Khabar Baazi
रोज़नामचा: भारत का पहला सौर मिशन और पीएम मोदी का संबोधन बनी आज की सुर्खियां
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं अलग-अलग खबरों को प्रमुखता दी है. किसी अख़बार ने पीएम नरेंद्र मोदी के रोजगार मेले के संबोधन को तो किसी ने इसरो द्वारा पहले सोलर मिशन आदित्य की लॉन्चिंग को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नजर डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण ने रोजगार मेले के उद्घाटन के बाद पीएम नरेंद्र मोदी के संबोधन को पहली सुर्खी बनाया है. अखबार ने लिखा कि पीएम मोदी ने केंद्रीय सशस्त्र बल में रोजगार पाने वाले युवाओं को अपने दायित्व का एहसास कराया और कहा कि हम ऐसे वक्त में रोजगार मेले का आयोजन कर रहे हैं, जब पूरा देश ‘चंद्रयान-3’ की सफलता से गौरवान्वित है. खबर के मुताबिक, केंद्रीय सशस्त्र बल में रोजगार पाने वाले युवाओं को पीएम मोदी ने ‘अमृत रक्षक’ नाम दिया.
अखबार ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा सूर्य के रहस्यों को समझने के लिए भारत के पहले सूर्य मिशन आदित्य एल-1 लॉन्च करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, सूर्य मिशन आदित्य एल-1 को 2 सितंबर को दिन में 11 बजकर 50 मिनट पर लॉन्च किया जाएगा.
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट में धारा 370 हटाने को लेकर सुनवाई, ईशा अंबानी, आकाश और अनंत अंबानी रिलाएंस इंडस्ट्रीज के निदेशक मंडल में शामिल, बेंगलुरू से दिल्ली आ रहे विमान में एम्स के पांच डॉक्टर बने जीवनदाता- हृदय की जन्मजात बिमारी से ग्रस्त डेढ़ साल की बच्ची की बचाई जान, दिल्ली शराब घोटाले में आरोपित को बचाने के लिए पांच करोड़ रुपये की घूसखोरी मामले में ईडी अफसर पर एफआईआर दर्ज, नूंह में सोमवार को शांतिपूर्ण तरीके से हुआ जलाभिषेक, वायु प्रदुषण हुआ खतरनाक- 5.3 वर्ष तक घटा रहा उम्र आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला ने सुप्रीम कोर्ट में अनुच्छेद-370 को निरस्त करने के खिलाफ याचिका की सुनवाई के दौरान शीर्ष कोर्ट की टिप्पणी को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अनुच्छेद 35 ए ने जम्मू-कश्मीर में लोगों के मूल अधिकार छीने. इस अनुच्छेद ने राज्य सरकार के तहत रोजगार, अचल संपत्तियों के अधिग्रहण और राज्य में बसने का अधिकार सिर्फ स्थाई निवासियों तक सीमित कर दिया था.
अख़बार ने दिल्ली शराब घोटाले के एक आरोपी को बचाने के लिए ईडी अधिकारी द्वारा घूसखोरी के मामले को दूसरी सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े पांच करोड़ रुपये के घूसकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने प्रवर्तन निदेशालय के सहायक निदेशक पवन खत्री को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया. इसके अलावा छह अन्य आरोपियों के खिलाफ भी केस दर्ज किया है.
इसके अलावा यूपी के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को पत्नी भानवी सिंह ने तलाक देने से किया इंकार, बिहार के बहुचर्चित चारा घोटाला केस में 89 आरोपियों को सजा- 35 बरी, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को अहमदाबाद हाईकोर्ट ने मानहानि मामले में भेजा समन आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा सूर्य के रहस्यों को समझने के लिए भारत द्वारा पहला सूर्य मिशन लॉन्च करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, अख़बार ने इसरो के हवाले से लिखा कि श्रीहरिकोटा के अंतरिक्ष केंद्र से शनिवार सुबह पीएसएलवी- सी 57 रॉकेट की मदद से आदित्य एल-1 मिशन लॉन्च किया जाएगा.
अख़बार ने पीएम मोदी द्वारा सोमवार को वर्जुअली रोजगार मेले को संबोधित किए जाने को दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक पीएम मोदी ने कहा कि भारत की अर्थव्यस्था तेजी से विकसित हो रही है. खासतौर पर पर्यटन, दवा और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों में तेज वृद्धि की उम्मीद है. ख़बर के मुताबिक, 51 हजार से अधिक नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र किये गए.
इसके अलावा नूंह में कर्फ्यू जैसे हालात के बीच सोमवार को हुआ जलाभिषेक, विपक्षी गठबंधन इंडिया का संयोजक बनने से बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने किया इंकार कहा- पद से ज्यादा विपक्षी एकता जरूरी, दिल्ली शराब घोटाले मामले में आरोपी को बचाने के लिए घूस लेने के आरोप में ईडी के सहायक निदेशक पर केस, ब्रिटेन में तकनीकी खराबी से विमानों की आवाजाही ठप, मानहानि मामले में बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ अहमदाबाद की एक कोर्ट ने भेजा समन आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता ने पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा रोजगार मेले के वर्चुअल संबोधन को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, यह रोजगार मेला देशभर में 45 स्थानों पर आयोजित किया गया और 51,000 से अधिक नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए. ये भर्तियां केंद्रीय मंत्रालय ने विभिन्न कंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल नारकोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरो और दिल्ली पुलिस में कर्मियों की भर्तियां की हैं.
अख़बार ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन द्वारा सूर्य का अध्ययन करने के लिए आदित्य एल-1 मिशन लॉन्च करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, आदित्य एल-1 अंतरिक्ष यान को सूर्य की सबसे बाहरी परत के दूरस्थ अवलोकन और और एल-1 (सूर्य-पृथ्वी लैंग्रेज बिंदु) पर सौर वायु के यथास्थान अवलोकन के लिए तैयार किया गया है.
इसके अलावा नूंह में कड़ी सुरक्षा के बीच हुई नल्हड़ मंदिर में पूजा, मुंबई में होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में गठबंधन का प्रतीक चिन्ह निर्धारित किया जाएगा, राजस्थान के कोटा में विद्यार्थियों की आत्महत्या के मद्देनजर प्रशासन ने लिया फैसला- दो महीने तक नियमित परीक्षाएं रोकें संस्थान, विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद नीरज चोपड़ा के गांव में खुशी का माहौल, मुजफ्फनगर में थप्पड़ कांड से चर्चा में आए स्कूल को बंद करने के बाद पीड़ित बच्चे को दूसरे अंग्रजी माध्यम स्कूल में दाखिल किया गया आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने सोमवार को नूंह में जलाभिषेक पूजा होने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नूंह में विश्व हिंदू परिषद, सर्वजातीय हिंदू महापंचायत और बजरंग दल के आह्वान पर ब्रजमंडल शोभायात्रा सोमवार को शांतिपूर्ण ढ़ंग से पूरी हुई. इस दौरान नूंह में धारा 144 के लागू होने के बावजूद कर्फ्यू जैसे हालात रहे. सड़कों पर सन्नाटा रहा. जिले की सीमा पर भारी सुरक्षाबल की तैनाती की गई. टोल प्लाज बंद रहे और कुछ चुनिंदा लोगों को ही नूंह जाने दिया गया.
अख़बार ने भारत का पहला सूर्य मिशन आदित्य एल-1 को लॉन्च करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, चंद्रयान-3 की सफलता के बाद इसरो सूर्य के अध्ययन के लिए सूर्य मिशन आदित्य एस-1 लॉन्च करेगा. अख़बार ने इसरो के हवाले से लिखा कि 2 सितंबर को सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर श्रीहरिकोटा से सूर्य मिशन लॉन्च किया जाएगा. इसरो ने कहा आदित्य एल-1 पूरी तरह से स्वदेशी प्रयास है, जिसमें राष्ट्रीय संस्थानों की भागीदारी है.
इसके अलावा फ्रांस के स्कूलों में हिजाब समेत सभी तरह के इस्लामिक लिबास पर बैन, कुश्ती संघ चुनाव पर गतिरोध जारी- हाई कोर्ट में 25 सितंबर और सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज, पंजाब सरकार द्वारा 10 अगस्त को अधिसूचना जारी कर राज्य की सभी ग्राम पंचायतों को भंग करने के फैसले पर सोमवार को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने जवाब मांगा, हरियाणा में महिला कोच के साथ छेड़छाड़ का केस- विपक्ष ने आरोपी मंत्री संदीप सिंह का इस्तीफा मांगा, भालाफेंक की मां ने पाकिस्तान के खिलाड़ी को हराने के रिपोर्टर के सवाल के जवाब में कहा- खिलाड़ी तो खिलाड़ी होता है, कोई भी जीतता है तो खुशी होती है, हरियाणा में सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन में ट्रांसजेंडर कॉलम की मांग के लिए राज्य के हाईकोर्ट में याचिका आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
Uttarakhand ERO refused BJP worker’s bulk Form 7 objections. After ECI complaint, 5,359 were accepted
-
A BJP worker in Uttarakhand objected. Voters in Kichha who never knew him are off the roll
-
Inside Brazil’s divided democracy
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables