Khabar Baazi
रोज़नामचा: न्यूज़क्लिक पर छापेमारी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जातिगत जनगणना पर निशाना
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को प्राथमिकता दी है. किसी ने जातिगत जनगणना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा निशाना साधने तो किसी ने न्यूज़क्लिक वेबसाइट पर छापेमारी की ख़बर को प्रमुखता दी है. वहीं, कुछ अख़बारों ने भारत और कनाडा के बीच संबंधों में तल्खी आने को भी प्राथमिकता दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जातिगत जनगणना के मुद्दे को निशाना बनाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने एक नया राग अलापना शुरू कर दिया है. वह कह रही है कि जिसकी जितनी आबादी, उसका उतना हक तो क्या सबसे अधिक आबादी वाले हिंदू आगे बढ़कर सारे हक ले लें? उन्होंने आगे कहा कि इस देश में सबसे बड़ी अगर किसी की आबादी है तो वो गरीबों की है. इसलिए गरीबों का कल्याण ही मेरा उद्देश्य है.
अख़बार ने एशियाई खेलों की ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में भारत द्वारा लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि मंगलवार को एशियाई खेलों की ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण समेत छह पदक जीते. ख़बर के मुताबिक, महिला धावक पारुल चौधरी और महिला भाला फेंक अन्नू रानी ने स्वर्ण पदक जीते.
इसके अलावा न्यूज़ वेबसाइट न्यूज़क्लिक से जुड़े पत्रकारों के घरों पर पुलिस की छापेमारी- संस्थापक संपादक प्रबीर पुरकायस्थ समेत दो गिरफ्तार, भारत और कनाडा के बीच कूटनीतिक संबंधों में तल्खी बढ़ी, मंगलवार को भूकंप के झटकों से हिला उत्तर भारत, बिहार में सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमारा मकसद सभी लोगों को आगे बढ़ाना है और महाराष्ट्र के एक और अस्पताल में 24 घंटे में 14 मरीजों की मौत आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान ने छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनसभा संबोधन के दौरान जातिगत जनगणना पर निशाना साधने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि प्रधानमंत्री ने जाति आधारित जनगणना को लेकर विपक्षी दलों की मांग के बीच मंगलवार को कहा कि उनके के लिए गरीब ही सबसे बड़ी जाति और सबसे बड़ी आबादी है. साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर हिंदुओं और गरीबों को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया.
अख़बार ने एशियाई खेलों में भारतीय महिला खिलाड़ियों द्वारा पहली बार लंबी दौड़ और भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीतने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि चीन में हो रहे एशियाई खेलों में मंगलवार का दिन देश के लिए सुनहरी चमक लेकर आया. मेरठ की दो बेटियों ने स्वर्ण पदक जीत इतिहास रचा. भारतीय धावक पारुल चौधरी और भाला फेंक अन्नू रानी एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं.
इसके अलावा ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल न्यूज़क्लिक से जुड़े पत्रकारों के घरों पर छापेमारी और प्रधान संपादक समेत दो की गिरफ्तारी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जातिगत जनगणना की रिपोर्ट जारी होने के बाद बैठक में कहा कि सभी की सहमति से लोगों के हित में काम करेंगे, बिहार में जातिगत जनगणना के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका, मंगलवार को दिल्ली में भूकंप के झटके और भारत ने कनाडा के 41 राजनयिकों को देश छोड़ने को कहा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में जनसभा के संबोधन के दौरान कांग्रेस को निशाना बनाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों द्वारा जातिगत जनगणना की मांग पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस किसी भी तरह से हिंदुओं को बांटना चाहती है. उन्होंने कहा कि उनके लिए गरीब ही सबसे बड़ी जाति और सबसे बड़ी आबादी है. प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी को कांग्रेस के लोग नहीं बल्कि पर्दे के पीछे से ऐसे लोग चला रहे हैं, जो राष्ट्र विरोधी ताकतों के साथ जुडे़ हुए हैं.
अख़बार ने ऑनलाइन समाचार वेबसाइट न्यूज़क्लिक से जुडे़ पत्रकारों के घरों पर छापेमारी और गिरफ्तारी की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि मंगलवार को दिल्ली पुलिस की एक स्पेशल सेल ने न्यूज़क्लिक से जुड़े पत्रकारों और दफ्तरों के 30 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की. साथ ही समाचार पोर्टल के दफ्तर को सील कर दिया गया. ख़बर के मुताबिक, न्यूज़क्लिक के प्रधान संपादक प्रबीर पुरकायस्थ और एचआर हेड अमित चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया गया है.
इसके अलावा भारत ने कनाडा के साथ कूटनीतिक संबंधों में तल्खी के बीच कहा- कनाडा भारत से अपने 41 राजनयिकों को वापस बुलाए, एशियाई खेलों में महिला धावक पारुल चौधरी और महिला भाला फेंक अन्नू रानी ने जीते स्वर्ण पदक, बिहार में न्यायिक सेवाओं और विधि महाविद्यालयों के लिए दस फीसद ईडब्ल्यूएस आरक्षण मंजूर, महाराष्ट्र में सरकारी अस्पताल में 24 घंटे में 18 लोगों की मौत, उज्जैन में मंदिर परिसर में बन रही सुरंग- रोजाना आठ लाख श्रद्धालु कर सकेंगे महाकालेश्वर के दर्शन और मंगलवार को दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भूकंप के झटके आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला ने कनाडा में खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद भारत और कनाडा के बीच कूटनीतिक संबंध में लगातार गिरावट होने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि एक शीर्ष राजनयिक को निष्कासित करने के बाद भारत ने कनाडा के 41 राजनयिकों को 10 अक्टूबर तक वापस बुलाने का निर्देश दिया है. ख़बर के मुताबिक, भारत ने चेतावनी दी है कि कनाडा ने तय समय तक नहीं बुलाया तो इनकी राजनयिक छूट खत्म कर दी जाएगी.
अख़बार ने समाचार वेबसाइट न्यूज़क्लिक के पत्रकारों के घर छापेमारी को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि दिल्ली पुलिस ने चीन से धन लेकर उसका प्रचार करने के आरोप में आनलाइन समाचार पोर्टल न्यूज़क्लिक के संस्थापक और प्रधान संपादक प्रबीर पुरकायस्थ और मानव संसाधन प्रमुख अमित चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया है. ख़बर के मुताबिक, यूएपीए में दर्ज मामले के बाद वेबसाइट के दफ्तर को सील कर दिया गया है.
इसके अलावा एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा लगातार बेहतर प्रदर्शन- भारत ने 10वें दिन जीते 9 पदक, श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद मामले में सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट से फिर मांगा मुकदमे से जुड़ा ब्योरा, वंदे भारत एक्सप्रेस में लगेंगे स्लीपर कोच और 17वीं सदी के शिवाजी के बघनखा वापस लाने के लिए ब्रिटेन सरकार से करार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने ऑनलाइन समाचार पोर्टल न्यूज़क्लिक के पत्रकारों और संस्था के 30 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि मंगलवार को दिल्ली पुलिस की एक स्पेशल सेल ने न्यूज़क्लिक के 30 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की और संस्था से जुड़े कई पत्रकारों से पूछताछ की. ख़बर के मुताबिक, पोर्टल के प्रधान संपादक प्रबीर पुरकायस्थ और एचआर हेड अमित चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर संस्था के दफ्तर को सील कर दिया गया. ख़बर के मुताबिक, एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने इस कार्रवाई को मीडिया पर लगाम लगाने का एक और प्रयास बताया.
अख़बार ने जालंधर ट्रिपल मर्डर केस में बच्चियों के अंतिम संस्कार नहीं होने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि जिन नौ, सात और चार साल की मासूम बच्चियों को पिता ने गरीबी को हवाला दे जहर पिला मार दिया, उनका मंगलवार को अंतिम संस्कार नहीं हो पाया. ख़बर के मुताबिक, हत्यारोपी मां-पिता पुलिस हिरासत में हैं और रायपुर निवासी मौसा शंभु के पास पैसे नहीं हैं.
इसके अलावा 19वें एशियाई खेलों में भाला फेंक प्रतियोगिता में अन्नू रानी ने जीता पहला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा - केसीआर एनडीए गठबंधन में आना चाहते थे लेकिन उनके कर्मों के कारण मैंने मना कर दिया, नेपाल में 6.2 तीव्रता के भूकंप का भारत में भी असर और भारत में आरबीआई द्वारा रेपो रेट बढ़ाने का फायदा पहली बार जमाकर्ताओं को मिला आदि ख़बरों को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra