Khabar Baazi
रोज़नामचा: जहरीले नशे के खेल में फंसे एल्विश, सीएम भूपेश पर आरोप और जहरीली हुई दिल्ली की हवा
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को प्राथमिकता दी है. किसी ने भूपेश बघेल को महादेव बेटिंग एप द्वारा 508 करोड़ मिलने के प्रवर्तन निदेशालय के दावे तो किसी ने दिल्ली की हवा और बिगड़ने पर केंद्र द्वारा कड़े प्रतिबंध लगाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अख़बारों ने रेव पार्टी में सांपों का जहर परोसने के आरोपों में फंसे एल्विश यादव की ख़बर को भी प्राथमिकता दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, राजधानी में प्रदूषण मानकों से पांच गुणा बढ़ गया है. मालूम हो कि साल 2019 में दूषित हवा के कारण भारत में 17 लाख लोगों की मौत हो गई थी.
दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के तेज झटके आने को भी अख़बार ने प्राथमिकता दी है. ख़बर के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई. जिसका केंद्र नेपाल में था.
इसके अलावा जहरीले नशे के आरोपों में फंसे यूट्यूबर एल्विश यादव, प्रवर्तन निदेशालय का दावा- महादेव बेटिंग एप के प्रवर्तकों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को दिए 508 करोड़ रुपये आदि ख़बरों को भी आज प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है.
दैनिक जागरण अख़बार ने 'एनसीआर की सांस फूली' शीर्षक से दिल्ली में खराब होती वायु गुणवत्ता को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है. इसके साथ ही हवा में नाइट्रोजन ऑक्साइड और सल्फर की मात्रा पाई गई है जो सिर्फ उद्योग और वाहनों से जलने वाले ईंधन से पैदा होता है. यह स्थिति तब है जब केंद्र द्वारा पहले से ही राज्यों को सतर्क किया जा चुका था. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी 234 शहरों की वायु गुणवत्ता रिपोर्ट के अनुसार ग्रेटर नोएडा सबसे ज्यादा प्रदूषित और दिल्ली दूसरे स्थान पर है.
महादेव एप के प्रमोटरों से भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपये मिलने के ईडी के दावे को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. खबर के मुताबिक, छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से ठीक पहले ईडी ने मुख्यमंत्री बघेल पर सट्टेबाजी करने वाले महादेव एप के प्रमोटरों से बड़ी मात्रा में नकदी लेने का दावा किया. ईडी के अनुसार कैश डिलीवर करने वाले असीम दास के मोबाइल और ईमेल से यह जानकारी मिली है.
इसके अलावा शुक्रवार रात नेपाल में आए भूकंप से एनसीआर समेत कांपा उत्तर भारत और सुप्रीम कोर्ट ने आप नेता राघव चड्ढा को सभापति जगदीप धनखड़ से बिना शर्त माफी मांगने के दिए आदेश आदि ख़बरों को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने मणिपुर हिंसा के बाद 12 हजार बच्चों का भविष्य अधर में होने को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि मणिपुर में भले ही हिंसा थोड़ी कम हुई हो लेकिन जिंदगी अभी भी पटरी पर नहीं लौट सकी है. हाल यह है कि कुकी जिलों के बाजार, स्कूल और दफ्तर में कोई मैती नहीं दिखेगा और मैती जिलों में कोई कुकी नहीं दिखेगा. 3 मई को भड़की हिंसा में सबसे ज्यादा प्रवभावित स्कूल ही हुए थे. जिसकी वजह से आज 12 हजार से ज्यादा स्कूली बच्चों का भविष्य अटक गया है.
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को महादेव बेटिंग एप के प्रवर्तकों द्वारा 508 करोड़ रुपए मिलने के दावे को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. इस मामले में ईडी ने रायपुर से असीम दास नाम के एक व्यक्ति को 5.39 करोड़ रुपये की रकम के साथ गिरफ्तार किया था. ईडी के मुताबिक, उसी ने यह रकम बघेल को पहुंचाने की बात कबूली है. बघेल ने ईडी पर आरोप लगाया है कि भाजपा अब ईडी, सीबीआई, आईटी जैसी एजेंसियों के जरिए चुनाव लड़ना चाहती है.
इसके अलावा बिगबॉस विनर एल्विश यादव सहित 6 लोगों के खिलाफ नशे के लिए सांप का जहर और लड़कियां उपलब्ध कराने पर एफआईआर दर्ज और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में भाजपा का घोषणा पत्र जारी करते हुए गरीबों को 500 रुपये में सिलिंडर सहित कई और गारंटी दी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने महादेव एप के प्रमोटरों द्वारा छत्तीसगढ़ के सीएम बघेल को 508 करोड़ रुपये मिलने के प्रवर्तन निदेशालय के दावे को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, ईडी ने दावा किया कि उन्होंने एक शख्स को 5.39 करोड़ रुपये की रकम के साथ गिरफ्तार किया है. उसी शख्स ने बघेल को राशि दिए जाने की बात कही है. यह रकम दुबई के रास्ते छत्तीसगढ़ तक पहुंची.
रेव पार्टी में सांपों का जहर परोसने के आरोपों में फंसे एल्विश यादव मामले को भी अख़बार ने प्राथमिकता दी है. ख़बर के मुताबिक, बिगबॉस के विजेता और यूट्यूबर एल्विश यादव समेत 6 लोगों के खिलाफ नोएडा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया. साथ ही पुलिस ने उनके पास से नौ सांप और 20 एमएल जहर बरामद किया है. पुलिस के अनुसार भाजपा सांसद मेनका गांधी के एनजीओ की शिकायत पर मामला दर्ज कराया गया.
इसके अलावा दिल्ली में और खराब हुई वायु की गुणवत्ता, समाज कल्याण मंत्री राजकुमार आनंद पर चीन पैसे भेजने एवं आयात सीमा शुल्क की चोरी के आरोपों में ईडी की कार्रवाई आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने महादेव एप के प्रवर्तकों द्वारा भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपये दिए जाने के प्रवर्तन निदेशालय के दावे को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, इन आरोपों पर भूपेश बघेल का कहना है कि एक अनजान व्यक्ति के बयान के आधार पर मुझ पर आरोप लगाने के बाद एक छोटे से वाक्य में लिख दिया है कि बयान जांच का विषय है.
दिल्ली की वायु गुणवत्ता और खराब हो जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 468 था जो अति गंभीर श्रेणी में आता है. वायु गुणवत्ता का संकट केवल दिल्ली तक ही सीमित नहीं है बल्कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत अन्य स्थानों में अति गंभीर श्रेणी वाला वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया गया है.
इसके अलावा भाजपा नेता वसुंधरा राजे ने दिए राजनीति से संन्यास लेने के संकेत, शुक्रवार रात दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra