Khabar Baazi
रोज़नामचा: सिक्किम में बादल फटने से आई तबाही और आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को प्रमुखता दी है. किसी ने सिक्किम में बादल फटने की ख़बर तो किसी ने आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अख़बारों ने न्यूज़क्लिक के मामले को भी पहले पन्ने पर जगह दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण ने सिक्किम में बादल फटने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि उत्तरी सिक्किम की ल्होनक झील के पास मंगलवार रात बादल फटने से तीस्ता नदी में उफान आने से अनेक लोग बह गए. देर शाम तक मिली सूचना के अनुसार, सेना के 22 जवानों समेत 81 लोग लापता हैं जबकि 10 शव मिले हैं. ख़बर के मुताबिक, मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है.
अख़बार ने एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा शानदार प्रदर्शन करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि हांगझू एशियाई खेलों में फिर भारतीय खलाड़ियों का बोलबाला रहा. भारत ने बुधवार को तीन स्वर्ण पदक समेत 12 पदक जीते. सिर्फ एथलेटिक्स में सात पदक आए. ख़बर के मुताबिक, स्टार भाला फेंक नीरज चोपड़ा ने सत्र का शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता.
इसके अलावा दस टीमों के बीच आज से शुरू हुआ वनडे क्रिकेट का विश्वकप, आबकारी घोटाले के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह गिरफ्तार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया फैसला- अब 603 रुपये में मिलेगा उज्जवला योजना के तहत एलपीजी सिलेंडर, न्यूज़क्लिक के संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ सात दिन के पुलिस रिमांड पर, महादेव सट्टा ऐप केस मामले में फिल्म अभिनेता रणबीर कपूर को प्रवर्तन निदेशालय का समन और सप्रीम कोर्ट ने का फैसला- सांसदों- विधायकों को मुकदमे से संरक्षण पर होगा विचार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला ने सिक्किम में बादल फटने से बाढ़ आने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि उत्तर सिक्किम के ल्होनक झील के ऊपर बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ में 10 लोगों की मौत हो गई. ख़बर को मुताबिक, लाचेन घाटी में इस आपदा से सेना के 22 जवानों समेत 80 से ज्यादा लोग लापता हो गए. एक सैनिक को बचा लिया गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
अख़बार ने एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा शानदार प्रदर्शन करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि भारतीय खिलाड़ियों ने एशियाड में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है. ख़बर के मुताबिक, एशियाई खलों के 11वें दिन भारत के कुल पदकों की संख्या 81 हो गई है, जिसमें 18 स्वर्ण, 31 रजत और 32 कांस्य पदक शामिल हैं. ख़बर के मुताबिक, भाला फेंक नीरज चोपड़ा ने बुधवार को स्वर्ण पदक हासिल किया.
इसके अलावा दिल्ली आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह गिरफ्तार, क्रिकेट विश्वकप की आज से शुरुआत, हाईकोर्ट के फैसले के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सांसद मोहम्मद फैजल की लोकसभा सदस्यता रद्द, महादेव बेटिंग एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने फिल्म अभिनेता रणबीर कपूर को भेजा समन, पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में फैसला- गैस सिलेंडर पर अब 300 रुपये का अनुदान और माननीयों को अभियोजन से छूट मामले पर सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश डीवाई चंद्रचूड़ का सवाल- क्या कानून के दुरुपयोग की आशंका पर राजनीतिक भ्रष्टाचार को छूट दे दें आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि दिल्ली आबकारी नीति मामले से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया. इससे पहले निदेशालय ने उनसे जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी कर जांच की थी. ख़बर के मुताबिक, बुधवार सुबह ईडी ने संजय सिंह के घर दस्तक दी. परिसर में तलाशी के बाद लगभग 10 घंटों तक राज्यसभा सांसद से पूछताछ की गई, उसके बाद सांसद को गिरफ्तार कर लिया गया.
अख़बार ने सिक्किम में बादल फटने के बाद बाढ़ आने की ख़बर को भी प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि सिक्किम में बुधवार को ल्होनक झील पर बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आ गई. इसमें आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सेना के 22 जवान समेत करीब 70 लोग लापता हैं. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के मुख्यमंत्री से बात कर मदद करने का आश्वासन दिया.
इसके अलावा एशियाई खेलों में भारत के खिलाड़ियों ने पहली बार 80 पदक जीते- बुधवार को भाला फेंक नीरज चोपड़ा ने जीता स्वर्ण पदक, महादेव ऑनलाइन बेटिंग मामले में फिल्म अभिनेता रणबीर कपूर को ईडी का समन, उज्जवला योजना के तहत सिलेंडर सौ रुपये और सस्ता मिलेगा, न्यूज़क्लिक पर ईडी की कार्रवाई के बाद देश के कई मीडिया संगठनों ने मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ को लिखा पत्र, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार को जमीन के बदले नौकरी मामले में जमानत, नागपुर के दो सरकारी अस्पतालों में बुधवार को 23 लोगों की मौत और जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता ने आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिहं की गिरफ्तारी की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि ईडी ने दिल्ली के शराब घोटाला मामले में आप के राज्यसभा सांसद को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया. ख़बर के मुताबिक, उनके आवास और अन्य जगहों पर 10 घंटे तक छापेमारी के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया.
अख़बार ने ऑनलाइन पोर्टल पर चीन से फंडिंग मामले में ईडी द्वारा जांच के बाद प्रधान संपादक की गिरफ्तारी की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि यूएपीए के तहत दायर एक मामले में न्यूज़क्लिक के मुख्य संपादक प्रबीर पुरकायस्थ और एचआर हेड अमित चक्रवर्ती को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है.
इसके अलावा केंद्र सरकार ने उज्जवला योजना के तहत मिलने वाले एलपीजी सिलेंडरों की सब्सिडी 100 रुपये बढ़ाई, सिक्किम में बादल फटने से आई बाढ़ में 23 सैनिक लापता, एशियाई खेलों में बुधवार को भाला फेंक में नीरज चोपड़ा ने जीता स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र के नागपुर-नांदेड़ के अस्पतालों में 29 मरीजों ने गंवाई जान और महादेव बेटिंग मामले में फिल्म अभिनेता रणबीर कपूर को प्रवर्तन निदेशालय ने भेजा समन आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी होने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय ने कथित शराब नीति घोटाले के मामले में सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया. अब उन्हें गुरुवार को कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा. गिरफ्तारी से पहले ईडी ने उनसे 10 घंटे पूछताछ की.
अख़बार ने गुरुवार से वनडे क्रिकेट विश्वकप की शुरुआत होने की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि इंग्लैंड- न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में भिड़ंत के साथ गुरुवार को क्रिकेट विश्वकप का आगाज होगा. ख़बर के मुताबिक, क्रिकेट का महाकुंभ 46 दिन तक चलेगा. सेमीफाइनल से पहले हर टीम के 9 मुकाबले होंगे. लिखा कि 15 व 16 नवंबर को सेमीफाइल और 19 नवंबर को फाइनल मुकाबला होगा.
इसके अलावा एशियाई खेलों में भारत का 72 सालों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, सुप्रीम कोर्ट करेगा विचार- क्या माननीयों को आपराधिक कृत्य में मुकदमें से छूट उचित, बिहार सरकार का फैसला- राज्य न्यायिक सेवाओं में इडब्ल्यूएस को 10 प्रतिशत का आरक्षण, केंद्र सरकार का फैसला- उज्जवला योजना के तहत मिलने वाले एलपीजी सिलेंडरों की सब्सिडी में 100 रुपये की बढ़ोतरी, बेंगलुरु की प्रमुख सड़कों पर पीक आवर्स में जाम से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक टैक्स की तैयारी और न्यूज़ पोर्टल न्यूज़क्लिक के पत्रकारों के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी के बाद 16 प्रेस संगठनों ने मुख्य न्यायधीश से हस्तक्षेप की मांग की आदि ख़बरों को पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra