Khabar Baazi
रोज़नामचा: स्कूली किताबों में 'इंडिया' की जगह 'भारत' और कनाडा की कुछ वीजा सेवाएं बहाल
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को प्राथमिकता दी है. किसी ने स्कूली पुस्तकों में इंडिया की जगह भारत शब्द का इस्तेमाल किए जाने तो किसी ने उर्वरकों पर सब्सिडी की घोषणा को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अख़बारों ने भारत द्वारा कनाडा के लिए आंशिक रूप से वीजा सेवाएं बहाल किए जाने को भी प्रमुखता दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण अख़बार ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत तैयार हो रही स्कूलों की नई किताबों में इंडिया की जगह भारत शब्द का इस्तेमाल किए जाने की सिफारिश को पहली सुर्खी बनाया है. ये सिफारिश एनसीईआरटी से जुड़ी एक उच्चस्तरीय समिति ने की है. ख़बर के मुताबिक, एनसीईआरटी ने इस बात की पुष्टि नहीं की है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22 जनवरी को रामलला के नूतन विग्रह को अयोध्या में बनाए जा रहे राम मंंदिर में प्रतिष्ठित किए जाने की ख़बर को भी प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, इस अवसर पर देश के चार हजार संत महात्मा और दो हजार से ज्यादा प्रतिष्ठित महानुभाव उपस्थित रहेंगे.
इसके अलावा मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी से गठबंधन पर कमलनाथ और दिग्विजय में मतभेद, रबी सीज़न में उर्वरकों पर 22 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की सब्सिडी, राजस्थान में आठ बार ट्रैक्टर चढ़ाकर युवक की हत्या और आगरा में चलती ट्रेन में आग लगने से दो बोगियां जलकर खाक आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने केंद्र सरकार द्वारा किसानों को उर्वरक और खाद की महंगाई से राहत पहुंचाने की घोषणा को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि केंद्र सरकार ने रबी सीजन के लिए उर्वरकों पर 22 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की सब्सिडी मंजूर कर दी है. इसके अलावा डीएपी पर मिलने वाली 4500 रुपये प्रति टन की अतिरिक्त सब्सिडी भी जारी रहेगी.
अयोध्या के राम मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. अख़बार ने लिखा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट ने इस बाबत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण भेजा है. इस दौरान चार हजार संत महात्मा शामिल होंगे.
इसके अलावा पैरा एशियाई खेलों में भारत ने जीते छ: गोल्ड, कनाडा में आज से भारत बहाल करेगा कुछ वीजा सेवाएं, चुनाव आयोग के आइकन बनेंगे अभिनेता राजकुमार राव, स्कूली पुस्तकों में अब इंडिया की जगह होगा भारत शब्द और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो फ्लाईओवर बनकर तैयार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान अख़बार ने एनसीईआरटी से जुड़ी एक उच्चस्तरीय समिति द्वारा स्कूली पुस्तकों में इंडिया की जगह भारत शब्द का इस्तेमाल किए जाने की सिफारिश को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, समिति के अध्यक्ष आईसी आइजक ने कहा कि सर्वसम्मति से इस बात की सिफारिश की गई है. वे कहते हैं कि हजारों वर्ष पुराने विष्णु पुराण जैसे प्राचीन ग्रंथों में भारत शब्द का जिक्र है.
22 जनवरी को अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि इसके लिए ट्रस्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण पत्र भेजा है. साथ ही इस समारोह में करीब 7 हजार लोग शामिल होंगे. जिनमें साधु-महात्मा समेत देश के प्रतिष्ठित महानुभाव होंगे.
इसके अलावा उर्वरकों पर 22 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी मंजूर, कनाडा में आंशिक वीजा सेवाएं बहाल करेगा भारत, दिल्ली कैबिनेट में फेरबदल के बाद आतिशी को जल एवं सौरभ को पर्यटन विभाग का जिम्मा और दिल्ली के केंद्रीय अस्पतालों में ऑनलाइन मिलेगी रिपोर्ट आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने साल 2029 से विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ चुनाव कराए जाने की संभावनाओं को तलाशने के लिए हुई विधि आयोग और चुनाव समिति की बैठक को पहली ख़बर बनाया है. ख़बर के मुताबिक, एक साथ चुनाव कराने के लिए आयोग विधानसभाओं का कार्यकाल कम करने या बढ़ाने का सुझाव दे सकता है. समिति ने यह जानने के लिए विधि आयोग को आमंत्रित किया था कि देश में एक साथ चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं.
कनाडा में कुछ वीजा सेवाएं आज से बहाल करने के भारत के फैसले को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, ओटावा में भारतीय उच्चायोग ने कहा कि चार श्रेणियों में वीजा सेवाएं फिर से शुरू होंगी. इनमें प्रवेश वीजा, कॉन्फ्रेंस वीजा, मेडिकल और बिजनेस वीजा शामिल हैं.
इसके अलावा भारत ने इज़रायल और हमास संघर्ष में नागरिकों की मौत पर जताई चिंता, एनसीईआरटी की किताबों में इंडिया की जगह भारत शब्द की सिफारिश, रबी सत्र के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल का उर्वरकों पर 22 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की सब्सिडी देने का फैसला और 22 जनवरी को होगी श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने छोटे शहरों में महानगरों से भी तेजी से फैलते वायु प्रदूषण को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, आईआईटी दिल्ली के ट्रिप सेंटर की रिपोर्ट के मुताबिक, 25 साल पहले देश के 30 प्रतिशत इलाकों में प्रदूषण नहीं था लेकिन अब ऐसे इलाके महज 9 प्रतिशत बचे हैं. तब ऐसे किसी भी शहर में 100 से अधिक एक्यूआई दर्ज नहीं होता था लेकिन अब ऐसा नहीं है.
भोपाल जा रही पातालकोट एक्सप्रेस में आग लगने की ख़बरो को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, आग लगने से दो बोगियां जलकर खाक हो गई. वहीं, करीब दर्जनभर यात्री झुलस गए.
इसके अलावा हरियाणा में एक वर्ष से लंबित मामलों में कार्रवाई के आदेश, भारत ने कनाडा में 4 कैटेगरी में बहाल की वीजा सर्विस, एशियाई पैरा खेलों में भारत ने अब तक 15 गोल्ड समेत 64 मेडल जीते और कतर जा रहे अमृतपाल के पिता को सुरक्षा एजेंसियों ने घर वापस भेजा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
स्वर्ग में चायवाले की टपरी पर एसआईआर की चर्चा और टीएन शेषन की एंट्री
-
No, Neha Bora did not call for Bangladesh-like situation in India; viral claim misses important context