Khabar Baazi
रोज़नामचा: रसोई गैस के दामों में कटौती और सुप्रीम कोर्ट का सवाल बनी आज की सुर्खियां
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं अलग-अलग खबरों को प्रमुखता दी है. किसी अख़बार ने केंद्र द्वारा घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 200 रुपये सस्ता किए जाने तो किसी ने सुप्रीम कोर्ट में धारा 370 पर सुनवाई को प्रमुखता दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नजर डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
अमर उजाला ने केंद्र सरकार द्वारा एलपीजी की कीमत में कटौती की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि केंद्र सरकार ने आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए घरेलू रसोई गैस सिलेंडर सस्ता कर दिया है. उज्जवला लाभार्थियों को 400 रुपये की राहत मिलेगी, क्योंकि उन्हें 200 रुपये की सब्सिडी पहले से ही मिल रही है. ख़बर के मुताबिक, नई कीमतें बुधवार से ही अमल में आ जाएंगी.
अख़बार ने चंद्रयान-3 के रोवर प्रज्ञान द्वारा चांद पर ऑक्सीजन- सल्फर जैसे नौ अन्य तत्वों की खोज को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने इसरो के हवाले से लिखा कि रोवर प्रज्ञान में लगे उपकरण से चट्टानों को लेजर से जलाकर किए गए प्रयोग में नौ तत्वों की मौजूदगी के सबूत मिले हैं. ख़बर के मुताबिक, सल्फर के साथ एल्यूमीनियम, कैल्शियम, आयरन, क्रोमियम और टाइटेनियम की भी उपस्थिति मिली है.
इसके अलावा केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा - जम्मू-कश्मीर का केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा अस्थाई, सुप्रीम कोर्ट ने कहा- जब तक जरूरी न हो तब तक अदालतें सरकारी अधिकारियों के खिलाफ टिप्पणी करने से बचें, केंद्र सरकार ने वाहन क्षेत्र के लिए पीएलआई योजना एक साल तक बढ़ाई, कुश्ती संघ चुनाव के बारे में पंजाब- हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट का दखल से इंकार और दिल्ली मेट्रो द्वारा रक्षाबंधन पर 106 अतिरिक्त मेट्रो चलाने की तैयारी आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
हिंदुस्तान ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी करने के फैसले को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि केंद्र सरकार ने रक्षाबंधन के मौके पर रसोई गैस उपभोक्ताओं को तोहफा दिया है. पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में आम आदमी को महंगाई से राहत देने के लिए गैस सिलेंडर के दाम 200 रुपये कम करने की घोषणा की गई है. साथ ही ख़बर के मुताबिक, पेट्रोल-डिजल के दामों में भी कटौती के आसार हैं.
अख़बार ने चंद्रयान-3 के रोवर प्रज्ञान द्वारा चांद के दक्षिणी ध्रुव पर तत्वों की खोज को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने इसरो के हवाले से लिखा कि प्रज्ञान रोवर ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सल्फर पाए जाने की पुष्टि की है. ख़बर के मुताबिक, एलआईबीएस पेलोड अब हाइड्रोजन की तलाश में जुटा है.
इसके अलावा भारत के प्रथम सूर्य मिशन आदित्य एल-1 की तैयारी पूरी, केंद्र सरकार ने फार्मास्युटिकल क्षेत्र और मेडिकल टेक्नोलॉजी से जुडे़ शोध को बढ़ावा देने वाली राष्ट्रीय नीति का ऐलान किया और हिंसाग्रस्त मणिपुर के विधानसभा सत्र में कुकी विधायकों की अनुपस्थिति आदि ख़बरों को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने केंद्र सरकार द्वारा गैस सिलेंडर के दामों में कटौती को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के खुदरा दाम में 200 रुपय की कटौती के साथ ही उज्जवला योजना का विस्तार करते हुए 75 लाख और परिवारों को इसमें जोड़ने की घोषणा की गई है. 30 अगस्त से लागू होने वाले सरकार के इस फैसले से 31 करोड़ से अधिक एलपीजी उपभोक्ताओं को फायदा होगा.
अख़बार ने चंद्रयान-3 के रोवर प्रज्ञान द्वारा चांद पर आक्सीजन की पुष्टि करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि रोवर प्रज्ञान ने पहली बार चांद के दक्षिणी ध्रुव पर ऑक्सीजन की खोज की है. अब हाइड्रोजन की तलाश जारी है.
इसके अलावा चीन द्वारा जारी मानक मानचित्र को भारत ने कहा- बेतुका, दिल्ली शराब घोटाले के घूसखोरी मामले में आरोपी ईडी के सहायक निदेशक के विरूद्ध हो सकती है मनी लांड्रिंग की जांच, जम्मू-कश्मीर से धारा-370 निरस्त करने के खिलाफ याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से पूछा- जम्मू-कश्मीर में चुनावी लोकतंत्र कब आएगा, इस्लामबाद में भारतीय उच्चायोग की पहली भारतीय महिला होंगी गीतिका श्रीवास्तव, नेशनल सिक्योरिटी गार्ड के घेरे में होगा जी-20 शिखर सम्मेलन, मणिपुर विधानसभा का एक दिन का सत्र एक घंटा भी नहीं चल सका और तिहाड़ जेल के बॉडी बिल्डर जेलर से 51 लाख रुपये की ठगी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता ने जम्मू-कश्मीर से धारा-370 को हटाने के केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि मंगलवार को याचिका पर सुनवाई करते हुए शीर्ष कोर्ट की संविधान पीठ ने केंद्र सरकार से पूछा कि जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा सरकार कब तक बहाल करेगी. मुख्य न्यायाधीस डीवाई चंद्रचुड़ ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से समयसीमा और दिशा-निर्देश बताने को कहा.
अख़बार ने केंद्र सरकार द्वारा गैस सिलेंडर के दाम में कटौती करने की घोषणा को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि आम जनता को केंद्र सरकार ने महंगाई से बड़ी राहत दी है. ख़बर के मुताबिक पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मिटिंग के बाद गैस सिलेंडर के दाम में 200 रुपये की कमी करने का फैसला लिया गया. इस फैसले को रक्षाबंधन और आगामी आम चुनाव के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
इसके अलावा मणिपुर विधानसभा में शांति के आह्वान का प्रस्ताव पारित- कुकी समुदाय के सभी दस विधायक सदन में गैर-हाजिर रहे, दिल्ली विकास प्राधिकरण का फैसला- घर-भूखंड के मालिक खरीद सकेंगे अब डीडीए के फ्लैट, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा- समय से पहले लोकसभा चुनाव मुमकिन, चीन द्वारा मानक मानचित्र जारी करने के बाद भारत ने कहा - ऐसे कदम सीमा विवाद को उलझाते हैं, केंद्र ने बिहार में जातिय जनगणना के खिलाफ दायर हलफनामे को वापस लिया और पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की तीन साल की सजा पर रोक- लेकिन अभी जेल में ही रहना होगा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने केंद्र सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कटौती करने के फैसले को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों में चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने रसोई गैस सिलेंडर के दाम 200 रुपय घटा दिए. ख़बर के मुताबिक, 14.2 किग्रा का सिलेंडर बुधवार से 903 रुपये और उज्जवला योजना के तहत 703 रुपये में मिलेगा. मालूम हो कि मई 2020 के बाद एलपीजी के दाम तेजी से बढ़ते हुए 588 रुपये से 1103 रुपये हो चुके थे.
अख़बार ने सड़क और परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा मंगलवार को एथेनॉल फ्यूल से चलने वाली कार को लॉन्च करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, यह कार 40 प्रतिशत बायो एथेनॉल फ्यूल और 60 प्रतिशत बिजली से चलती है. कार शहर में 28 किमी और हाईवे पर 35 किमी प्रति लीटर माइलेज देने में सक्षम है.
इसके अलावा चीन ने नियामक मानचित्र जारी किया- अरुणाचल प्रदेश को अपने मानचित्र में दर्शाया, चंद्रयान-3 ने चांद पर खोजा ऑक्सीजन और सल्फर, पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को कोर्ट से राहत नहीं- अभी भी जेल में रहना पड़ेगा, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा- लोकसभा चुनाव कभी भी संभव, मुंबई में 31 अगस्त को विपक्षी गठबंधन इंडिया और सत्ताधारी गठबंधन एनडीए की एक ही दिन बैठक और नागपुर यूनिवर्सिटी ने एमए सेकेंड ईयर के सिलेबस से कांग्रेस-कम्युनिस्ट पार्टि के इतिहास को हटाकर जनसंघ- भाजपा के इतिहास को जोड़ा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
Uttarakhand ERO refused BJP worker’s bulk Form 7 objections. After ECI complaint, 5,359 were accepted
-
A BJP worker in Uttarakhand objected. Voters in Kichha who never knew him are off the roll
-
Inside Brazil’s divided democracy
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables