Khabar Baazi
रोज़नामचा: पीएम नरेंद्र मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत का विजयादशमी संबोधन
हिंंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. किसी ने दशहरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन तो किसी ने संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अख़बारों ने इज़रायल और हमास संघर्ष को भी जगह दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजयादशमी संबोधन को पहली सुर्खी बनाया है. इस दौरान प्रधानमंत्री ने नागरिकों से 10 संकल्प लेने का आह्वान किया और साथ ही कहा कि समाज से जातिवाद और क्षेत्रवाद जैसी विकृतियों को खत्म करना होगा.
इसके अलावा इज़रायल द्वारा हमास पर बमबारी की ख़बरों को भी अख़बार ने प्राथमिकता दी है. अख़बार ने लिखा कि इज़रायल ने हमास के ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं. गाज़ा पट्टी पर इज़रायल की ओर से किए गए हवाई हमले में 700 लोगों की मौत हो गई है.
इसके अलावा दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही, बाइक की टक्कर हुई तो भीड़ ने युवक को मार डाला और दिल्ली पुलिस में 13 हजार पदों पर होगी भर्ती आदि ख़बरों को भी अख़बार ने सुर्खी बनाया है.
दैनिक जागरण अख़बार ने विजयादशमी समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को पहली सुर्खी बनाया है. प्रधानमंत्री ने इस दौरान कहा कि हमारी शक्ति पूजा सिर्फ अपनों के लिए नहीं बल्कि पूरी सृष्टि के सौभाग्य, आरोग्य, सुख, विजय और यश के लिए की जाती है. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन केवल रावण दहन का नहीं है. यह वह समय है जब भारत को जातिवाद और क्षेत्रवाद के नाम पर तोड़ने और आपसी भाईचारा बिगाड़ने वाली शक्तियों को भी दहन होना चाहिए.
अख़बार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के बयान को भी प्रमुखता दी है. भागवत ने नागपुर में विजयादशमी पर्व को संबोधित करते हुए कहा कि आजकल खुद को ‘सांस्कृतिक मार्क्सवादी’ कहने वाले लोग राष्ट्र की जनता के बीच अनास्था, परस्पर द्वेष और दिग्भ्रम पैदा कर रहे हैं.
इसके अलावा गुजरात में शुरू हुआ दुनिया का पहला नैनो डीएपी प्लांट, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने रक्षा मंत्री ली शांग्फू को किया बर्खास्त और पैरा एशियाई खेलों के दूसरे दिन भी भारतीय एथलीटों का दबदबा कायम आदि ख़बरों को पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान को आज पहली सुर्खी बनाया है. नागपुर में संबोधन के दौरान संघ प्रमुख ने कहा कि मणिपुर में हुई जातीय हिंसा प्रायोजित थी. इसके लिए बाहरी ताकतें कसूरवार हैं. भागवत ने हिंसा भड़काने वाले 'टूलकिट' से सावधान रहने की भी अपील की.
अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विजयादशमी पर्व पर दिए गए संबोधन को भी प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आह्वान किया कि समाज से जातिवाद और क्षेत्रवाद जैसी बुराइयों को मिटा दें. प्रधानमंत्री दिल्ली के द्वारका में संबोधित कर रहे थे.
इसके अलावा केदारनाथ के 15 और बदरीनाथ के कपाट 18 नवंबर को होंगे बंद, भारत समेत 7 देशों के नागरिकों को मुफ्त वीजा देगा श्रीलंका, इज़रायल के हमले में हमास के तीन डिप्टी कमांडर समेत कई आतंकी ढेर और पुरुषों से कम वेतन एवं लैंगिंक हिंसा के खिलाफ हड़ताल पर आइसलैंड की प्रधानमंत्री कैटरीना जैकब्सॉडिटर आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, भागवत ने कहा कि ‘तथाकथित सांस्कृतिक मार्क्सवादी और जागरूक तत्त्व’ देश की शिक्षा एवं संस्कृति को बर्बाद करने के लिए मीडिया तथा शिक्षाजगत में अपने प्रभाव का दुरुपयोग कर रहे हैं.
अख़बार ने इज़रायल के हवाई हमले में 700 से ज्यादा लोगों की मौत को भी प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, गाज़ा स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि एक दिन में मरने वालों की यह सबसे बड़ी संख्या है. इस बीच हमास ने इज़रायल की दो महिलाओं को रिहा कर दिया.
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दशहरे पर 10 संकल्पों का आह्वान, मणिपुर के सीमाई इलाके में दो उग्रवादी धरे गए, अगले 6 दिन दिल्ली में खराब हवा से राहत मिलने के आसार नहीं और अगले महीने की 18 तारीख को बंद होंगे बदरीनाथ के कपाट आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने चुनावी राज्यों को लेकर अपनी रिसर्च को पहले पन्ने पर प्रमुखता से प्रकाशित किया है. अख़बार ने लिखा कि उसने 2008 और 2013 के चुनाव परिणामों का अध्ययन किया. इस दौरान पाया कि जिन सीटों पर जीत का अंतर 5 हजार या उससे कम था, वहां अगले चुनाव में दूसरे नंबर की पार्टी विजेता पार्टी बदल गई. ऐसा 231 में से 159 सीटों पर हुआ.
अख़बार ने संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान को भी प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, भागवत ने नागपुर में अपने संबोधन के दौरान कहा कि सांस्कृतिक मार्क्सवादी नहीं चाहते कि देश अपने दम पर खड़ा हो. इस कार्यक्रम में गायक शंकर महादेवन मुख्य अतिथि थे. उन्होंने कहा कि अखंड भारत के विचार और इसकी संस्कृति को बचाकर रखने में संघ से ज्यादा योगदान किसी का नहीं है.
इसके अलावा महाराष्ट्र में करंट देकर बाघ का शिकार, बिना वीजा के श्रीलंका की यात्रा कर सकेंगे भारतीय नागरिक, सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस, सेना एवं अर्धसैनिक बलों में भर्ती के लिए अतीत की जानकारी छिपाने को गलत बताया और एसएंडपी ग्लोबल की रिपोर्ट में दावा- विदेशी निवेश की पसंदीदा जगह बन रहा भारत आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
Ali Khan Mahmudabad on ‘Ganga-Jamuni fantasy’, dying languages and democracy online
-
‘A journalist only until I’m lathi-charged’: Meet the content creators behind Delhi’s protest videos
-
Why gig workers can’t choose working hours even in extreme weather
-
Inside CJP: Mehr Pasricha on how the movement works, and its critics
-
'गंगा-जमुनी' फ़ैंटेसी, मिटती भाषाएं एवं सोशल मीडिया के दौर में यूनिवर्सिटीज़ और लोकतंत्र का भविष्य