Khabar Baazi
रोज़नामचा: मणिपुर पर सुप्रीम कोर्ट की सख्ती, नूह में सांप्रदायिक बवाल और सियासी बहस में चार लोगों की हत्या बनी आज की सुर्खियां
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को प्रमुखता दी है. किसी ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा मणिपुर मामले पर सुनवाई तो किसी ने हरियाणा के नूंह में भड़की हिंसा को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अख़बारों ने ज्ञानवापी मस्जिद पर सीएम योगी आदित्यनाथ के बयान तो कुछ ने चलती ट्रेन में आरपीएफ कॉन्स्टेबल द्वारा 3 लोगों को गोली मारे जाने को प्राथमिकता दी है. अख़बारों के पहले पन्ने पर इनके अलावा भी कई सुर्खियों को जगह मिली है.
आज के प्रमुख अख़बारों की सुर्खियों पर एक नजर डालें उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण की बात करें तो अख़बार ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा मणिपुर के मामले पर सुनवाई को प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर का शीर्षक है- ‘मणिपुर में महिलाओंं से हैवानियत के वीडियो भयावहः सुप्रीम कोर्ट’. ख़बर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने पूछा है कि एफआईआर दर्ज करने में 14 दिन क्यों लगे? मालूम हो कि मणिपुर में हिंसा और महिलाओं की नग्न परेड का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ज्ञानवापी मस्जिद पर दिए गए बयान को भी अख़बार ने अहमियत दी है. ख़बर के मुताबिक, सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर हम ज्ञानवापी मस्जिद कहेंगे तो विवाद होगा. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह प्रस्ताव मुस्लिम समाज की तरफ से आना चाहिए कि अतीत में हमने गलती की है और हम उसका समाधान चाहते हैं.”
इसके अलावा हरियाणा में शोभायात्रा के दौरान भड़की हिंसा, चलती ट्रेन में कॉन्स्टेबल ने की फायरिंग- चार की मौत, लालू यादव परिवार के सदस्यों संपत्तियां जब्त, दिल्ली सेवा बिल पर आप का साथ देने पर कांग्रेस में उठे विरोध के स्वर आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
जनसत्ता ने हरियाणा के नूहं में भड़की सांप्रदायिक हिंसा को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि विश्व हिंदू परिषद की ओर से की गई धार्मिक यात्रा को रोकने की कोशिश में जमकर बवाल हुआ. पथराव और आगजनी में 10 पुलिसकर्मियों समेत 15 लोग घायल हो गए. देर रात स्थिति पर काबू पाने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की 15 कंपनियां भेजी गईं. वहीं, सरकार ने अहतियात के तौर पर आसपास के जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में भी धारा 144 लागू कर दी.
मणिपुर के मामले में सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि शीर्ष अदालत ने इस दौरान कड़ी टिप्प्णियां की. जैसे राज्य पुलिस इस मामले की जांच न करे क्योंकि उसने महिलाओं को दंगाइयों के हवाले कर दिया था. साथ ही एफआईआर दर्ज करने और उस पर कार्रवाई करने में देरी पर भी शीर्ष न्यायालय ने नाराजगी जताई.
इसके अलावा लोकसभा में दिल्ली सेवा विधेयक आज होगा पेश, चलती ट्रेन में जवान ने गोली मार कर चार लोगों की हत्या की, अगस्त-सितंबर में देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य बारिश के आसार, गुजरात के मुख्यमंत्री का बयान- प्रेम विवाह के लिए माता-पिता की अनुमति को अनिवार्य बनाने पर विचार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान- विपक्ष ने चेहरा बदला चरित्र नहीं, जमीन के बदले नौकरी के मामले में ईडी ने लालू से संबंधित कंपनियों की 6 करोड़ की संपत्ति की कुर्क और श्रद्धा वाल्कर के पिता का बयान- हत्याकांड के आरोपी आफताब ने उन्हें बताया था कि अपने हाथों से गला घोंटा था आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
अमर उजाला की बात करें तो मणिपुर मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को प्रमुखता दी है. इसमें सुप्रीम कोर्ट ने एफआईआर में देरी का कारण पूछा तो साथ ही ये भी कहा कि वे नहीं चाहते कि मामले की जांच पुलिस करे. सुप्रीम कोर्ट ने ये भी कहा कि महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म के बाद नग्न परेड कराना भयानक अपराध है.
हरियाणा के नूहं में शोभायात्रा के दौरान हुए उपद्रव को भी अमर उजाला ने अहमियत दी है. अख़बार ने लिखा कि उपद्रवियों ने थाने पर हमला कर दिया और दर्जनों वाहनों को भी फूंक दिया. इस दौरान डीएसपी और इंस्पेक्टर को भी गोली लग गई.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ज्ञानवापी पर बयान- उसे मस्जिद कहा तो विवाद होगा, यह ऐतिहासिक गलती है, मुस्लिम समाज समाधान के लिए पहल करे को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
इसके अलावा लोकसभा में आज पेश होगा दिल्ली सेवा विधेयक, ट्रेन में सिपाही ने एएसआई समेत 4 को मारी गोली- मौत, विपक्षी गठबंधन को इंडिया नहीं यूपीए ही बोलेगी भाजपा, हरियाणा के कांग्रेस विधायक की लग्जरी कारें, गहने और नकदी जब्त और लालू परिवार की दिल्ली-पटना में 6 करोड़ की संपत्तियां जब्त आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
दैनिक भास्कर ने चलती ट्रेन में आरपीएफ कान्स्टेबल द्वारा चार लोगों को गोली मारे जाने को प्रमुखता दी है. ख़बर का शीर्षक है- ‘चलती ट्रेन में सियासी बहस: कान्स्टेबल ने एएसआई और तीन यात्रियों को गोली से उड़ाया’. अख़बार ने लिखा कि ट्रेन में ये ऐसी पहली घटना है. ख़बर के मुताबिक, जयपुर से मुंबई जा रही 12956 सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सोमवार की सुबह ये घटना हुई. चार लोगों को मारने के बाद आरोपी कान्स्टेबल चेन खींचकर भाग निकला. हालांकि, जल्द ही उसे हथियार समेत धर लिया गया.
मणिपुर हिंसा के मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि कोर्ट ने मामले की जांच और पीड़ितों के बयान दर्ज करने के लिए एक एसआईटी और उच्चस्तरीय समिति गठित करने के संकेत दिए हैं.
इसके अलावा ब्रांडेड दवाओं पर आज से क्यूआर कोड, योगी आदित्यनाथ का बयान- ज्ञानवापी को मस्जिद कहेंगे तो विवाद होगा, जम्मू-कश्मीर में पाक घुसपैठिए को मार गिराया, लैंड फॉर जॉब मामले में ईडी ने लालू परिवार की संपत्तियां की जब्त, डीके शिवकुमार को राहत- सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई की याचिका खारिज की और शरद पवार के हाथों आज मोदी लेंगे तिलक सम्मान आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
हिंदुस्तान ने मणिपुर मामले की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई को प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से कार्रवाई का जवाब मांगा है. अदालत ने इस दौरान कहा कि मणिपुर में महिलाओं के खिलाफ हुई हिंसा से निपटने के लिए व्यापक तंत्र बनाए जाने की जरूरत है. उधर, सदन में मणिपुर के मुद्दे को लेकर आठवें दिन भी हंगामा जारी रहा.
हरियाणा के नूहं में धार्मिक यात्रा पर पथराव के बाद भड़की हिंसा को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, यात्रा पर पथरावा के बाद बवाल शुरू हो गया. जिसमें दो होमगार्ड की मौत हो गई.
इसके अलावा जुलाई में हजार से ज्यादा बार हुई वर्षा ने तोड़ा रिकॉर्ड, दिल्ली में दो आईएएस अधिकारियों पर कार्रवाई, सांसदों-विधायकों के कई करीबियों को ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़, आरपीएफ जवान ने जयपुर एक्सप्रेस में चार को मौत के घाट उतारा, शारजाह जा रहे विमान की आपात लैंडिंग, जमीन के बदले नौकरी मामले में लालू यादव परिवार की 6 करोड़ की संपत्तियां जब्त, ज्ञानवापी पर बोले सीएम योगी आदित्यनाथ- मस्जिद के भीतर त्रिशूल क्यों है?, दिल्ली सेवा बिल आज होगा पेश और कुकी बहू की खातिर गृहस्थी छोड़ झारखंड लौटा परिवार आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
Hafta letters: NL’s coverage of SIR protest, question for Anand and violence in Manipur