Khabar Baazi
रोज़नामचा: नीतीश की माफी, महुआ के खिलाफ जांच और दिल्ली में बढ़ता प्रदूषण
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. कुछ अख़बारों ने प्रजनन को लेकर दिए गए बयान पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा माफी मांगने तो कुछ ने महुआ मोइत्रा के मामले को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अख़बारों ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और सरकाक द्वारा उठाए कड़े कदमों को भी प्राथमिकता दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने दिल्ली में बाहरी कैब के प्रवेश पर रोक लगाए जाने की तैयारी को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, दिल्ली सरकार ने राजधानी में बढ़ते प्रदूषण पर काबू पाने के लिए दूसरे राज्यों से आने वाली एप आधारित टैक्सियों पर पाबंदी लगाने का फैसला किया है. सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि बुधवार को हुई बैठक में परिवहन विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं. सरकार के इस फैसले के बाद दिल्ली में पंजीकृत (डीएल नंबर) टैक्सियां ही चल पाएंगी.
महुआ की संसद सदस्यता रद्द करने की सिफारिश को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, गुरुवार को होने वाली लोकसभा की आचार समिति बैठक में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा को अनैतिक आचरण के तहत संसद के निचले सदन से निष्कासित करने की सिफारिश करेगी. महुआ पर भारत से बाहर रहने वाले एक व्यवसायी से अपने संसद लॉग इन से जुड़ी जानकारी साझा करने का आरोप है.
इसके आलावा अख़बार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा प्रजनन को लेकर दिए अपने बयान पर माफी मांगने, एल्विश यादव से एक मामले में तीन घंटे पूछताछ और गुरुग्राम से यूपी जा रही बस में आग लगने से दो यात्रियों के जलने आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने लोकपाल द्वारा महुआ मोइत्रा के खिलाफ सीबीआई जांच के आदेश दिए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि लोकपाल ने तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा के कथित भ्रष्टाचार के संबंध में सीबीआई जांच का आदेश दिया है. वहीं, इस सिलसिले में मोइत्रा का कहना है कि सीबीआई को सबसे पहले अडाणी समूह द्वारा कथित कोयला घोटाले की जांच के लिए प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए.
अख़बार ने केंद्र द्वारा दिल्ली सरकार की सम-विषम योजना को खारिज किए जाने को भी प्राथमिकता दी है. ख़बर के मुताबिक, वायु प्रदूषण की खतरनाक स्थिति से जूझ रही दिल्ली को राहत पहुंचाने के लिए केंद्र ने कृत्रिम बारिश जैसे दूसरे विकल्पों को आजमाने का सुझाव दिया है. साथ ही राज्यों को वायु प्रदूषण के खिलाफ छिड़ी इस मुहिम में पुलिस को उतारने के निर्देश दिए हैं ताकि पराली जलाने वाले लोगों सहित वायु प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ सख्ती से निपटा जा सके.
इसके अलावा विवादस्पद बोल पर घिरे नीतीश कुमार, दिल्ली-एनसीआर में दौड़ रहे पुराने वाहनों पर तत्काल शिकंजे का निर्देश, रोहिंग्या की घुसपैठ कराने वालों पर शिकंजा और महादेव सट्टेबाजी एप के प्रमोटरों समेत 32 लोगों पर केस आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के चलते सरकार द्वारा उठाए गए और कड़े कदमों को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, राज्य सरकार ने बुधवार को हुई बैठक में आगामी 18 नवंबर तक स्कूल बंद रखने और दिल्ली के बाहर से आने वाली एप आधारित टैक्सियों पर रोक लगाने का फैसला लिया है. वहीं, 13 नवंबर से लागू होने वाली सम-विषम योजना को फिलहाल के लिए टाल दिया गया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नीतीश कुमार के अमर्यादित बयान को निशाना बनाए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा कि घमंडिया गठबंधन के एक नेता ने विधानसभा में मां-बहनों की मौजूदगी में ऐसी भद्दी भाषा में बातें की, कोई कल्पना नहीं कर सकता. वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा अपने बयान पर माफी मांगने की ख़बर को भी अख़बार ने साथ में नत्थी किया है.
इसके अलावा आचार समिति ने रिपोर्ट में की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा की सदस्यता रद्द करने की सिफारिश, दिवाली पर मेट्रो सेवाएं दिल्ली में रात 10 बजे तक ही और दिसंबर के दूसरे हफ्ते में संसद सत्र बुलाए जाने की संभावना आदि ख़बरों को भी आज अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा माफी मांगने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनसंख्या नियंत्रण को लेकर दिए गए अपने बयान पर विवादों में घिरने के बाद माफी मांग ली है. उन्होंने कहा, “मैं महिला उत्थान का जिक्र कर रहा था और मेरी किसी बात से किसी को दुख पहुंचा हो तो मैं अपनी निंदा करता हूं.”
हाईवे पर चलती बस में आग लगने से दो लोगों के जिंदा जलने की ख़बर को भी अख़बार ने प्राथमिकता दी है. ख़बर के मुताबिक, दिल्ली-जयपुर हाई-वे पर बुधवार रात को एक चलती डबल डेकर बस में आग लग गई. इस भीषण आग में दो लोग बस में ही फंस कर जल गए. वहीं, 12 अन्य यात्री झुलस गए.
इसके आलावा भाजपा सांसद का दावा महुआ के खिलाफ सीबीआई जांच के आदेश, ब्रिटैन से आने वाली ईवी कारें होंगी सस्ती और सोने में पिछले धनतेरस से अब तक 21 प्रतिशत रिटर्न,5 साल में दोगुना आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने दिल्ली सरकार की बैठक में प्रदूषण रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. दिल्ली सरकार ने दूसरे राज्यों से एप आधारित वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी. साथ ही, स्कूलों की शीतकालीन छुट्टियों में बदलाव किया गया है जो कि 18 नवंबर तक रहेंगी. वहीं, सरकार ने सम-विषम योजना को फिलहाल के लिए टाल दिया है.
विवादित बयान पर हंगामे के बाद नीतीश द्वारा माफी मांगने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक दिन पहले जनसंख्या को नियंत्रित करने में महिला शिक्षा के महत्व से जुड़ी अपनी टिप्पणी के लिए बुधवार को विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ इसके बाहर भी माफी मांगी. वहीं भाजपा विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर उनके बयान की निंदा की.
इसके अलावा चलती बस में आग लगने से दो की मौत, आचार समिति की मसविदा रपट में मोइत्रा को लोकसभा से निष्कासित करने की सिफारिश और संसद का शीतकालीन सत्र दिसंबर के दूसरे हफ्ते से आरंभ होने की संभावना आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Was just trying to pass water’: Jamia detentions and campus shutdown deepen standoff over union
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
Will Gen Z vote out the BJP in ‘27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
The path of Cyclone Arnab went through India’s plans for data centres and future growth