Khabar Baazi
रोज़नामचा: संयुक्त राष्ट्र में विदेश मंत्री का भाषण और घुड़सवारी में 41 साल बाद स्वर्ण
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को प्राथमिकता दी है. कुछ अख़बारों ने संयुक्त राष्ट्र में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बयान तो कुछ ने भारत मंडपम् में जी-20 कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संबोधन को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अख़बारों ने एशियाई खेलों में घुड़सवारी में 41 साल बाद भारत द्वारा स्वर्ण पदक जीतने को भी पहली ख़बर बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
अमर उजाला ने संयुक्त राष्ट्र में विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, उन्होंने कहा कि भौगोलिक अखंडता का सम्मान और किसी देश के आंतरिक मामलों में दखलअंदाजी का मामला चुनिंदा रूप से नहीं उठाया जा सकता. साथ ही उन्होंने कहा कि कुछ देशों द्वारा एजेंडा सेट करने और बाकी देशों द्वारा उनका अनुसरण करने के दिन चले गए. उन देशों को दूसरों की बातें भी सुननी होगी.
अख़बार ने एशियाई खेलों में भारतीय घुड़सवारों द्वारा स्वर्ण पदक जीतने की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि सुदीप्ति हजेला, दिव्यकृति सिंह, विपुल हृदय छेड़ा और अनुष अगरवल्ला की चौकड़ी ने एशियाई खेलों में 41 साल बाद देश को स्वर्ण पदक दिलाया. ख़बर के मुताबिक, यह वही टीम है जिसे एशियाई खेलों में शामिल होने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट की शरण लेनी पड़ी थी.
इसके अलावा मशहूर फिल्म अभिनेत्री वहीदा रहमान को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से नवाजा जाएगा, दिल्ली में स्ट्रांगरूम की दीवार काट ज्वेलरी शोरूम से चुराए 25 करोड़ रुपये के गहने, राजस्थान के गृह राज्यमंत्री राजेंद्र यादव के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, यूपी के पुलिस उप अधीक्षक जियाउल हक की हत्या में विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की भूमिका की सीबीआई करेगी जांच, सुप्रीम कोर्ट ने उच्च न्यायालयों में न्यायधीशों की नियुक्ति और स्थानांतरण से संबंधित कॉलेजियम की 70 सिफारिशों पर कार्रवाई में केंद्र की ओर से देरी पर उठाए सवाल और यूपी के कासगंज का शैलेश कुमार सेना से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई को भेजने के आरोप में गिरफ्तार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण ने संयुक्त राष्ट्र में विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने भाषण की शुरुआत हाथ जोड़कर भारत की ओर से नमस्ते अभिवादन के साथ की. ख़बर के मुताबिक, उन्होंने खालिस्तानी आतंकियों के लिए पनाहगाह बने कनाडा को निशाने पर लिया. विदेश मंत्री ने कहा कि आतंकवाद, अतिवाद और हिंसा को लेकर हमारी प्रतिक्रिया राजनीतिक सुविधा को देखकर तय नहीं होनी चाहिए.
अख़बार ने देश के विभिन्न स्थानों पर आयोजित रोजगार मेले को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संबोधित किए जाने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. रोजगार मेले में बड़ी संख्या में बेटियों को नियुक्ति पत्र वितरण पर प्रसन्नता जताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत की बेटियां अंतरिक्ष से लेकर खेलों तक में कीर्तिमान रच रही हैं. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की नीति भी ऐसी ही हैं, जिससे बेटियों को आगे बढ़ने का मौका मिला.
इसके अलावा दादा साहेब फाल्के अवार्ड से सम्मानित होंगी प्रसिद्ध अभिनेत्री वहीदा रहमान, कनाडा पुलिस को मिला खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की मौत के समय का 90 सेकेंड का वीडियो- कार सवार पगड़ीधारी दो लोगों ने की थी हत्या, एशियाई गेम्स में भारतीय घुड़सवारी टीम ने 41 वर्ष बाद जीता स्वर्ण पदक, दिल्ली के मुख्यमंत्री के सरकारी आवास नवीनीकरण में कथित अनियमितता की जांच करेगी सीबीआई, भारत में पहली बार बनाई गई ड्रोन से लॉन्च होने वाली मिसाइल, दिल्ली में ज्वेलरी शोरूम के स्ट्रांग रूम से 25 करोड़ रुपये की चोरी, राजस्थान के गृह राज्यमंत्री राजेंद्र यादव के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी और सुरक्षाबलों ने कश्मीर में सक्रिय दो आतंकी नेटवर्क के मामले में दो महिलाओं समेत 13 लोगों को किया गिरफ्तार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत मंडपम में जी-20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट कार्यक्रम के संबोधन की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की विकास यात्रा जारी रखने के लिए स्वच्छ, स्पष्ट और स्थिर शासन जरूरी है. आज भ्रष्टाचार करने वाले जेल जाने से डर रहे हैं. उन्होंने पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि आज ईमानदारों को पुरस्कृत किया जा रहा है और भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई की जा रही है.
अख़बार ने उच्च न्यायालयों में जजों की नियुक्ति में देरी पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा सवाल उठाने की ख़बर को दसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, उच्च न्यायालयों में जजों की नियुक्ति में देरी पर सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी जताई और कहा कि मामले की बारीकी से निगरानी की जाएगी. ख़बर के मुताबिक, जस्टिस संजय किशन कौल ने कहा, “आज मैं चुप हूं क्योंकि अटॉर्नी जनरल ने कम समय मांगा है, अगली बार चुप नहीं रहूंगा. बोलने के लिए बहुत कुछ है लेकिन आज मैं अपने आपको रोक रहा हूं.”
इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह ने ने कहा कि देश की सीमाओं पर एंटी ड्रोन प्रणाली तैनात होगी, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र मंच से कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में किसी भी देश का अपना राजनीतिक लाभ देखना गलत, दिल्ली में शोरूम से 25 करोड़ के गहने की चोरी, मणिपुर में दो छात्रों की हत्या की फोटो वायरल होने के बाद बढ़ा तनाव, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ईडी के विशेष अधिकारों की फिर न्यायिक समीक्षा होगी, अयोध्या में श्री राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगी, प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री वहीदा रहमान को दादा साहब फाल्के पुरस्कार, दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में के. कविता को राहत, सुरक्षाबलों ने कश्मीर में आतंकियों को किया गिरफ्तार- गिरफ्तार 8 लोगों में दो महिलाएं भी शामिल आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता ने न्यायाधीशों की नियुक्ति में देरी पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा केंद्र सरकार को फटकार लगाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि न्यायाधीशों की नियुक्ति को लेकर एक बार फिर विधायिका और न्यायपालिका के लिए बीच टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कॉलेजियम की 70 सिफारिशें अब भी सरकार के पास अटकी हुई हैं. ख़बर के मुताबिक, अदालत ने अटॉर्नी जनरल से मुद्दे को हल करने के लिए उनके कार्यालय का उपयोग करने को कहा.
अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रोजगार मेले को संबोधित करने की ख़बर को प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति के लिए भविष्य के नए द्वार खोलना केंद्र सरकार की नीति है. उन्होंने कहा कि नारी शक्ति ने हर क्षेत्र में नई ऊर्जा के साथ बदलाव किया है. आज लड़कियां खेल से लेकर अंतरीक्ष तक हर क्षेत्र में कीर्तिमान रच रही हैं.
इसके अलावा दिल्ली के जंगपुरा में आभूषणों की दुकान में सेंधमारी में करोड़ों रुपये से ज्यादा के गहने चोरी, संयुक्त राष्ट्र में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कनाडा पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक सुविधा के हिसाब से आतंक पर प्रतिक्रिया देना गलत, मणिपुर में दो युवकों के शवों की तस्वीरें आने के बाद विरोध और लाठीचार्ज से 30 विद्यार्थी घायल, एशियाई खेलों में भारत ने 41 साल बाद घुड़सवारी में जीता स्वर्ण पदक, पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट, फिल्म अभिनेत्री वहीदा रहमान को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से किया जाएगा सम्मानित, अयोध्या में श्री राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा अगले साल 20 जनवरी को होगी और अमेरिका ने कहा कि खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या मामले की जांच आगे बढ़ना अहम आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने अगले साल जनवरी में अयोध्या में श्री राम मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में रामलला की प्रतिष्ठा अगले साल 22 जनवरी को होगी. ख़बर के मुताबिक, श्री राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि 15 जनवरी को सूर्य उत्तरायण होंगे. इसी दिन से अनुष्ठान और अभिषेक प्रक्रिया शुरू होंगी, जो 22 जनवरी तक चलेंगी.
अख़बार ने मणिपुर में दो छात्रों के अपहरण और शवों की तस्वीरें वायरल होने के बाद विवाद की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि मणिपुर में 82 दिनों से लापता दो छात्रों के शवों की तस्वीरें सामने आई हैं. फोटो वायरल होने से राज्य में तनाव देखते हुए मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है.
इसके अलावा राजस्थान के गृह राज्यमंत्री राजंद्र यादव के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, भाजपा नेता शहनवाज हुसैन को आया हार्ट अटैक, संयुक्त राष्ट्र में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा – सियासी सहूलियत से आतंकवाद पर कार्रवाई सही नहीं, एशियाई खेलों में घुड़सवारी में 41 साल बाद भारत को मिला स्वर्ण पदक, ग्लालियर में शराब की एक दुकान बंद करने के फैसले से भावुक हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह, मुंबई में 26/11 हमला के आतंकवादी तहव्वुर राणा के खिलाफ कोर्ट में चौथी चार्जशीट दर्ज और फिल्म अभिनेत्री वहीदा रहमान को दिया जाएगा दादा साहब फाल्के अवार्ड आदि ख़बरों को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Vote Bachao, Desh Bachao’: The INDIA bloc rally at Ramlila Maidan, as it unfolded
-
Uttarakhand SIR: 2,700+ names deleted in Gadarpur on objections filed by poll officers after the deadline
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant