Khabar Baazi
रोज़नामचा: संसद के विशेष सत्र का आह्वान और विपक्षी गठबंधन इंडिया की बैठक बनी आज की सुर्खियां
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं अलग-अलग खबरों को प्रमुखता दी है. किसी अख़बार ने मुंबई में हुई वाली विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया की बैठक तो किसी ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई को प्रमुखता दी है. वहीं, कुछ अख़बारों ने राजधानी में होने वाले जी 20 सम्मेलन तो कुछ ने संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने को आज पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नजर डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान ने विपक्षी गठबंधन इंडिया की मुंबई बैठक की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, गठबंधन के नेताओं ने मुख्य बैठक का एजेंडा तय करने के लिए गुरुवार देर शाम अनौपचारिक बैठक की. अख़बार ने लिखा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी बड़ी भूमिका तय हो सकती है. ख़बर के मुताबिक, गुरुवार को बैठक के पहले दिन विपक्षी गठबंधन के घटक दलों के नेताओं ने कहा कि वे संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट हैं.
अख़बार ने केंद्र सरकार द्वारा 18 से 22 सितंबर के बीच संसद के विशेष सत्र बुलने की घोषणा को दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) ने अचानक सत्र बुलाने पर सवाल उठाए हैं. संसदीय कार्यमंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि विशेष सत्र में पांच बैठकें होंगी. सूत्रों के हवाले से लिखा कि बैठक के कामकाज नए संसद भवन में स्थानांतरित हो सकते हैं.
इसके अलावा अडाणी समूह पर कंपनी के शेयरों में हेरफेर के आरोप के बाद राहुल गांधी ने कहा- अडाणी समूह में बेनामी निवेश के नए आरोपों की जांच संयुक्त संसदीय समिति करे, केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा- जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने के लिए तैयार, पिछली तिमाही अप्रैल-जनू में देश की जीडीपी की सबसे तेज रफ्तार, अब एक्स के जरिए ऑडियो-वीडियो कॉल कर सकेंगे उपयोगकर्ता और सुप्रीम कोर्ट ने फर्जी वेबसाइट से वकीलों और जजों को आगाह किया आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण ने केंद्र सरकार द्वारा संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, संसद के विशेष सत्र की बैठक 18 से 22 सितंबर तक होगी. अख़बार ने लिखा कि संसद का विशेष सत्र बुलाने का मकसद महिला आरक्षण और ‘एक देश, एक चुनाव’ विधेयक लाना हो सकता है. मालूम हो कि पीएम मोदी की नेतृत्व वाली 9 वर्षों की सरकार में पहली बार ऐसा सत्र बुलाया गया है.
अख़बार ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की मुंबई बैठक से जुड़ी ख़बरों को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि बैठक से पहले रात्रि भोज में अनौपचारिक चर्चा के दौरान घटक दलों के शीर्ष नेताओं के बीच आपसी गर्माहट ने लगभग तय कर दिया है कि 2024 के चुनाव में विपक्षी गठबंधन एकजुट है. ख़बर के मुताबिक, समन्वय समिति की रूपरेखा लगभग तय हो चुकी है.
इसके अलावा एक और आरोप में घिरा अडाणी समूह, अब यूजर्स जल्द कर सकेंगे एक्स (ट्वीटर) पर ऑडियो-वीडियो कॉल, जम्मू-कश्मीर से धारा-370 को निरस्त किए जाने को चुनौति देने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के सवाल पर केंद्र ने कहा- जम्मू-कश्मीर में कभी भी चुनाव कराने को तैयार केंद्र, रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष बनी जया वर्मा सिन्हा, कैंसर विशेषज्ञ डा. रवि कन्नन को रैमन मैग्सेसे पुरस्कार और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा- प्रोजेक्ट में देरी करने वाले बिल्डरों को छोड़ेंगे नहीं आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला ने जम्मू-कश्मीर से धारा-370 निरस्त करने को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई को पहली सुर्खी बनाया है. केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव और पूर्ण राज्य के दर्जे की बहाली पर सुप्रीम कोर्ट के सवाल पर केंद्र ने जवाब दिया है. ख़बर के मुताबिक, केंद्र ने कहा कि वह चुनाव कराने के लिए हमेशा तैयार है. हालांकि, पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने में अभी वक़्त लगेगा.
अख़बार ने चालू वित्त वर्ष यानी 2023-24 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में देश की आर्थिक विकास दर में वृद्धि की ख़बर को भी प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि पहली तिमाही में भारत की आर्थिक विकास दर 7.8 प्रतिशत रही. विश्व के प्रमुख देशों में भारत की विकास दर सर्वाधिक रही. ख़बर के मुताबिक, अर्थव्यवस्था की यह रफ्तार एक साल में सबसे तेज है.
इसके अलावा केंद्र सरकार ने 18 से 22 सितंबर तक बुलाया संसद का विशेष सत्र, अडाणी समूह पर नया आरोप - निवेशकों ने खुद ही खरीदे कंपनी के शेयर, मेट्रो स्टेशनों पर देश विरोधी नारे लिखने के आरोप में दो खालिस्तान समर्थक गिरफ्तार, विपक्षी गठबंधन ने मुंबई बैठक के दौरान कहा- संविधान व लोकतंत्र बचाने आए हैं साथ, जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत नहीं आएंगे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रेलवे बोर्ड की पहली महिला प्रमुख बनीं जया वर्मा सिन्हा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता ने जम्मू-कश्मीर मामले में सुप्रीम कोर्ट के सवाल पर केंद्र सरकार के जवाब को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि केंद्र सरकार ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में कहा कि जम्मू-कश्मीर में चुनाव अब किसी भी समय हो सकते हैं, क्योंकि मतदाता सूची पर अधिकांश काम पूरा हो चुका है. इसके लिए विशिष्टों तारीखों का फैसला करना निर्वाचन आयोग पर निर्भर है.
अख़बार ने केंद्र सरकार द्वारा संसद का विशेष सत्र बुलाने की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने अनुमान लगाते हुए लिखा कि बैठक में चंद्रयान-3 की सफलता और अमृत काल के दौरान भारत के लक्ष्य भी विशेष सत्र में चर्चा का हिस्सा हो सकते हैं. हालांकि, सरकार ने विशेष सत्र के एजेंडे के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है. विपक्ष ने सरकार के इस कदम पर कई सवाल उठाए हैं.
इसके अलावा पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली बने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, गुरूवार को मणिपुर में फिर हिंसा- संघर्ष में गीतकार समेत छह लोग मारे गए, ओसीसीआरपी ने अडाणी समूह पर शेयरों में हेरफेर के लगाए आरोप आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि सम्मेलन में 29 सबसे बड़े देशों के राष्ट्र अध्यक्ष और 14 अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के प्रमुख एक साथ मौजूद होंगे. देश के लिए यह सबसे बड़ा ग्लोबल इवेंट है क्योंकि जी-20 देशों की दुनिया की कुल आबादी में 60 प्रतिशत, कुल जीडीपी में 80 प्रतिशत और कुल व्यापार में 75 प्रतिशत हिस्सेदारी है.
अख़बार ने अगस्त 2023 महीने को सबसे सूखा और सबसे गर्म महीना होने की ख़बर को भी प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि इस महीने सामान्य की तुलना में 36 प्रतिशत कम बारिश हुई. अगस्त की सामान्य बारिश 254.9 मिमी है, लेकिन इस बार केवल 161.7 मिमी बारिश हुई, जिसका नतीजा यह है कि मानसून सीजन के तीन महीने बीतने पर बारिश सामान्य से 10 प्रतिशत कम है.
इसके अलावा ओसीसीआरपी की रिपोर्ट पर जवाब देते हुए कंपनी बोली- अडाणी समूह को फिर निशाना बनाया गया, केंद्र सरकार की नई योजना- घर खरीदने के लिए रियायती ब्याज की स्कीम इसी महीने, काशी विश्वनाथ मंदिर बनने के बाद श्रद्धालु बढ़े, जया वर्मा सिन्हा बनी रेलवे बोर्ड की पहली महिला चेयरमैन, सीजेआई ने सुप्रीम कोर्ट की फर्जी वेबसाइट से आगाह किया और नूंह हिंसा के दौरान साइबर थाने में तोड़फोड़ एवं आगजनी का आरोपी गिरफ्तार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
स्वर्ग में चायवाले की टपरी पर एसआईआर की चर्चा और टीएन शेषन की एंट्री
-
No, Neha Bora did not call for Bangladesh-like situation in India; viral claim misses important context