Khabar Baazi
रोज़नामचा: मणिपुर में 6 महीने के लिए बढ़ा अफस्पा और एनआईए की बड़ी कार्रवाई
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को सुर्खी बनाया है. किसी ने आतंकी-गैंगस्टर के गठजोड़ पर एनआईए की बड़ी कार्रवाई तो किसी ने कनाडा के आरोपों पर विदेशमंत्री जयशंकर के बयान को प्रमुखता दी है. वहीं, कुछ अख़बारों ने मणिपुर में अफस्पा कानून की अवधि 6 महीने के लिए बढ़ाने को भी पहले सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान ने गैंगस्टरों, आतंकियों और मादक पदार्थ तस्करों के गठजोड़ को खत्म करने के लिए एनआईए द्वारा देशव्यापी छापेमारी करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि एनआईए की टीम ने सूचीबद्ध आतंकी अर्श दल्ला समेत कई खूंखार गैंगस्टरों और उनके पैरोकारों से जुड़े 53 स्थानों पर छापेमारी की. ख़बर के मुताबिक, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, यूपी, राजस्थान, उत्तराखंड और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में छापेमारी की गई.
अख़बार ने दिल्ली के मुखर्जी नगर में गर्ल्स पीजी हॉस्टल में भीषण आग लगने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि भारी मशक्कत के बाद चार मंजिला गर्ल्स पीजी की इमारत में आग में फंसी 34 छात्राओं और एक नवजात शिशु को सुरक्षित निकाला गया. ख़बर के मुताबिक, पांच छात्राओं को धुंए की वजह से सांस लेने में दिक्कत होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इसके अलावा कनाडा द्वारा खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आरोप भारत पर लगाने के बाद भारत ने सबूत मांगा, दिल्ली के नंदनगरी में प्रसाद उठाकर खाने पर 22 वर्षीय युवक की भीड़ द्वारा हत्या, हिंसाग्रस्त मणिपुर के 19 थानों को छोड़कर अशांत घोषित किया गया पूरा प्रदेश-अफस्पा की अवधि छह महीने और बढ़ी और एशियाई खेलों में भारत का बेहतरीन प्रदर्शन जारी- महिला खिलाड़ियों के दम पर एक दिन में दो स्वर्ण पदक मिले आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला ने कनाडा द्वारा खालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आरोप भारत पर लगाने के बाद भारत के जवाब को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के बाद कहा कि यह भारत की नीति नहीं है, इसके बावजूद अगर कनाडा ठोस सबूत देता है तो भारत इस पर गौर करेगा. अगर उनके पास कुछ तर्कसंगत है तो हमें बताएं. साथ ही कहा कि कनाडा की जमीन से भारत में हिंसा को बढ़ावा दिया जा रहा है. कनाडा सरकार सब कुछ जानने के बावजूद भी भारत विरोधी ताकतों पर कार्रवाई नहीं कर रही है.
अख़बार ने बुधवार को एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, बुधवार को भारतीय निशानेबाजों ने कुल सात पदक जीते. इनमें दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं. ख़बर के मुताबिक, सिफत कौर समरा ने निशानेबाजी में स्वर्ण पदक जीता. साथ ही मनु भाकर, ईशा सिंह और रिद्म सांगवान की तिकड़ी ने 25 मीटर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता.
इसके अलावा केजरीवाल के बंगला निर्माण में अनियमितता मामले में बुधवार को सीबीआई ने प्राथमिक जांच की, दिल्ली के मुखर्जी नगर के पीजी हॉस्टल में लगी आग, मणिपुर के पहाड़ी इलाकों में अफस्पा की अवधि 6 महीने और बढ़ी, अरुणाचल प्रदेश में तैनात आईएएस अधिकारी रिंकू दुग्गा को दी गई अनिवार्य सेवानिवृत्ति, संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक, आज का युवा भारत आने वाले दशकों में तेजी से वृद्ध होते समाज में बदल जाएगा, उज्जैन में 12 वर्षीय बच्ची के साथ रेप और ज्ञानवापी तहखाना मामले की सुनवाई 29 सितंबर को आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण ने आतंकी, गैंगस्टर और नशा तस्करों के गठजोड़ पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की बड़ी कार्रवाई को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि एनआईए ने पंजाब समेत सात राज्यों की 53 जगहों पर छापेमारी की. फिरोजपुर से खालिस्तान समर्थक डल्ला के साथी जोरा सिंह को हिरासत में लिया गया. एनआईए की यह इस तरह की सातवीं कार्रवाई है.
हांगझू में चल रहे एशियाई खेलों में भारतीयों के शानदार प्रदर्शन को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि भारतीय निशानेबाजों ने दो स्वर्ण सहित सात पदक जीते. इनमें दो कांस्य और तीन रजत पदक भी शामिल हैं.
इसके अलावा खालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर कनाडा द्वारा भारत पर लगाए आरोपों पर भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि ऐसा करना भारत की नीति नहीं, मणिपुर के पहाड़ी इलाकों में 6 महीने की अवधि के लिए बढ़ाया गया अफस्पा कानून, कुत्ता घुमाने के लिए स्टेडियम खाली करवाने वाली आईएएस जबरन रिटायर और मेनका गांधी ने इस्कॉन पर लगाया कसाइयों को गाय बेचने का आरोप आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता ने हिंसाग्रस्त मणिपुर में अफस्पा की अवधि छह महीने और बढ़ने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि मणिपुर के पहाड़ी इलाकों में सशस्त्र बल (विशेष अधिकार) अधिनियम यानी अफस्पा को छह महीने का विस्तार दिया गया, जबकि इंफाल घाटी के 19 थानों और असम की सीमा से सटे एक इलाके को इस कानून के दायरे बाहर रखा गया है.
अख़बार ने कनाडा द्वारा खालिस्तानी समर्थक निज्जर की हत्या के आरोपों पर विदेश मंत्री एस जयशंकर के जवाबों को दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, उन्होंने कहा कि नई दिल्ली ओटावा को बता चुका है कि यह भारत की नीति नहीं है. भारत विशिष्ट और प्रासंगिक सूचना पर विचार करने के लिए तैयार है.
इसके अलावा नई दिल्ली के नंदनगरी थाना क्षेत्र में चोरी के आरोप में भीड़ द्वारा युवक की पीट-पीट कर हत्या, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आवास मामले में सीबीआई की प्राथमिक जांच, न्यूयार्क में भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि गलवान झड़प के बाद से सामान्य नहीं हैं भारत- चीन संबंध और मणिपुर की राजधानी इंफाल में छात्रों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प में कई छात्र घायल आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने मणिपुर में फिर से अफस्पा की अवधि को 6 महीने के लिए बढ़ा देने को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि यह 1 अक्टूबर से लागू होगा. जिन क्षेत्रों में अफस्पा बढ़ाया गया है, वे अशांत इलाके हैं. वहीं, जिन 19 इलाकों को इससे बाहर रखा गया है, वे मैती बहुल इलाके हैं. इसमें असम की घाटी से सटा जिरीबाम भी शामिल है.
गुरुग्राम में फर्जी जनरल पावर ऑफ अटार्नी बनाकर एनआरआई की करीब 40 करोड़ की जमीन हड़पने के मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें से एक आरोपी के भतीजे की तहसील में अच्छी जानकारी थी. उसने रिकॉर्ड रूम के कर्मचारी से मिलकर फर्जी कागजात तैयार किए थे.
इसके अलावा दिल्ली के मुखर्जी नगर में गर्ल्स होस्टल पीजी में आग, डोपिंग ऑफिसर को देख ट्रायल से भागे खिलाड़ी, कुत्ता घुमाने के लिए स्टेडियम खाली कराने वाली आईएएस जबरन रिटायर, 18 किसान संगठनों का मांगों को लेकर 3 दिन तक ट्रेन रोको आंदोलन, ड्रिल मशीन से डॉक्टर की हत्या करने वाला सुल्तानपुर का भूमाफिया अजय नारायण अभी भी गिरफ्त से बाहर आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
From Sittilingi to Sijimali: The doctor Odisha police arrested over anti-mining agitation
-
Awadh ground report: UP’s swing voters speak, from Mohanlalganj to Ayodhya
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
After Uttarakhand, it’s MP: CM Yadav spent Rs 230 cr to sell a Rs 30 lakh cr ‘MoU’ mirage