जिट पोल्स को भी अखबार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भाजपा आगे है तो वहीं छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में कांग्रेस को बढ़त मिल रही है. इसके साथ ही मिजोरम में खंडित जनादेश की संभावना है. अधिकांश एग्जिट पोल के अनुमानों का औसत निकालने पर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस लगातार दूसरी बार जीत हासिल करते हुए सत्ता में लौटती नजर आ रही है. छत्तीसगढ़ को लेकर न्यूज़24-टुडे चाणक्य, एबीपी-सी वोटर, इंडिया टुडे-एक्सिस, इंडिया टीवी-सीएनएक्स, रिपब्लिक टीवी-मैट्राइज और टीवी9-पोलस्ट्रैट के एग्जिट पोल्स के आंकड़े कांग्रेस को बढ़त दिखा रहे हैं.
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- गरीब, युवा, महिलाएं व किसान मेरे लिए सबसे बड़ी चार जातियां, सीबीआई ने तृणमूल कांग्रेस के विधायक जाफिकुल के घर से बरामद किए 35 लाख रुपये और पंजाब में कांग्रेस के पूर्व मंत्री साधु सिंह धर्मसोत और संगत सिंह गिलजियां के घर ईडी का छापा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाएं, युवा, किसान और गरीबों को सबसे बड़ी जातियां बताने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने गुरुवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा से जुड़े कार्यक्रम में केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों से ऑनलाइन संवाद करते हुए कहा कि महिलाएं, युवा शक्ति, गरीब और किसान ही उनके लिए देश की चार सबसे बड़ी जातियां हैं. ये चारों ही देश के चार अमृत स्तंभ हैं, जिन पर विकसित भारत का संकल्प टिका है. इन चार जातियों का हर क्षेत्र में उत्थान भारत को विकसित बनाएगा.
पांच राज्यों के एग्जिट पोल्स को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, एग्जिट पोल के नतीजों में तेलंगाना में छह में से तीन एजेंसियों ने पूर्ण बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनने की भविष्यवाणी की है.
इसके अलावा विश्व जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मलेन कॉप-28 के लिए दुबई पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 97 तेजस एवं 156 प्रचंड हेलीकाप्टर खरीदेगी भारतीय सेना आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने पांच राज्यों के एग्जिट पोल्स को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, राजस्थान में भाजपा की सरकार बन सकती है. न्यूज़24-टुडे चाणक्य, एबीपी-सी वोटर, इंडिया टुडे-एक्सिस, इंडिया टीवी-सीएनएक्स, रिपब्लिक टीवी-मैट्राइज और टीवी9-पोलस्ट्रैट के जारी आंकड़ों के अनुसार यहां भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है.
97 तेजस और 156 प्रचंड हेलीकाप्टर खरीदने की सरकार की योजना को भी अखबार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, भारत सरकार ने सेनाओं को और मजबूत करने के लिए बेड़े में नए फाइटर जेट जोड़ने की स्वीकृति दी. रक्षा मंत्री की रक्षा अधिग्रहण वाली परिषद (डीएसी) ने गुरुवार को वायु सेना के लिए 97 तेजस लड़ाकू विमान और 156 प्रचंड हेलीकॉप्टरों की खरीद को मंजूरी दे दी. इन सभी पर कुल 2.23 लाख करोड़ रूपए खर्च होंगे.
इसके अलावा टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा टेक का मार्केट में पहले ही दिन बढ़ गया पैसा, कनाडा की मीडिया फर्मों को कंटेंट के बदले सालाना 612 करोड़ रुपये देगी गूगल और चीन ने कहा पूर्वी लद्दाख में सीमा पर हालात स्थिर आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने पांच राज्यों के एग्जिट पोल्स को पहली सुर्खी बनाया है. एग्जिट पोल्स के मुताबिक, मिजोरम में त्रिंशुक विधानसभा के आसार हैं. न्यूज़24-टुडे चाणक्य, एबीपी-सी वोटर, इंडिया टुडे-एक्सिस, इंडिया टीवी-सीएनएक्स, रिपब्लिक टीवी-मैट्राइज और टीवी9-पोलस्ट्रैट के जारी आंकड़ों के अनुसार यहां गठबंधन की सरकार बनने की संभावना है.
अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए आरोपों पर चिंता जताए जाने को भी अखबार ने प्रमुखता दी है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, “यह मामला खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के संबंध में कनाडा के आरोपों पर भारत के रुख को नहीं बदलता है. बुधवार को अमेरिका में संघीय अभियोजकों ने आरोप लगाया कि निखिल गुप्ता नाम के व्यक्ति ने एक भारतीय सरकारी कर्मचारी के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की साजिश रची थी, जिसे नाकाम कर दिया गया था.”
इसके अलावा भाजपा को 2022-23 में मिला 720 करोड़ का चंदा, देश की आर्थिक वृद्धि दर 7.6 फीसदी पर, नहीं रहे अमेरिकी विदेश नीति के नायक हेनरी किसिंजर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नारी, युवा, किसान और गरीब उनके लिए सबसे बड़ी जातियां आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra