Khabar Baazi
महुआ मोइत्रा ने भाजपा सांसद समेत 15 मीडिया समूहों के खिलाफ भेजा कानूनी नोटिस
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और 15 मीडिया समूहों के खिलाफ कानूनी नोटिस भेजा है. आरोप है कि इनके द्वारा महुआ के खिलाफ गलत, दुर्भावनापूर्ण और अपमानजनक आरोप लगाए गए हैं.
मीडिया समूहों में टाइम्स ऑफ इंडिया, एनडीटीवी, इंडियन एक्सप्रेस, इंडिया टुडे, हिंदुस्तान टाइम्स, फ्री प्रेस जरनल, एएनआई, इकोनॉमिक टाइम्स, डेक्कन हेराल्ड, द स्टेट्समैन, इंडिया टीवी, द वायर, लाइव मिंट, डीएनए इंडिया और द न्यू इंडियन वेबसाइट शामिल हैं.
इस नोटिस में गूगल, एक्स (पूर्व में ट्विटर), यूट्यूब और एडवोकेट जय अनंत देहदराय का नाम भी शामिल है.
मालूम हो कि भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर महुआ पर पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने का आरोप लगाया था.
द हिंदू की ख़बर के मुताबिक, भाजपा सांसद ने लिखा कि व्यापारी दर्शन हीरानंदानी के फायदे के लिए महुआ ने आपराधिक साजिश की और दावा किया कि महुआ ने सदन में सवाल करने के लिए बिजनेसमैन से कैश और गिफ्ट लिए.
नोटिस में कहा गया है कि एडवोकेट देहदराय के साथ महुआ का निजी झगड़ा है. इसलिए उन्होंने देश के प्रसिद्ध मीडिया संस्थानों से संपर्क कर उनके बारे में गलत, अपमानजनक और दुर्भावनापूर्ण ख़बरें चलवाईं.
15 मीडिया संस्थानों, गूगल, यूट्यूब और एक्स पर इसकी रिपोर्टिंग करने और इन आरोपों को दोहराने का आरोप लगाया गया है.
कानूनी नोटिस में कहा गया है कि ट्विट, समाचार रिपोर्ट और वीडियो महुआ को बदनाम करने वाले, झूठे और अपमानजनक बयानों से भरे हुए हैं. 168 पेज के इस नोटिस में न्यूज़ रिपोर्ट के पेजों के स्क्रीनशॉट और ट्वीट भी शामिल किए गए हैं.
मांग की गई है कि दुबे और एडवोकेट देहदराय, महुआ के खिलाफ लगाए गए मनगढ़ंग आरोपों को वापस लें और सार्वजनिक रूप से माफी मांगे.
साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफार्म और मीडिया समूहों से भी मांग की गई है कि वो निशिकांत दुबे द्वारा महुआ पर लगाए आरोपों से संबंधित पोस्ट, ट्वीट्स, आर्टिकल, वीडियो और किसी भी तरह की सामग्री अपने प्लेटफार्म से हटा दें.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
उत्तराखंड: समय-सीमा खत्म होने के बाद चुनाव अधिकारियों ने दर्ज की 2 हजार से ज्यादा आपत्तियां