Khabar Baazi
रोज़नामचा: विश्वकप सेमीफाइनल में भारत की जीत और डोडा के बस हादसे में 39 लोगों की मौत
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. कुछ अख़बारों ने क्रिकेट वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में मिली भारत को जबरदस्त जीत तो कुछ ने जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुए बस हादसे को प्राथमिकता दी है. वहीं, कुछ अख़बारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आदिवासियों के लिए योजनाएं शुरू करने को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण अख़बार ने क्रिकेट वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत को मिली जीत को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, ग्रुप चरण में अभी तक अपने सभी 9 मैच जीतकर अपराजेय रही भारतीय टीम ने पहले सेमीफाइनल मैच में न्यूज़ीलैंड की टीम को 70 रनों से हराकर चौथी बार वनडे विश्वकप के फाइनल में प्रवेश किया.
जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं की शुरुआत की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के खूंटी जिले में बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर संबोधन के दौरान कहा कि पहले की सरकारों ने सिर्फ आदिवासियों के आंकड़े इकट्ठा करने का काम किया, हम उन्हें उनका हक देने का प्रयास कर रहे हैं.
इसके अलावा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में थमा चुनाव प्रचार, आगे निकलने की होड़ में 300 फीट गहरी खाई में गिरी बस तो 39 लोगों की मौत और उत्तराखंड में सुरंग में फंसे 40 लोगों को निकालने के लिए आई हाईपावर ड्रिलिंग मशीन्स आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आदिवासियों के लिए योजनाएं शुरू करने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने आदिवासियों के लिए 24 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं शुरू की और कहा कि उनकी सरकार ने पिछले पांच सालों में 13 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला.
जम्मू-कश्मीर के डोडा में एक निजी बस के 300 फुट गहरी खाई में गिर जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, हादसे में 39 लोगों की मौत हो गई और करीब 16 यात्री घायल हुए. बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे, यह भी हादसे का कारण बना.
इसके अलावा उत्तरकाशी में चार दिन से सुरंग में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए अब लगाई हाई पावर मशीने, क्रिकेट वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 70 रन से हराया और नई दिल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी आग आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान अख़बार ने क्रिकेट वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत को मिली जीत को पहली सुर्खी बनाया है. एक रोमांचक मुकाबले में न्यूज़ीलैंड को 70 रनों से हराकर भारत ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है. विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के धुआंधार शतकों और मोहम्मद शमी की घातक गेंदबाजी ने इस मुकाबले को और भी रोमांचक बना दिया.
नई दिल्ली से दरभंगा जा रही एक्सप्रेस के डिब्बों में आग लगने को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, जब यात्रियों ने लपटें उठती देखी तो डिब्बों से कूदकर जान बचाई. हादसे में 8 यात्री झुलस गए जबकि 18 अन्य घायल बताए जा रहे हैं.
इसके अलावा गंभीर श्रेणी में पहुंचे प्रदूषण से राहत के आसार नहीं, जम्मू-कश्मीर के डोडा में बस के खाई में गिरने से 38 यात्रियों की मौत और गाजा के सबसे बड़े अस्पताल में घुसी इज़रायली सेना आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने तस्करों द्वारा दो सालों में हजारों रोहिंग्याओं को 10 राज्यों में अवैध तरीके से बसाए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देते हुए मानव तस्करों ने हजारों रोहिंग्या मुसलमानों को न सिर्फ सीमा पार कराई बल्कि मोटी रकम लेकर उन्हें देश के दस अलग-अलग राज्यों में बसा भी दिया. जांच में सामने आया कि मध्य प्रदेश, असम, तमिलनाडु, कर्नाटक और राजस्थान से संबंधित मानव तस्कर संगठित अपराध गिरोह की तर्ज पर काम कर रहे हैं. इस तथ्य का खुलासा होने पर भारतीय खुफिया एजेंसियों ने गृह मंत्रालय को इसकी सूचना दी है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तीसरे जनजातीय गौरव दिवस पर आदिवासियों के लिए 24 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं शुरू करने के भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, 28 लाख आदिवासियों के लिए ये मिशन लॉन्च किया गया है. इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान योजना की 15वीं किस्त भी जारी की.
इसके अलावा इंफोसिस संस्थापक ने कहा कि टीचर्स ट्रेनिंग पर हर साल 8310 करोड़ रूपए खर्च होना चाहिए और नई दिल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस की दो बोगियों में आग लगने से छह लोग झुलसे आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने क्रिकेट विश्व कप के सेमिफाइनल में भारत को मिली विराट जीत को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, मोहम्मद शमी ने सात विकेट लिए. वहीं, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के शतकों की बदौलत भारत ने विशाल स्कोर बनाया.
जम्मू-कश्मीर के डोडा में बस के खाई में गिरने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, हादसे में 39 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य यात्री घायल हैं. इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने दुख जताया है.
इसके अलावा उत्तराखंड में सुरंग में 4 दिनों से फंसे मजदूरों को निकालने का अभियान तेज, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में थमा चुनाव प्रचार, उरी में घुसपैठ की कोशिश नाकाम और दिल्ली सहित पांच शहरों की हवा खतरनाक स्तर पर पहुंची आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra