Khabar Baazi
रोज़नामचा: पीएम नरेंद्र मोदी का संबोधन और मणिपुर में फिर भड़की हिंसा बनी आज की सुर्खियां
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को प्राथमिकता दी है. किसी ने प्रधानमंत्री के जी-20 में संबोधन तो किसी ने मणिपुर में हुई हिंसा को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अख़बारों ने रिजर्व बैंक द्वारा पेनाल्टी इंटरेस्ट पर रोक लगाने की ख़बर को भी प्राथमिकता दी है.
आइए आज के प्रमुख हिंदी अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नजर डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अखबार ने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया द्वारा कर्ज पर लगने वाले ‘दंडात्मक ब्याज’ के लिए जारी संशोधित नियम को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, बैंकिंग और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां कर्ज भुगतान में चूक के मामले में संबंधित ग्राहक से दंडात्मक ब्याज नहीं वसूल सकेंगी. इसके बजाय उन पर उचित दंडात्मक शुल्क लगाया जा सकेगा. नई व्यवस्था एक जनवरी 2024 से लागू होगी.
अखबार ने पीएम मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जी-20 के स्वास्थ्य मंत्रियों के संबोधन को दूसरी सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, पीएम मोदी ने इन देशों से भविष्य में स्वास्थ्य आपात स्थिति के लिए तैयार रहने का आह्वान किया. साथ ही उन्होंने प्रौद्योगिकी की समान उपलब्धता की सुविधा देने का भी आग्रह किया.
इसके अलावा दिल्ली हवाई अड्डे से पुणे के लिए उड़ान भरने वाले विमान में बम होने की अफवाह से उड़ान में 8 घंटे की हुई देरी, बिहार में जातीय जनगणना पर रोक से सुप्रीम कोर्ट का इनकार और चारा घोटाला मामले में लालू यादव की जमानत के खिलाफ सीबीआई की याचिका पर 25 अगस्त को सुनवाई करेगी सुप्रीम कोर्ट आदि खबरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
दैनिक जागरण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को अपनी पहली सुर्खी बनाया है. पंचायती राज सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश के विकास के लिए गांव, तहसील और जिला स्तर पर काम करने की जरूरत है. पीएम मोदी ने 2047 तक देश को विकसित देशों में शामिल करने के प्रण पर बल दिया. मोदी ने कहा कि ‘सबका साथ,सबका विकास’ भाजपा के लिए सिर्फ एक नारा नहीं है बल्कि एक विचार है जिसे देश के सभी नागरिकों को आत्मसात करना चाहिए.
मणिपुर में भीड़ की हैवानियत का शिकार बनी महिला की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट के आदेश को भी अखबार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, महिला ने कोर्ट को बताया कि पुलिस की उपस्थिति में हैवानियत को अंजाम दिया गया, फिर भी पुलिस ने कुछ नहीं किया. सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सरकार से जवाब मांगा है.
इसके अलावा बिहार में दैनिक जागरण के पत्रकार विमल कुमार यादव की हत्या, सफल डीबूस्टिंग (धीमा करने की प्रक्रिया) के बाद चंद्रमा के और निकट पहुंचा लैंडर विक्रम, सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के बाहुबली और पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह को 1995 में दरोगा राय और राजेंद्र राय के दोहरे हत्याकांड में ठहराया दोषी, अल नीनो के प्रभाव के कारण सौ वर्षों का सबसे सूखा महीना हो सकता है अगस्त, पूर्वी लद्दाख में जारी गतिरोध के समाधान के लिए शुक्रवार को दौलत बेग वोल्डी और चुशुल में भारत और चीन के बीच हुई मेजर जनरल स्तर की वार्ता, चारा घोटाला मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की जमानत को सीबीआई द्वारा चुनौती देने वाली याचिका पर 25 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, अंतिम पंघाल ने दूसरी अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप जीतकर रचा इतिहास- ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी का लोकसभा से अनिश्चितकालीन निलंबन हो सकता है रद्द और आरबीआई ने बैंक राजस्व बढ़ाने के लिए पेनाल्टी लगाने के तौर-तरीकों पर दिखाई सख्ती आदि खबरों को भी पहले पन्ने पर मिली है.
जनसत्ता अखबार ने मणिपुर के उखरूल में हिंसा की घटना को पहली सुर्खी बनाया है. अखबार ने लिखा कि शुक्रवार को उखरूल जिले के कुकी थोवाई गांव में भारी गोलीबारी के बाद तीन लोगों की लाश मिली. खबर के मुताबिक, तांगखुल नागाओं के प्रभुत्व वाले इस इलाके में हिंसा की पहली घटना हुई है. अखबार ने लिखा कि मणिपुर सरकार ने चूड़ाचांदपुर में स्वतंत्रता दिवस के दिन अनौपचारिक परेड में हथियारों के प्रदर्शन को लेकर प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है.
अखबार ने भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा कर्ज भुगतान की देरी से संबंधित नई व्यवस्था की घोषणा को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि कर्ज भुगतान में चूक पर अब बैंक दंडात्मक ब्याज नहीं ले सकेंगे. आरबीआई ने बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों से कहा कि ब्याज दरें नए सिरे से तय करते समय वे कर्ज ले चुके ग्राहकों को ब्याज की निश्चित दर चुनने का विकल्प उपलब्ध कराएं.
इसके अलावा पीएम मोदी ने जी-20 देशों को संबोधित करते हुए कहा- अगली स्वास्थ्य आपात स्थिति के लिए रहें तैयार, बिहार के अररिया जिले में दैनिक जागरण के पत्रकार विमल कुमार यादव की हत्या, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने कहा- अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी, हरियाणा सरकार ने अपने विध्वंस अभियान का बचाव करते हुए कहा कि यह ‘जातीय सफाई’ का मामला नहीं, राज्य सभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने आईपीसी, सीआरपीसी और साक्ष्य अधिनियम की जगह लेने वाले तीनों विधेयक को स्थाई समिति को सौंपा, मणिपुर हिंसा मामले में दो और महिलाओं ने सुप्रीम कोर्ट में दायर की याचिका, दस साल में 13 प्रतिशत से ज्यादा आबादी निम्न मध्यम आय वर्ग से मध्यम व उच्च आय वर्ग में पहुंची, चंद्रमा के और निकट पहुंचा लैंडर विक्रम और अंतिम पंघाल ने अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीत रचा इतिहास आदि खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने राज्यों द्वारा फसल बीमा क्लेम की खबर को पहली सुर्खी बनाया है. अखबार ने लिखा कि देश में मौसम की सबसे ज्यादा मार तीन राज्यों- मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र को झेलनी पड़ रही है. खबर के मुताबिक, 2019-20 और 2021-22 के बीच इन तीन राज्यों ने कुल 41,824 करोड़ रुपए का फसल बीमा क्लेम लिया, जबकि इसी दौरान पूरे देश में 59,429 करोड़ रुपए का क्लेम दिया गया यानी 70 प्रतिशत हिस्सेदारी इन्हीं तीन राज्यों की रही.
अखबार ने चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम के चांद के निकट पहुंचने की खबर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अखबार के मुताबिक, आज रात 2 बजे यह चांद से 30 किमी दूर रह जाएगा. इतनी दूर से ही यह चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग की कोशिश करेगा.
इसके अलावा फूड पैकेट पर कंपनियों द्वारा क्यूआर कोड लगाने की होगी पहल- उपभोक्ता पूछ सकेंगे कंपनी से सवाल, शूटरों ने मई 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले अयोध्या में की थी प्रैक्टिस, अब ट्रांसजेंडर का परिवार के मुखिया के तौर पर बन सकेगा जनाधार- पहले पोर्टल पर स्त्री और पुरुष का ही ऑप्शन था, बिहार में जातीय सर्वे पर रोक से सुप्रीम कोर्ट ने किया इंकार, हरियाणा सरकार ने हाईकोर्ट में बताया- नूंह में 443 अवैध निर्माण गिराए गए, जिसमें 283 मुस्लिम व 71 हिंदू प्रभावित हुए, पंजाब के करोड़ो रुपय के ड्रग्स मामले में फरार बर्खास्त एआईजी राजजीत सिंह को मोहाली कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया और मध्य प्रदेश के श्योपुर में बनेगी देश की पहली चीता सफारी आदि खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला ने पीएम मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जी-20 देशों के संबोधन को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक पीएम मोदी ने कहा कि भविष्य में कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से निपटने के लिए एकजुट होकर तैयारी करनी चाहिए. साथ ही जनता की भलाई के लिए नवाचार को सभी के लिए सुलभ करने की अपील की . उन्होंने कहा, स्वस्थ रहने का मतलब किसी के दिमाग और शरीर को संतुलन की स्थिति में रहना है.
अखबार ने मणिपुर में फिर हिंसा की घटना को दूसरी सुर्खी बनाया है. अखबार के मुताबिक, उखरूल जिले के कुकी थोवाई गांव में हिंसा के बाद तीन शव मिले. सभी मृतक कुकी समुदाय के हैं. खबर के मुताबिक, मामले की मैजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं.
इसके अलावा सधे कदमों से चांद की राह पर लैंडर विक्रम- अब महज 113 किमी दूर, मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को जल्द अमेरिका से भारत लाया जाएगा, आरबीआई ने दंडात्मक ब्याज वसूलने से बैंकों को रोका, बिहार के बाहुबली एवं पूर्व सांसद प्रभूनाथ सिंह दोहरे हत्याकांड में दोषी करार- सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया फैसला और रविवार से 40 रुपए किलो मिलेंगे टमाटर आदि खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
Health insurance reform should cut costs, not shift them on to patients
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
The curious case of protesters’ missing phones: Neither FIR for ‘snatching’, nor memo for ‘seizure’
-
Ali Khan Mahmudabad on ‘Ganga-Jamuni fantasy’, dying languages and democracy online
-
नेहा सिंह राठौर वाले मामले में एबीपी की कार्रवाई, तीन कर्मचारियों पर गिरी गाज