Khabar Baazi
रोज़नामचा: कनाडा पर विदेश मंत्री एस जयशंकर का बयान और भारत ने फिलिस्तीन को भेजी मदद
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज कनाडा और भारत के रिश्तों पर विदेश मंत्री एस जयशंकर का बयान और भारत द्वारा इजरायल-हमास संघर्ष के बीच फिलिस्तीनियों के लिए मानवीय सहायता भेजने की ख़बर को प्रमुखता से छापा है. इसके अलावा कई अन्य खबरों को भी पहले पन्ने पर जगह दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण अख़बार ने विदेश मंत्री एस जयशंकर द्वारा एक कार्यक्रम में भारत-कनाडा के बीच संबंधों के बारे में बयान देने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि अमेरिका और ब्रिटेन के कनाडा का समर्थन करने के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को स्पष्ट कहा कि राजनयिकों की संख्या में समानता का प्रावधान विएना संधि में है और भारत को कनाडाई कर्मचारियों द्वारा घरेलू मामलों में लगातार दखल देने के कारण इस प्रविधान को लागू करना पड़ा. ख़बर के मुताबिक, विदेश मंत्री ने कहा कि वर्तमान में भारत और कनाडा के रिश्ते कठिन दौर से गुजर रहे हैं.
अख़बार ने भारत द्वारा इजरायल-हमास संघर्ष के बीच फिलिस्तीनियों के लिए मानवीय सहायता भेजने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि भारत ने इजरायल के हमले से गाजा में पैदा हुए हालात में फिलिस्तीनियों को मानवीय सहायता भेजी है. ख़बर के मुताबिक, भारतीय वायुसेना का परिवहन विमान सी-17 दवाईयां और राहत सामग्री लेकर रविवार को मिश्र पहुंच गया. वहां से यह मानवीय सहायता गाजा पहुंचाई जाएगी.
इसके अलावा भारत ने वनडे विश्वकप में लगातार पांचवी जीत दर्ज की - मोहम्मद शमी और विराट कोहली का छाया जलवा, सियाचिन में तैनात 20 वर्षीय अग्निवीर गवाटे अक्षय लक्ष्मण शहीद- सैन्य सम्मान से दी श्रद्धांजलि, इसरो के मानवयुक्त अंतरिक्ष गगनयान को लड़ाकू विमान उड़ाने वाली महिला पायलट ले जाएंगी, सुप्रीम कोर्ट ने कहा- लंबित मामले निपटाने के लिए सक्रिय कदम उठाने की ज़रूरत, लोकसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी के 9 साल की उपलब्धियों के प्रचार का कमान केंद्रीय अधिकारियों को सौंपने पर विपक्ष ने उठाय सवाल- नौकरशाही के राजनीतिकरण का आरोप, ओडिसा के पुरी में पिता ने पैसे के लिए 11 माह की बच्ची को बेचा- तीन गिरफ्तार, भाजपा ने तेलंगाना विधानसभा प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की - तीन सांसदों को भी मैदान में उतारा, कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की - गहलोत सरकार को समर्थन दे रहे पांच निर्दलीय विधायकों को भी दिया टिकट आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला ने विदेश मंत्री एस जयशंकर द्वारा भारत-कनाडा संबंधों पर स्पष्ट बयान देने को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि नई दिल्ली से 41 कनाडाई राजनयिकों की वापसी के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में विदेश मंत्री ने कहा कि हम अपने मामलों में किसी तरह का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं कर सकते. ख़बर के मुताबिक, एस जयशंकर ने कहा कि वर्तमान में भारत और कनाडा के संबंध कठिन दौर से गुजर रहे हैं.
अख़बार ने दिल्ली- एनसीआर की हवा बेहद खराब स्थिति में पहुंचने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. लिखा कि ग्रेटर नोएडा का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 354 रहा. यह देश में सर्वाधिक रहा. जबकि फरीदाबाद 322 के साथ दूसरे और दिल्ली 313 के साथ तीसरे स्थान पर है. ख़बर के मुताबिक, 301 से 400 के बीच एक्यूआई को बेहद ख़राब श्रेणी में रखा जाता है और ऐसी स्थिति में ज्यादा देर तक सांस लेना ख़तरनाक हो सकता है.
इसके अलावा सियाचिन में तैनात अग्निवीर अक्षय लक्ष्मण का बलिदान - सेना ने श्रद्धांजलि अर्पित की, महाराष्ट्र में पुणे जिले के एक गांव में प्रशिक्षण विमान गिरा- पायलट व प्रशिक्षु घायल, भारत ने लगातार जीता विश्व कप का पांचवा मैच- मोहम्मद शमी के 5 विकेट और कोहली के 95 रन का खास योगदान आदि ख़बरों को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है.
जनसत्ता अख़बार ने दिल्ली के एक प्रोग्राम में विदेश मंत्री एस जयशंकर द्वारा भारत-कनाडा संबंध के बारे में बात करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत के मामलों में कनाडा के कर्मियों के हस्तक्षेप को लेकर चिंताओं के मद्देनज़र नई दिल्ली ने देश में कनाडा की राजनयिक उपस्थिति में समानता का प्रावधान लागू किया है. आगे कहा कि यदि कनाडा में भारतीय राजनयिकों की सुरक्षा में प्रगति दिखती है तो कनाडा के लोगों के लिए वीजा की शुरुआत हो सकती है.
अख़बार ने इजरायल-हमास संघर्ष के बीच भारत द्वारा फिलिस्तीन की मानवीय सहायता करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि भारत ने रविवार को फिलिस्तीन के लोगों के लिए करीब साढ़े छह टन चिकित्सा और 32 टन आपदा राहत सामग्री भेजी. ख़बर के मुताबिक, भारतीय वायुसेना का सी-17 परिवहन विमान राहत सामग्री लेकर मिश्र के अल-आरिश हवाई अड्डे के लिए रवाना हुआ.
इसके अलावा यूपी में मदरसों द्वारा विदेशी फंड के दुरुपयोग की जांच के लिए समिति गठित की गई, तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा सिंह का निलंबन रद्द कर भाजपा ने बनाया उम्मीदवार, कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की- मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबियों को तरजीह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को पत्र लिख कहा- पीएम न करें नौकरशाही का राजनीतिकरण. हिमालय, अरुणाचल प्रदेश और कश्मीर को लेकर वैज्ञानिकों ने चेताया- पिघलते हिमनद, तबाही के मुहाने पर हिमालय के इलाके, सांसद महुआ मोइत्रा पर धन के बदले सवाल करने के मामले में तृणमूल कांग्रेस ने तोड़ी चुप्पी- संसद की जांच के बाद ही महुआ पर निर्णय, अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन की रिपोर्ट में खुलासा- चीन ने भारत सीमा पर किया निर्माण, बढ़ाए सैनिक आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान अख़बार ने दिल्ली की हवा गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि दिल्ली-एनसीआर की हवा रविवार को बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई. दिल्ली, फरीदाबाद, नोएडा/ग्रेटर नोएडा का वायु गुणवत्ता सुचकांक 300 के पार हो गया. ख़बर के मुताबिक, गाजियाबाद और गुरुग्राम की हवा भी खराब श्रेणी में है. इससे हवा में घुटन बढ़ गई है.
अख़बार ने रविवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर द्वारा कनाडा के साथ संबंधों पर बात करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि कनाडा से संबंधों में तनाव के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने राजनयिकों की संख्या कम करने को कहा कि वियना संधि में राजनयीक समानता का प्रावधान है. ख़बर के मुताबिक, भारत ने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि कनाडा राजनयिकों द्वारा लगातार हमारे मामलों में हस्तक्षेप किया जा रहा था.
इसके अलावा भारत ने रविवार को न्यूज़ीलैंड को हराया- न्यूज़ीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 274 रनों के लक्ष्य दिए थे, तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोईत्रा पर गंभीर आरोप लगने के बाद पार्टी ने तोड़ी चुप्पी- संसद की जांच के बाद पार्टी कोई कार्रवाई करेगी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने खालिस्तानियों द्वारा स्कॉटलैंड को नया अड्डा बनाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि ब्रिटेन में ऋषि सुनक सरकार की सख्ती के बाद अब भारत विरोधी खालिस्तानियों ने स्कॉटलैंड को नया अड्डा बना लिया है. स्कॉटलैंड में खालिस्तानी आतंकियों का खुलेआम महिमामंडन किया जा रहा है. ख़बर के मुताबिक, इस सब के बीच पाकिस्तानी मूल के स्कॉटलैंड के पीएम हमजा यूसुफ इस पर चुप्पी साधे हुए हैं.
अख़बार ने इसरो द्वारा गगनयान मानव मिशन पर महिलाओं को भेजने की योजना को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि गगनयान मानव मिशन पर इसरो महिला पायलट टेस्ट फाइटर भेजना चाहता है. इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा कि भविष्य में यह संभव है. ख़बर के मुताबिक, इसरो के वैज्ञानिक 2035 में सक्रिय अंतरिक्ष स्टेशन के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं.
इसके अलावा महुआ मोइत्रा के खिलाफ कैश फॉर क्वेरी मामले में पार्टी ने चुप्पी तोड़ी- पार्टी संसदीय समिति के फैसले के बाद कार्रवाई करेगी, महाराष्ट्र के बीड़ जिले में एक आदिवासी महिला को निर्वस्त्र कर पीटा- विधायक की पत्नी पर केस, आरबीआई की रिपोर्ट- आम लोगों पर जमा की तुलना में कर्ज की वृद्धि दर चार गुना, सब्जी मंडी के घंटा घर में लगी आग- 16 लोग बचाए गए, विद्यारंभ संस्कार को लेकर केरल हाई कोर्ट की अहम टिप्पणी - बच्चों से मात-पिता की पसंद के खिलाफ प्रार्थना लिखवाना गलत, पुणे में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश- दो घायल, द्वारका ग्राउंट वाटर पॉल्यूशन पर एनजीटी से डीपीसीसी से रिपोर्ट मांगी, नवजात की हत्या की दोषी महिला बरी- सुप्रीम को नहीं मिले पर्याप्त सबूत आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
‘Vote Bachao, Desh Bachao’: The INDIA bloc rally at Ramlila Maidan, as it unfolded
-
Uttarakhand SIR: 2,700+ names deleted in Gadarpur on objections filed by poll officers after the deadline
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant