Khabar Baazi
रोज़नामचा: इज़रायल-हमास संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतन्याहू से बातचीत
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को प्रमुखता दी है. किसी ने इज़रायल-हमास के बीच चल रहे संघर्ष तो किसी ने इज़रायल के प्रधानमंत्री से भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बातचीत को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
अमर उजाला अख़बार ने फिलिस्तीनी आतंकी समूह हमास के खिलाफ जारी भीषण युद्ध के बीच इजरायल और भारत के प्रधानमंत्री की फोन पर बातचीत को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि भारत ने एक बार फिर कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में वह इजरायल के साथ खड़ा है. फोन पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत आतंकवाद के हर रूप की निंदा करता है. ख़बर के मुताबिक, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने जंग की ताजा स्थिति से पीएम मोदी को अवगत कराया.
अख़बार ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इंटरनेशनल मोबाइल कंपनी लावा के प्रबंध निदेशक समेत अन्य की गिरफ्तारी की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि ईडी ने 62,476 करोड़ रुपये अवैध रूप से चीन भेजने के मामले में लावा इंटरनेशल मोबाइल कंपनी के प्रबंध निदेशक और चीनी मोबाइल निर्माता कंपनी के शीर्ष अधिकारी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
इसके अलावा दक्षिण कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाकर्मियों ने कश्मीरी पंडित और एटीएस गार्ड संजय शर्मा के हत्यारे समेत लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को मार गिराया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर स्वंय सहायता समूह की महिलाओं को और सशक्त बनाने की तैयारी और एशियाई खेलों के विजेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया सम्मानित आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण ने इज़रायल-हमास संघर्ष के दौरान इजरायल और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फोन पर बात करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फिर से आश्वस्त किया कि हमास आतंकियों के हमले के बाद उपजी स्थिति में भारत की जनता इजरायल के साथ है. ख़बर के मुताबिक, इस दौरान मोदी को वहां की ताजा स्थिति से अवगत कराया. पीएम मोदी ने मौजूदा हिंसा में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की.
अख़बार ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में लावा इंटरनेशल मोबाइल कंपनी के एमडी समेत चार लोगों की गिरफ्तारी होने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि चीनी स्मार्टफोन निर्माता वीवो के खिलाफ चल रही मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत ईडी ने लावा इंटरनेशनल मोबाईल कंपनी के एमडी और एक चीनी नागरिक सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
इसके अलावा दक्षिण कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों के ऑपरेशन में कश्मीरी हिंदू संजय वर्मा की हत्या में शामिल आतंकी जाजिम फारुक साथियों समेत मारा गया, दिल्ली वक्फ बोर्ड में धांधली और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, लोकसभा की विशेषाधिकार समिति के समक्ष पेश नहीं हुए भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी, भाजपा ने छत्तीसगढ़ में विधानसभा उम्मीदवारों की घोषणा की, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने भारत की विकास दर का अनुमान बढ़ाया और अमेरिका में चीनी वाणिज्य दूतावास में कार लेकर घुसा संदिग्ध व्यक्ति आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान अख़बार ने हमास द्वारा इजरायल पर हमला करने के बाद इजरायल की जवाबी कार्रवाई की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि इजरायल पर हमास चरमपंथियों के हमले के बाद इजरायली सेना ने गाजा पट्टी सीमा पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया है. ख़बर के मुताबिक, मंगलवार को इजरायल ने हमले और तेज कर दिए. साथी ही इलाके की नाकाबंदी कर खाद्य सामग्री, ईंधन और अन्य सामान की आपूर्ति रोक दी.
अख़बार ने संघर्ष के बीच इजरायल और भारत के प्रधानमंत्री की फोन पर बातचीत करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि मंगलवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की. इस दौरान उन्हें मौजूदा स्थिति से अवगत कराया. ख़बर के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा कि भारत आतंकवाद के सभी स्वरूपों की कड़ी निंदा करते हुए इजरायल के साथ खड़ा है.
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग से रिपोर्ट मांगी, आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान के ठिकानों पर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की छापेमारी, न्यूज़क्लिक के संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ और एचआर हेड अमित चक्रवर्ती को अदालत ने 10 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने मंगलवार को कहा कि 2023 में चीन से ज्यादा रहेगी भारत की विकास दर और इलेक्टोरल बॉन्ड को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 31 अक्टूबर को होगी अंतिम सुनवाई आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने इजरायल- हमास के बीच संघर्ष के दौरान इजरायल और भारत के पीएम के बीच फोन पर बातचीत करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के बीच पीएम मोदी से फोन पर बात की. ख़बर के मुताबिक, इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत की जनता इजरायल के साथ मजबूती के साथ खड़ी है.
अख़बार ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा केरल में हाथियों की मौत के मामले को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई से मना करने की ख़बर को प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि ऐसे हजारों मुद्दे हो सकते हैं, जिन पर ध्यान देने की ज़रूरत हो, लेकिन शीर्ष अदालत हर मामले पर नजर रखकर अदालत को निष्क्रिय नहीं बना सकती. आगे कहा कि हम देश कैसे चला सकते हैं.
इसके अलावा लेखिका अरुंधति रॉय और एक पूर्व कश्मीरी प्रोफेसर के खिलाफ 2010 में एक कार्यक्रम मे भड़काऊ भाषण देने के आरोप में मुकदमा चलाने को मंजूरी, सरकारी सर्वेक्षण के मुताबिक- देश में बेरोजगारी दर छह साल के निचले स्तर 3.2 फीसद पर, दिल्ली आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की ईडी हिरासत 13 अक्टूबर तक बढ़ी, न्यूज़क्लिक के संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ और एचआर हेड अमित चक्रवर्ती को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि देशभर में जाति आधारित जनगणना कराने के लिए केंद्र सरकार को करेंगे मजबूर आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने एक देश- एक चुनाव पर विधि आयोग द्वारा अपनी रिपोर्ट तैयार करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि एक देश, एक चुनाव पर विधि आयोग ने अपनी रिपोर्ट लगभग तैयार कर ली है. ख़बर के मुताबिक, आयोग पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय समिति से चर्चा कर इसे केंद्रीय विधि मंत्रालय को सौंपेगा. इस रिपोर्ट में कहा गया है कि परिसीमन के बाद 2029 में एक देश- एक चुनाव संभव है.
अख़बार ने पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद सर्दी की शुरुआत के संकेत को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि मॉनसून की विदाई के बाद सर्दी दस्तक देने को है. हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की ऊंची चोटियों पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से खासी बर्फबारी हुई है. ख़बर के मुताबिक, शिमला समेत आठ जिलों में बारिश से लोगों को सूखी ठंड से राहत मिली है. इससे न्यूनतम तापमान में औसतन 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है.
इसके अलावा पहली बार वर्ल्ड बैडमिंटन रैंकिंग में भारतीय जोड़ी नंबर-1 पर पहुंची, 1 जनवरी से ओडिशा के जगन्नाथ पुरी मंदिर में ड्रेस कोड होगा लागू, कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाकर्मियों ने जाजिम फारुक उर्फ अबरार समेत 2 आतंकियों को किया ढेर, गया एयरपोर्ट से 14 अक्टूबर से शुरू होगी इंटरनेशनल उड़ान, एशियाई खेलों से लौटे भारतीय खिलाड़ियों से मिले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले अल्पसंख्यकों से स्नेह संवाद करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra