Khabar Baazi
रोज़नामचा: कतर में 8 पूर्व भारतीय नौसैनिकों को मौत की सजा और राजस्थान में ईडी की छापेमारी
हिंदी के ज्यादातर प्रमुख अख़बारों ने आज एक ही ख़बर को अपनी पहली सुर्खी बनाया है. अख़बारों ने कतर की अदालत द्वारा 8 पूर्व भारतीय नौसैनिकों को मौत की सजा सुनाए जाने को प्राथमिकता दी है. ख़बरों के मुताबिक, इन्हें इज़रायल के लिए जासूसी करने के आरोप में ये सजा सुनाई गई है.
हालांकि, कुछ अख़बारों ने राजस्थान में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा के यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी और प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को ईडी द्वारा समन किए जाने को भी प्राथमिकता दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने कतर में 8 पूर्व भारतीय नौसैनिकों को मौत की सजा मिलने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाते हुए लिखा कि ये सभी लोग ओमान के एक सैन्य अधिकारी द्वारा संचालित अल दाहरा कंपनी के लिए काम करते थे. यह कंपनी कतर के नौसैनिकों को विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण देती है. वहीं, सजा पाए भारतीयों के परिजनों ने सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है.
भारतीय रेलवे के छ: लाख ठेका कर्मियों का महंगाई भत्ता बढ़ने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, इसका लाभ रेलवे और उसके सार्वजनिक उपक्रमों और कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों को मिलेगा. इसके बाद हर कर्मचारी की न्यूनतम तनख्वाह 18 हजार रुपए से ज्यादा होगी.
इसके अलावा सेंसेक्स के 900 अंक गिरने से एक दिन में तीन लाख करोड़ डूबे, पैरा एशियाई खेलों में भारत को रिकॉर्ड 82 पदक, दिल्ली के तीन इलाकों में एक्यूआई 300 के पार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने कतर में 8 भारतीयों को मौत की सजा सुनाए जाने को पहली सुर्खी बनाते हुए लिखा कि इन्हें अगस्त, 2022 में गिरफ्तार किया गया था. वहीं, भारत को एक महीने बाद सितंबर में सूचित किया गया. मौत की सजा सुनाए जाने के फैसले पर भारत ने हैरानी जताई है और कहा कि वे इस मामले में कानूनी समेत अन्य विकल्पों पर विचार कर रहे हैं.
प्रवर्तन निदेशालय की अलग-अलग टीमों द्वारा गुरुवार को राजस्थान में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और एक निर्दलीय विधायक के घर पर छापेमारी करने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, 19 परीक्षाओं के पर्चे लीक हुए हैं. इसी सिलसिले में ये छापेमारियां की गई.
इसके अलावा अमेरिका के लेविस्टन शहर में अमेरिकी रिजर्व सैनिक द्वारा की गई गोलीबारी में 18 लोगों की मौत, लोकसभा की आचार समिति ने महुआ मोइत्रा को पूछताछ के लिए 31 अक्टूबर को बुलाया, हिमाचल के सोलन में पति को पेड़ से बांधकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म और टैंकों के साथ गाजा में घुसी इज़रायली सेना आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने 8 भारतीयों को कतर की अदालत द्वारा मौत की सजा सुनाए जाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाते हुए लिखा कि ये सभी लोग एक साल से जेल में बंद हैं लेकिन इन पर लगे आरोपों को अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है. इन लोगों की जमानत अर्जी अब तक सात बार खारिज हो चुकी है. वहीं, भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि इन पूर्व नौसैनिकों पर लगे आरोपों में कोई स्पष्टता नहीं है.
उत्तर कश्मीर में सुरक्षाबलों द्वारा पांच दिन में दूसरी बार घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किए जाने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने माच्छिल सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश कर रहे पांच दहशतगर्दों को मार गिराया.
इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आठ दिन में दूसरी बार पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन, पैरा एशियाई खेलों में भारत ने जीते अब तक 82 पदक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने कतर में 8 भारतीयों को मौत की सजा सुनाए जाने के मामले को सुर्खी बनाते हुए लिखा कि ये सभी भारतीय नौसेना में अलग-अलग पदों पर रह चुके हैं और कतर में अल दाहरा कंपनी के लिए काम करते थे. यह कंपनी सशस्त्र बलों को प्रशिक्षण देने का काम करती है.
सेंसेक्स गिरने और कंपनियों द्वारा दूसरी तिमाही के नतीजों की घोषणा को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार में गिरावट की वजह इस बार घरेलू नहीं है क्योंकि लिस्टेड कंपनियों के नतीजे उम्मीद से बेहतर आ रहे हैं. साथ ही भारतीय कंपनियों का मुनाफा 20 फीसदी बढ़ा है.
इसके अलावा दुनिया को क्रिकेट देने वाला इंग्लैंड वर्ल्ड कप से बाहर होने की कगार पर, सोशल मीडिया प्लेफॉर्म एक्स पर अब ऑडियो-वीडियो कॉलिंग की सुविधा, सरल होगी बीमा पॉलिसियों की भाषा और भारतीय रिज़र्व बैंक के निर्देश- 30 दिन में सुधारें ग्राहकों का सिबिल स्कोर आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने कतर में 8 भारतीयों को मौत की सजा सुनाए जाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाते हुए लिखा कि भारत ने इस फैसले पर हैरानी जताई है. वहीं, भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह इस मामले को बहुत महत्त्व दे रहा है और सभी कानूनी विकल्प तलाश रहा है. ख़बर के मुताबिक, कतर इटली के साथ पनडुब्बी खरीदने का एक सौदा कर रहा था, जिसकी जानकारी इन अफसरों ने इज़रायल को दी.
राजस्थान में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, पेपर लीक मामले की धनशोधन जांच के सिलसिले में ईडी ने कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के यहां छापेमारी की. वहीं, विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले में ईडी ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को तलब किया है.
इसके अलावा घाटी में घुसपैठ की कोशिश कर रहे पांच आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया, महुआ मोइत्रा मामले में लोकसभा की आचार समिति के समक्ष पेश हुए भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे और लगातार खराब होती जा रही दिल्ली की वायु गुणवत्ता आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
Hafta letters: NL’s coverage of SIR protest, question for Anand and violence in Manipur
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control