Report
रोज़नामचा: एशियाड में भारत की स्वर्णिम जीत और भाजपा ने दिग्गजों पर लगाया चुनावी दांव
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग सुर्खियों को प्रमुखता दी है. किसी किसी अख़बार ने एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा सोना जीतने तो किसी ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा मध्यप्रदेश चुनाव के लिए उम्मीदवार की दूसरी लिस्ट जारी किए जाने को प्रमुखता दी है. वहीं, कुछ अख़बारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मध्यप्रदेश और राजस्थान में जनसभाओं के संबोधन को भी प्राथमिकता दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा द्वारा उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि मध्यप्रदेश में भाजपा ने दिग्गज नेताओं को चुनाव मैदान में उतार दिया है. केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर समेत तीन मंत्री और सात सांसद विधानसभा चुनाव में उतारे गए हैं. ख़बर के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को भी टिकट दिया गया है. इस सूची में अधिकांश हारी हुए सीटों पर उम्मीदवार उतारे गए हैं.
अख़बार ने मध्यप्रदेश के भोपाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संबोधन की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि प्रधानमंत्री ने सोमवार को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव अभियान का आगाज किया. उन्होंने कहा कि मोदी यानी हर वादे पूरे होने की गारंटी. जब मोदी गारंटी देता है तो योजनाएं जमीन पर उतरती हैं. ख़बर के मुताबिक, पीएम मोदी ने विपक्षी गठबंधन को भी घेरा और कहा कि इन लोगों ने महिला आरक्षण बिल पर खट्टे मन से समर्थन दिया है.
इसके अलावा एशियाई खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन- दूसरे दिन भारत ने जीते दो स्वर्ण पदक, भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गासेंटी ने कहा - अमेरिका जाने वाले विदेशी छात्रों में हर चौथा छात्र भारतीय, विवादित डॉक्यूमेंट्री मामले में बीबीसी को दिल्ली हाईकोर्ट का नोटिस, संसद में विवादित बयान मामले के आरोपी रमेश बुधूड़ी ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से की मुलाकात और खुफिया जांच एजेंसी एनआईए ने खालिस्तान समर्थकों एवं आतंकियों में गठजोड़ की जताई आशंका आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण ने मध्यप्रदेश और राजस्थान विधानसभा चुनावों की तैयारी को लेकर दोनों राज्यों की अलग-अलग जगहों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनसभा के संबोधन को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि प्रधानमंत्री ने सोमवार को भोपाल में भाजपा कार्यकर्ताओं के महाकुंभ तो जयपुर में परिवर्तन संकल्प यात्राओं के महासंगम समारोह को संबोधित किया. ख़बर के मुताबिक, जयपुर के संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर आतंकियों के प्रति नरम होने का आरोप लगाया. वहीं, भोपाल में उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक कंपनी बन कर रह गई है, जिसका संचालन कांग्रेस के कार्यकर्ता न करकर अर्बन नक्सल करते हैं.
वहीं, एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा शानदार प्रदर्शन करने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि भारतीय खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सोमवार को दो स्वर्ण सहित छह पदक जीते. ख़बर के मुताबिक, निशानेबाजी और क्रिकेट में भारतीय खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीते.
इसके अलावा एनआईए की ओर से दाखिल चार्जशीट में खुलासा- खालिस्तान समर्थक प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा कई देशों में फैला रहा आतंकी नेटवर्क, मुजफ्फनगर के एक छात्र को शिक्षक द्वारा सहपाठियों से पिटवाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल, भारतीय वायुसेना के बेड़े में शामिल हुआ सी-295 परिवहन विमान, केरल में सेना के जवान को बांधकर पीटा- पीठ पर पेंट से लिखा पीएफआई, छत्तीसगढ़ दौरे पर राहुल गांधी ने कहा- हमारी सरकार बनी तो कराएंगे जातीय जनगणना, अन्नाद्रमुक ने तोड़ा भाजपा और एनडीए से नाता, मौसम विभाग ने एक बयान में कहा - लगातार 13वें वर्ष मॉनसून की देर से हो रही विदाई, भाजपा ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में तीन मंत्रियों समेत सात सांसद उतारे और केंद्र ने खुले बाजार में गेहूं बेचने का लिया फैसला आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला ने एशियन गेम्स में दूसरे दिन भी भारतीय खिलाड़ियों द्वारा बेहतर प्रदर्शन करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि 19वें एशियाई खेलों का दूसरा दिन भारत के लिए स्वर्णिम रहा. निशानेबाजी की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्द्धा में भारतीय तिकड़ी ने अद्भुत प्रदर्शन करते हुए विश्व रिकॉर्ट के साथ स्वर्ण पदक जीता. वहीं, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार क्रिकेट में गोल्ड जीता.
अख़बार ने मध्यप्रदेश चुनाव में भाजपा द्वारा उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में हर कीमत पर सत्ता बचाने की कोशिश में जुटी भाजपा ने तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत सात सांसदों को मैदान में उतारा है. ख़बर के मुताबिक, सोमवार को जारी 39 उम्मीदवारों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का नाम अहम है. साथ ही पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे.
इसके अलावा भाजपा को दक्षिण में झटका- अन्नाद्रमुक ने तोड़ा गठबंधन, ईडी ने अस्थाई रूप से जब्त की यूनिटेक समूह की 125 करोड़ रुपये की ज़मीन, खालिस्तानियों पर एनआईए और पंजाब पुलिस हुई सख्त- कनाडा में छिपे खालिस्तानी आतंकी लखबीर सिंह लंडा से जुड़े लोगों के 48 ठिकानों पर पड़े छापे, सुप्रीम कोर्ट ने मुजफ्फनगर थप्पर कांड मामले में सरकार को लगाई फटकार और दिल्ली-एनसीआर में देश की पहली ग्रीन हाइड्रोजन बस का संचालन शुरू आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा द्वारा उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि मध्यप्रदेश भाजपा ने सोमवार को 39 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है. ख़बर के मुताबिक, पार्टी ने तीन केंद्रीय मंत्रियों को चुनाव में उतारा है. संसद में महिला आरक्षण बिल पास होने के बाद जारी इस सूची में महिलाओं को छह सीटों पर उतारा गया है.
अख़बार ने अन्नाद्रमुक द्वारा भाजपा से गठबंधन तोड़ने की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि सोमवार को अन्नाद्रमुक ने भाजपा के साथ अपने चार साल पुराने गठबंधन को तोड़ दिया है. ख़बर के मुताबिक, पार्टी ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में वह एक अलग मोर्चे का नेतृत्व करेगी.
इसके अलावा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा- सत्ता में आए तो सबसे पहले जातीगत जनगणना कराएंगे, एशियाई खेलों में भारत ने जीते दो स्वर्ण पदक, एनडीए गठबंधन में वापसी की अटकलें बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने की खारिज, भारत-कनाडा गतिरोध को लेकर फाइनेंसियल टाइम्स की रिपोर्ट - अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने जी-20 के दौरान खालिस्तानी समर्थक निज्जर की हत्या पर की थी बात और मौसम विभाग ने कहा- लगातार तेरहवीं बार हो रही देरी से मानसून की वापसी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मध्यप्रदेश के भोपाल में संबोधन को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, पीएम मोदी ने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि घमंडिया गठबंधन ने खट्टे मन से महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया है. इस गठबंधन में वहीं लोग हैं, जिन्होंने 30 साल से इस बिल को पारित नहीं होने दिया. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस पहले बर्बाद हुई, उसके बाद इसका ठेका अर्बन नक्सलियों के पास चला गया.
अख़बार ने मुजफ्फनगर जिले में स्कूली बच्चे की पिटाई मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा सरकार को फटकारने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर छात्र को धर्म के आधार पर पीटा जा सकता है तो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कभी नहीं मिल सकती. कोर्ट ने जांच अधिकारियों पर सवाल उठाए और कहा कि मामले की जांच आईपीएस अधिकारी से कराई जाए.
इसके अलावा मालेगांव ब्लास्ट केस में भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर कोर्ट में पेश, मॉडल टाउन फेस-1 में प्लॉट खरीद मामले में पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी, छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी ने कहा- सरकार बनी तो कराएंगे जातिगत जनगणना और विलुप्त सरस्वती नदी को पुर्नजीवित करने के लिए राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में इसी वर्ष बनेगा शोध केंद्र आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra