Khabar Baazi
रोज़नामचा: भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा और कांग्रेस नेताओं को जिम्मेदारी बनी आज की सुर्खियां
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं अलग-अलग ख़बरों को प्राथमिकता दी है. किसी ने साइबर अपराध रोकने के लिए केंद्र के फैसले तो किसी ने भाजपा की ओर से जारी चुनावी उम्मीदवारों की सूची को प्रमुखता दी है. वहीं, किसी अख़बार ने आज कांग्रेस द्वारा अजय राय और रणदीप सुरजेवाला की नियुक्ति को भी पहले पन्ने पर जगह दी है. इसके अलावा कुछ अख़बारों ने चंद्रयान-3 मिशन को भी अपनी सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख हिंदी अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नजर डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान ने महत्वकांक्षी मिशन चंद्रयान-3 द्वारा प्राप्त नई उपलब्धि को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि विक्रम लैंडर और प्रणोदन मॉड्यूल सफलतापूर्वक अलग हो गए हैं. शुक्रवार को विक्रम लैंडर चंद्रमा के और नजदीक पहुंच जाएगा. इसके भीतर ही प्रज्ञान रोवर मौजूद है.
अख़बार ने केंद्र सरकार द्वारा थोक में सिम बेचने पर लगाई गई रोक को भी प्रमुखता दी है. अखबार ने लिखा कि सरकार ने धोखाधड़ी को रोकने के लिए सिम विक्रेताओं का पुलिस सत्यापन अनिवार्य कर दिया है.
इसके अलावा दिल्ली सरकार के कामकाज में बाधा पहुंचाने के आरोप में विधानसभा की याचिका समिति ने मुख्य सचिव, प्रमुख वित्त सचिव और स्वास्थ्य सचिव पर कार्रवाई की सिफारिश की, सुप्रीम कोर्ट ने संवैधानिक योजना से जुड़े मसले पर कहा- तीन माह से अधिक हिरासत के लिए सलाहकार बोर्ड की पुष्टि जरूरी, एसबीआई रिसर्च की रिपोर्ट- मध्य वर्ग की औसत आय पिछले एक दशक में 4.4 लाख से बढ़कर 13 लाख हो गई है, स्वदेशी युद्धपोत विंध्यगिरी का जलावतरण, एक्वा लाइन पर चलने वाली नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो में यूपीआई से भुगतान कर ले सकेंगे टिकट, पाकिस्तान में ईशनिंदा के आरोप में 21 चर्च किए गए आगे के हवाले, भाजपा ने मध्य प्रदेश में 39 और छत्तीसगढ़ में 21 विधानसभा सीटों पर की उम्मीदवारों की घोषणा आदि खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण ने साइबर अपराध को रोकने के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदम को प्राथमिकता दी है. अखबार ने लिखा कि इलेक्ट्रोनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की कि सिम बेचने वाले सभी डीलरों का रजिस्ट्रेशन और पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा. सिम विक्रेता अगर नियमों का पालन नहीं करता है तो उस पर 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा. साथ ही आईटी मंत्री ने कहा कि दस्तावेजों द्वारा केवाईसी बंद की जाएगी और सिर्फ डिजिटल तरीके से ही केवाईसी की जाएगी.
अख़बार ने चंद्रयान-3 द्वारा प्राप्त एक और उपलब्धि को भी प्रमुखता दी है. खबर के मुताबिक, चंद्रयान से लैंडर विक्रम अलग हो गया है और चांद की सतह की ओर बढ़ चुका है. अब यह अपने लक्ष्य से महज 100 किमी दूर है.
इसके अलावा भाजपा ने की मध्यप्रदेश में 39 और छत्तीसगढ़ में 21 विधानसभा प्रत्याशियों की घोषणा, सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो मामले में कैदियों की रिहाई के बाद गुजरात सरकार से कहा- सिर्फ चुनिंदा कैदियों को ही न मिले सजा में छूट, जेएनयू ने छात्र संघ अध्यक्ष समेत तीन छात्राओं पर शिप्रा छात्रावास के वार्डन के साथ अभद्रता के आरोप में लगाया 10-10 हजार रुपय का जुर्माना, गुलाम नबी आजाद ने कहा- पहले सभी कश्मीरी हिंदू थे, नूंह हिंसा की जांच में नया मोड़- मस्जिद के इमाम फजरू मियां ने मुस्लिमों को हिंसा के लिए उकसाया था और अजय राय बने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष आदि खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता ने भाजपा द्वारा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा को पहली सुर्खी बनाया है. अखबार ने लिखा कि दोनों राज्यों को मिलाकर भाजपा के 60 उम्मीदवार तय हो गए हैं. खबर के मुताबिक, भाजपा ने छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विधानसभा सीट पाटन से पूर्व विधायक विजय बघेल को चुनावी मैदान में उतारा है.
अखबार ने तीन राज्यों में कांग्रेस के नेतृत्व में बदलाव को दूसरी सुर्खी बनाया है. अखबार ने लिखा कि कांग्रेस ने अजय राय को उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष और रणदीप सुरजेवाला को मध्य प्रदेश का प्रभारी महासचिव व मुकुल वासनिक को गुजरात का महासचिव नियुक्त किया है.
इनके अलावा राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा- भाजपा निवार्चित विपक्षी पार्टियों की सरकार गिरा देती है, चंद्रयान से अलग होकर लैंडर विक्रम चांद की ओर रवाना, शिमला में बारिश और भूस्खलन का कहर जारी-अब तक 74 की मौत, हरियाणा के पलवल में 13 अगस्त को आयोजित सर्वजातीय महापंचायत में भड़काऊ भाषण के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज और नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया आदि खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला ने भारत के महत्वाकांक्षी मिशन चंद्रयान-3 द्वारा हासिल एक और उपलब्धि को पहली सुर्खी बनाया है. चंद्रयान का लैंडर विक्रम गुरुवार दोपहर सवा एक बजे उसके प्रोपल्शन माड्यूल से सफलतापूर्वक अलग हो गया है. खबर के मुताबिक, लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान वाला मॉड्यूल 23 अगस्त को चांद के दक्षिणी ध्रुव की सतह छूने को तैयार है.
अखबार ने भाजपा द्वारा छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले 60 उम्मीदवारों की घोषणा को दूसरी सुर्खी बनाया है. अखबार ने लिखा कि दोनों राज्यों में भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. खबर के मुताबिक मध्य प्रदेश में 39 और छत्तीसगढ़ में 21 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की गई है. घोषित सूची में ज्यादातर नए चेहरों को शामिल किया गया है.
इसके अलावा केंद्र ने बनाए नए नियम- मोबाइल सिम डिलरों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य, भाजपा द्वारा राजस्थान में दो चुनाव समितियों की घोषणा- पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का पत्ता कटा, बारिश से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में इस सप्ताह 84 मौतें आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने पहाड़ो में अवैज्ञानिक तरीकों से निर्माण की वजह से होने वाले नुकसान की खबर को पहली सुर्खी बनाया है. अखबार ने लिखा कि हिमालय के पहाड़ दरक रहे हैं. पिछले दो सालों में यहां भूस्खलन की घटनाएं छ: गुना बढ़ गई हैं. इस बार मानसून के 55 दिनों में 113 बार भूस्खलन हुआ है. वहीं, हिमाचल की आपदा में मरने वाले लोगों की संख्या 330 हो गई है.
अखबार ने आम चुनाव से पहले सरकार द्वारा महंगाई को रोकने के लिए उठाए गए कदम को दूसरी सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, आने वाले हफ्ते में पीएम मोदी पेट्रोल की बिक्री पर टैक्स कम कर सकते हैं. साथ ही खाद्य एवं तेल के आयात पर भी टैक्स में कमी की तैयारी हो रही है.
इसके अलावा राजस्व वसूली में बढ़ोतरी- करदाता सजग, पूर्व कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा- 600 साल पहले कश्मीरी पंडितों ने अपनाया इस्लाम, राजस्थान हाईकोर्ट ने कहा- बुजुर्गों की देखरेख नहीं करेगा परिवार तो संपत्ति से बेदखल करने का अधिकार बुजुर्ग के पास, देश के टॉप- 4 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनियों ने चार्जर के नाम पर वसूले 306 करोड़, कोच्चि केरल हाईकोर्ट ने कहा- लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिलाएं घरेलू हिंसा की कर सकती हैं शिकायत, कीबोर्ड की आवाज से भी हो सकता है पासवर्ड हैक, आरबीआई ने अनकलैम्ड डिपोजिट के लिए शुरू किया उद्गम पोर्टल, डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 20 पैसे हुआ कमजोर को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Vote Bachao, Desh Bachao’: The INDIA bloc rally at Ramlila Maidan, as it unfolded
-
Uttarakhand SIR: 2,700+ names deleted in Gadarpur on objections filed by poll officers after the deadline
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant