Khabar Baazi
रोज़नामचा: हिंदी के अख़बारों की आज एक ही हैडलाइन, मोदी बोले- मणिपुर में शांति का सूर्य जरूर उगेगा
हिंदी के ज्यादातर प्रमुख अख़बारों ने आज केंद्र सरकार के खिलाफ संसद में लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब को अपनी पहली सुर्खी बनाया है. यहां तक कि प्रमुख हिंदी अख़बारों की सुर्खी का शीर्षक भी लगभग एक जैसा ही रखा गया है. मालूम हो कि अपने करीब सवा दो घंटे से ज्यादा के वक्तव्य में डेढ़ घंटे बाद पीएम मोदी मणिपुर पर बोले वो भी तब जब विपक्ष सदन से वाकआउट कर गया. भाषण में जरूर पीएम मोदी ने मणिपुर का करीब 5 मिनट तक जिक्र किया लेकि अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान वहां भड़की हिंसा और वहां जाकर हालचाल न लेने के सवालों का उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया.
आइए आज के प्रमुख हिंदी अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नजर डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक भास्कर, अमर उजाला और दैनिक हिंदुस्तान ने पीएम अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान दिए गए जवाब को एक जैसे ही शीर्षक से प्रकाशित किया. तीनों अख़बारों की पहली ख़बर का शीर्षक है- मणिपुर में शांति का सूर्य जरूर उगेगा: मोदी.
हिंदुस्तान ने लिखा कि मोदी सरकार के खिलाफ लोकसभा में विपक्ष का अविश्वस प्रस्ताव ध्वनिमत से खारिज हो गया. प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर की स्थिति को लेकर कहा कि प्रदेश में शांति का सूरज शीघ्र उगेगा और वह नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेगा. चर्चा का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर को जिगर का टुकड़ा बताया. उन्होंने मणिपुर की घटनाओं पर दुख और चिंता जताते हुए महिलाओं पर हुए अत्याचार को अक्षम्य करार दिया.
अमर उजाला ने लिखा कि मणिपुर को देश के जिगर का टुकड़ा बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में फिर से शांति का सूरज उगने का भरोसा दिलाया है. लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर तीन दिन तक चली चर्चा का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने महिलाओं के साथ हुए अपराध को अक्षम्य बताया. कहा-पूरा देश मणिपुर की माताओं, बहनों और बेटियों के साथ है.
इसके अलावा हिमाचल के मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर की आपात लैडिंग, चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए चयन पैनल में मुख्य न्यायधीश की जगह होंगे कैबिनेट मंत्री- राज्यसभा में विधेयक पेश, एक हजार करोड़ के सृजन घोटाले की आरोपी रजनी प्रिया गिरफ्तार, नूंह हिंसाः मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, मनी लॉन्ड्रिंग में विशेष अदालत के निलंबित न्यायधीश गिरफ्तार, गुटखा-पान मसाला पर रोक एक साल तक बढ़ी और अब दवा का विज्ञापन नहीं कर सकेंगे डॉक्टर आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
दैनिक भास्कर ने लिखा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अविश्वास प्रस्ताव पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में जवाब दिया. शाम 5:09 बजे संबोधन शुरू किया. 2 घंटे 12 मिनट के जवाब में इंडिया पर जमकर निशाना साधा. इस बीच मणिपुर पर बोलने की विपक्ष मांग करता रहा. शाम 6:40 बजे विपक्ष वॉकआउट कर गया. वॉकआउट के बाद पीएम ने कहा कि एक दिन पहले गृहमंत्री ने मणिपुर को लेकर सरकार की चिंता प्रकट की थी. वहां कोर्ट का फैसला आया. हिंसा शुरू हो गई. लेकिन सभी नागरिकों को आश्वास्त करना चाहूंगा मणिपुर में शांति का सूरज जरूर उगेगा. संबोधन के बाद वोटिंग हुई. जिसमें अविश्वास प्रस्ताव ध्वनिमत से गिर गया.
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के फैसले के पांच महीने बाद- चुनाव आयुक्त की नियुक्ति वाले पैनल से सीजेआई को हटाने की तैयारी, केंद्र की चेतावनी- गूगल क्रोम अपडेट करें, पाकिस्तान की संसद भंग- अंतरिम पीएम की घोषणा जल्द, ज्ञानवापीः मीडिया कवरेज पर कोर्ट की रोक आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
दैनिक जागरण ने अविश्वास प्रस्ताव पर पीएम नरेंद्र मोदी के जवाब को प्रमुख सुर्खी बनाते हुए लिखा कि अविश्वास प्रस्ताव ध्वनिमत से गिरा. पीएम मोदी ने कहा- कांग्रेस की रगों में घमंड और अविश्वास भरा है. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अविश्वास प्रस्ताव नहीं, जनता के साथ विश्वासघात का प्रस्ताव है. इस दौरान प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि सत्ता की भूख दिमाग पर सवार हो गई है.
इसके अलावा चुनाव आयुक्तों की चयन समिति से मुख्य न्यायधीश को बाहर रखने का बिल भारी हंगामे के बीच राज्यसभा में पेश, राघव चड्डा ने भाजपा को दी आरोप साबित करने की चुनौती, ज्ञानवापी में सर्वे की जानकारी मीडिया से साझा करने पर जिला अदालत ने लगाई रोक, रेपो रेट यथावत- नहीं बदलेगी ईएमआई आदि ख़बरों को भी अख़बार के पहले पन्ने पर जगह मिली है.
जनसत्ता ने अविश्वास प्रस्ताव पर पीएम नरेंद्र मोदी के जवाब को प्रमुख सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि विपक्ष की गैरमौजूदगी में ध्वनिमत से गिरा अविश्वास प्रस्ताव. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने अविश्वास प्रस्ताव लाने पर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि यह इंडिया नहीं घमंडिया गठबंधन है. प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष के लिए देश से बड़ा दल है और इन्हें गरीब की भूख की चिंता नहीं बल्कि सत्ता की भूख ही दिमाग पर सवार है.
इस प्रमुख ख़बर के साथ ही अख़बार ने लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी को निलंबित किए जाने की ख़बर को भी प्रमुखता दी गई है. अख़बार ने लिखा कि कांग्रेस नेता को चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कुछ टिप्पणियों और अमर्यादित आचरण के कारण निलंबित कर दिया गया. दरअसल, सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए चौधरी ने महाभारत का संदर्भ देते हुए प्रधानमंत्री के खिलाफ कुछ टिप्पणी की थी जिसे आसन ने तत्कार रिकॉर्ड से हटाने का आदेश दिया.
इसके अलावा मणिपुर में विधायकों ने शांति के लिए सेना हटाने की प्रधानमंत्री से मांग की, आरबीआई ने नहीं बढ़ाई रेपो रेट दर, मुख्य चुनाव आयुक्त और आयुक्ति की नियुक्ति में नहीं होंगे प्रधान न्यायधीश, राज्यसभा में मणिपुर पर गतिरोध-बैठक स्थगित और पाकिस्तान में नेशनल असेंबली भंग आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
Uttarakhand ERO refused BJP worker’s bulk Form 7 objections. After ECI complaint, 5,359 were accepted
-
A BJP worker in Uttarakhand objected. Voters in Kichha who never knew him are off the roll
-
Inside Brazil’s divided democracy
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables