Khabar Baazi
रोज़नामचा: एशियाई खेलों में पदकों के शतक की ओर भारत और सिक्किम में बाढ़ ने मचाई तबाही
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहले पन्ने पर जगह दी है. किसी ने एशियाई खेलों में भारत के प्रदर्शन तो किसी ने सिक्किम में बादल फटने से आई बाढ़ तो वहीं किसी ने दिल्ली पुलिस द्वारा न्यूज़क्लिक को एफआईआर की प्रति सौंपे जाने को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
अमर उजाला ने एशियाई खेलों में भारतीय हॉकी टीम द्वारा स्वर्ण पदक जीतने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है.अख़बार ने लिखा कि भारत एशियाई खेलों में पहली बार पदकों का शतक पूरा करने जा रहा है. ख़बर के मुताबिक, एशियाई खेलों के 13वें दिन भारत ने जपान को हराकर पुरुष हॉकी के स्वर्ण सहित कुल 9 पदक जीते. देश के कुल पदकों की संख्या बढ़कर अब 95 हो गई है. शुक्रवार को सबसे ज्यादा कुश्ती में तीन कांस्य पदक मिले.
अख़बार ने दिल्ली एनसीआर में हवा प्रदूषित होने के बाद सरकार द्वारा उठाए गए कदम को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि दिल्ली समेत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शुक्रवार को हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई. ऐसे में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के पहले चरण की पाबंदियां लागू कर दी गई हैं. ख़बर के मुताबिक, निर्माण व ध्वंस के साथ कोयले के प्रयोग पर रोक लगा दी गई है.
इसके अलावा क्रिकेट विश्वकप के मैच वाले दिन देर रात तक चलेगी मेट्रो, सुप्रीम ने चुनावी राज्यों मध्य प्रदेश- राजस्थान को नोटिस भेज मांगा जवाब, रेपो दर 6.5 प्रतिशत पर कायम, 2,000 नोट बदलने का अंतिम समय है 7 अक्टूबर, ईरान की महिला और मानवाधिकार कार्यकर्ता नरगिस मोहम्मदी को शांति का नोबेल पुरस्कार, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- दो साल में खत्म कर देंगे वामपंथी उग्रवाद, भारत के दबाव के बाद कनाडा ने भारत से अपने राजनयिकों को हटा दूसरे देशों में भेजा, केंद्र सरकार ने कहा कि सोशल मीडिया से तुरंत हटाएं बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री, जातिगत गणना पर यथास्थिति से सुप्रीम कोर्ट का इनकार और उत्तर सिक्किम में बाढ़ से अब तक 11 सैनिकों समेत 51 की मौत आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने सिक्किम में बादल फटने से तीस्ता नदी में बाढ़ आने के कारण नहीं मिलने की पड़ताल को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि सिक्किम में आई बाढ़ ने तबाही ला दी, लेकिन इसका कोई पूर्वानुमान नहीं था. घटना के बाद सैटेलाइट इमेज से पता चला कि 24 घंटे में ग्लेशियर झील लहोनक का 60 प्रतिशत पानी बहने से ऐसे हालात बने. विशेषज्ञों की मानें तो केंद्र से लेकर राज्य सरकार के एक दर्जन महकमे ग्लेशियर पर नज़र रखते हैं. लेकिन आपसी तालमेल व रियल टाइम डाटा साझा न होने के चलते पूर्वानुमान नहीं लग पाता है.
अख़बार ने आरबीआई द्वारा गोल्ड लोन की सीमा दोगुना करने की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि आरबीआई ने बुलेट रीपमेंट स्कीम के तहत गोल्ड लोन की मौजूदा सीमा बढ़ा दी है. पहले यह सीमा दो लाख रुपये थी, अब इसे बढ़ाकर चार लाख कर दिया गया है. हालांकि, यह सुवधा कुछ शहरी सहकारी बैंकों में मिलेगी.
इसके अलावा दिल्ली में इंडियन ऑयल की पाइपलाईन से पेट्रोल चोरी के लिए खोदी 40 मीटर लंबी सुरंग, कर्नाटक हाईकोर्ट ने महिला की याचिका खारिज करते हुए कहा कि व्यभिचार में रह रही पत्नी गुजारे भत्ते का दावा नहीं कर सकती, पाकिस्तान में परमाणु ठिकाने के पास बम धमाके, गोरेगांव के मोतिलाल नगर में चिंगारी से इमारत में भड़की आग में 7 की मौत और 69 घायल, ईरान में महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ लड़ने वाली नरगिस मोहम्मदी को नोबेल शांति पुरस्कार और बिना कारण गिरफ्तार कर लॉक-अप में रखने पर पुलिस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना आदि ख़बरों को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है.
हिंदुस्तान ने दिल्ली- एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ने से रोकने के लिए ग्रैप लागू होने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि राजधानी की हवा का स्तर खराब हो गया है. इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर में पांबिदयों का पहला चरण लागू कर दिया गया है. ख़बर के मुताबिक, इसमें मुख्यतः निर्माण स्थलों एवं सड़कों से उठने वाली धूल और वाहनों से निकलने वाले धुएं की रोकधाम के लिए कुल मिलाकर 27 सूत्रीय पाबंदियां शामिल हैं.
अख़बार ने एशियाई खेलों में शुक्रवार को भारत द्वारा शानदार प्रदर्शन करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि देश के खिलाड़ी एशियाई खेलों में इतिहास रचने की ओर हैं. ख़बर के मुताबिक, शुक्रवार तक 22 स्वर्ण के साथ भारत ने कुल 95 पदक जीत लिए हैं. इसके साथ ही उम्मीद है कि एशियाई खेलों में पहली बार भारत 100 पदक पूरे कर सकता है.
इसके अलावा आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि दो हजार के 13 प्रतिशत नोट अभी भी बैंकों में नहीं लौटे, दिल्ली आबकारी नीति मामले में ईडी ने शुक्रवार को आप नेता संजय सिंह के सहयोगियों से पूछताछ की, ईरान में महिला और मानवाधिकारों के लिए लंबे समय से संघर्षत और जेल में कैद नरगिस मोहम्मदी ने जीता शांति का नोबेल पुरस्कार और चुनावी राज्यों से चुनावी रेवड़ी पर सुप्रीम कोर्ट ने मांगा जवाब आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण ने भारत के दबाव के बाद कनाडा द्वारा यहां तैनात अपने राजनयिकों को हटाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि खालिस्तान समर्थक आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या से उत्पन्न विवाद के बीच कनाडा ने भारत से अपने कई राजनयिकों को हटा लिया है. ख़बर के मुताबिक, कनाडा सरकार ने नई दिल्ली से बाहर काम कर रहे अपने ज्यादातर राजनयिकों को कुआलालंपुर या सिंगापुर भेज दिया है.
अख़बार ने 19वें एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा ऐतिहासिक प्रदर्शन करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि भारत ने हांगझू एशियाई खेलों में इतिहास रचते हुए 72 वर्षों में पहली बार 100 पदकों का आंकड़ा पार कर लिया है. ख़बर के मुताबिक, भारत ने शुक्रवार को एक स्वर्ण समेत नौ पदक जीते. जिससे पदकों की संख्या 95 हो गई. शनिवार को क्रिकेट, कबड्डी, बैडमिंटन व कम्पाउंड व्यक्तिगत तीरंदाजी में सात पदक आने तय हैं, जिसके बाद पदकों की संख्या 102 हो जाएगी.
इसके अलावा बिहार में जातिवार गणना के और आंकड़े जारी करने पर रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, दिल्ली शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार आप नेता संजय सिंह के दो सहयोगियों से ईडी ने की पूछताछ, चुनाव से पहले लोकलुभावन घोषणाओं पर सुप्रीम कोर्ट का नोटिस, जेल में बंद ईरानी महिला एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता नरगिस मोहम्मदी को नोबेल शांति पुरस्कार और अभिनेता चितरंजन त्रिपाठी बने भारतीय नाट्य विद्यालय के निदेशक आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता ने अदालत के कहने पर दिल्ली पुलिस द्वारा न्यूज़क्लिक के खिलाफ दर्ज एफआईआर की प्रति देने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि दिल्ली पुलिस ने समाचार पोर्टल न्यूज़क्लिक के खिलाफ यूएपीए के तहत दर्ज प्राथमिकी में बड़ा आरोप लगाया है. ख़बर के मुताबिक, पुलिस ने कहा कि भारत की संप्रभुता में हस्तक्षेप करने और देश के खिलाफ असंतोष पैदा करने के इरादे से चीन से बड़ी मात्रा में धन आया. साथ ही शुक्रवार को दिल्ली उच्च न्यायालय ने आरोपियों की गिरफ्तारी को चुनौति देने वाली याचिका पर सुनवाई की.
अख़बार ने भारत के दबाव के बाद कनाडा द्वारा भारत में कार्यरत ज्यादातर राजनयिकों को दूसरे देश में भेजने की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि कनाडा ने खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर हुए विवाद के बीच भारत में काम कर रहे अपने ज्यादातर राजनयिकों को कुआलालम्पुर या सिंगापुर भेज दिया है. मालूम हो कि भारत ने कनाडा को दिल्ली से अपने राजनयिकों को हटाने के लिए 10 अक्टूबर तक का समय दिया है.
इसके अलावा छत्तीसगढ़ में बिजली कंपनियों के कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन दी जाएगी, लगातार चौथी बार रेपो दर 6.5 प्रतिशत पर बरकरार, दिल्ली शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार आप नेता संजय सिंह के दो सहयोगियों से भी पूछताछ, एशियाई खलों में भारत ने शुक्रवार को जापान को हराकर जीता स्वर्ण पदक, ईरान में महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ लड़ाई की अगुआ और अभी जेल में बंद नरगिस मोहम्मदी को नोबेल शांति पुरस्कार, राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट अब राज्य में आलाकमान बन गए हैं और सिक्किम बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हुई आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
उत्तराखंड: समय-सीमा खत्म होने के बाद चुनाव अधिकारियों ने दर्ज की 2 हजार से ज्यादा आपत्तियां