Khabar Baazi
रोज़नामचाः लाल किले की प्राचीर से पीएम का संबोधन बनी आज के अख़बारों की सुर्खी
हिंदी के ज्यादातर प्रमुख अख़बारों ने आज स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के नाम संबोधन को अपनी पहली सुर्खी बनाया है. प्रधानमंत्री ने कल करीब डेढ़ घंटे तक के इस संबोधन में अनेक विषयों समेत भविष्य की योजनाओं पर बात की.
आइए आज के प्रमुख हिंदी अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नजर डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण ने पीएम मोदी द्वारा लाल किले से देश के संबोधन को पहली खबर बनाया है. खबर के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा कि वो किसी पार्टी के सदस्य नहीं है बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के परिवार के सदस्य हैं. अखबार ने लिखा कि पीएम मोदी भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण जैसी कुरितियों को जड़ से खत्म करने के लिए संकल्पबद्ध हैं. इस दौरान पीएम मोदी ने अगले आम चुनाव में जीतकर फिर से लाल किले से देश को संबोधित करने का वादा किया.
इसके अलावा अखबार ने बिहार के समस्तीपुर में मवेशी चोर को पकड़ने गए दारोगा की गोली मारकर हत्या, हिमाचल प्रदेश में वर्षा और भूस्खलन का कहर जारी, न बंद न विरोध- स्वतंत्रता दिवस के उत्साह में डूबा जम्मू-कश्मीर, चोटिल विनेश फोगाट एशियाई खेलों से बाहर, एसबीआई की रिपोर्ट- वर्ष 2047 तक सात गुना बढ़ जाएगी प्रति व्यक्ति आय, भारत-चीन एलएसी पर गतिरोध के मुद्दों को हल करने पर सहमत, नक्सलियों से मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के दो जवान शहीद आदि खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान पीएम मोदी के देश के नाम संबोधन को पहली सुर्खी बनाते हुए लिखा कि देश जब 100वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा, तब भारत का झंडा विश्व के शीर्ष देशों में शामिल रहेगा. खबर के मुताबिक पीएम मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था बन गई है और देश से भ्रष्टाचार समाप्त हो गया है.
अखबार ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बयान को भी प्रमुखता दी है. केजरीवाल ने कहा कि देश को विश्व गुरू बनाने के लिए सद्भाव जरूरी है. साथ ही देश की जनता के लिए अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं सस्ती बिजली उपलब्ध करानी होगी. खबर के मुताबिक, केजरीवाल ने छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ये बातें कहीं.
इसके अलावा वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के पास दीवार गिरने से पांच श्रद्धालुओं की मौत, सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक और सामाजिक कार्यकर्ता बिंदेश्वर पाठक का निधन, स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे संग सेल्फी में देश सराबोर आदि खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अखबार ने 77वें स्वतंत्रता दिवस के दिन लाल किले के प्राचीर से पीएम मोदी के बयान को प्राथमिकता दी है. खबर के मुताबिक, पीएम मोदी ने मणिपुर हिंसा मामले पर भी अपनी बात रखी. पीएम ने कहा कि मणिपुर हिंसा का समाधान शांति से ही किया जा सकता है. साथ ही बेरोजगारी और महंगाई की समस्या से भी छुटकारा पाने की बात कही.
अखबार ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ द्वारा सुप्रीम कोर्ट के विस्तार वाले बयान को प्रमुखता दी है. खबर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट में 27 नए अदालत कक्ष और 4 पंजीयक कक्ष और वकीलों एवं वादियों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.
इसके अलावा शिमला में भूस्खलन से आठ मकान ढहे और दो लोगों की मौत हुई, छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल ने कहा- महिलाओं के साथ अपराध करने वालों के लिए राज्य में सरकारी नौकरी नहीं, वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के पास छज्जा ढहने से पांच की मौत, झारखंड में माओवादियों के साथ मुठभेड़ में दो जवान शहीद, 600 दिल्ली के सीमावर्ती गांवों के सरपंचों को पीएम मोदी का लाल किले से भाषण सुनने के लिए सरकार ने आमंत्रित किया गया, नूंह हिंसा मामले में आरोपी गौरक्षक बिट्टू बजरंगी गिरफ्तार आदि खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
पंजाब केसरी ने पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा लाल किले की प्राचीर से देश के संबोधन को पहली सुर्खी बनाया है. खबर के मुताबिक, पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत के विकास के लिए अगले पांच वर्ष बहुत ही महत्वपूर्ण हैं. पीएम मोदी ने अपने दो कार्यकालों की उपलब्धि गिनाई और वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते कद का भी उल्लेख किया. साथ ही उन्होंने महिलाओं एवं समाज के गरीब एवं वंचितों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए योजनाओं की घोषणा की.
अखबार ने शिमला के कृष्णानगर इलाके में भूस्खलन को दूसरी सुर्खी बनाया है. अखबार ने लिखा कि भूस्खलने से 8 घर ढहे और मृतकों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है और दो लोगों के दबे होने की आशंका है.
इसके अलावा नूंह हिंसा का आरोपी बिट्टू बजरंगी गिरफ्तार, सर संघचालक मोहन भागवत ने कहा- दुनिया को ज्ञान देने के लिए ही भारत स्वतंत्र हुआ, मथुरा के बांके बिहारी मंदिर के पास मकान गिरने से 5 की मौत और 10 श्रद्धालु दबे, दिल्ली में यमुना फिर खतरे के निशान के नजदीक, अरविंद केजरीवाल ने कहा- दिल्ली के 2 करोड़ लोगों के केंद्र द्वारा छीने गए अधिकार वापस दिलाएंगे, फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने ली भारतीय नागरिकता आदि खबरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर न्यूज़लेटर के रूप में पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
God on their side, the bill on ours: Counting the real cost of the war in West Asia for India
-
The sacred geography they bulldozed: How Modi’s vision erased Kashi
-
Your Instagram reel is now ‘news’ — and the Govt wants to censor it
-
One-sided and conspiratorial: How Indian media keeps getting Myanmar wrong
-
Locked doors, dry taps, bidis and bottles: The ‘World City’ facade of Delhi’s toilets