Khabar Baazi
रोज़नामचा: पीएम मोदी का विपक्ष पर तीखा वार और सुप्रीम कोर्ट की केंद्र को फटकार बनी आज की सुर्खियां
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं अलग-अलग ख़बरों को प्रमुखता दी है. किसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे तो किसी ने उनके राजस्थान के भाषण को प्राथमिकता दी है. वहीं कुछ अख़बारों ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा ईडी डायरेक्टर संजय मिश्रा के कार्यकाल विस्तार को मंजूरी दिए जाने को अपनी पहली सुर्खी बनाया है.
आज के प्रमुख अख़बारों की सुर्खियों पर एक नजर डालें उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
अमर उजाला ने राजस्थान में पीएम नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान दिए गए बयान को पहली सुर्खी बनाया है. इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि गठबंधन का नया नाम यूपीए की ग़लतियों को छुपाने के लिए रखा गया है. उन्होंने कहाल कि विपक्ष ने अपना नाम देशभक्ति दिखाने के लिए नहीं बल्कि देश को लूटने के लिए बदला है.
अख़बार ने ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में हुई सुनवाई को भी अहमियत दी है. ख़बर के मुताबिक, ज्ञानवापी के सर्वे पर 3 अगस्त तक रोक बरकरार रहेगी. हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई पूरी कर ली है और अब हाईकोर्ट का फ़ैसला 3 अगस्त को आएगा. बता दें कि ज्ञानवापी सर्वे मामले पर निचली अदालत के फैसले को मुस्लिम पक्ष ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है.
इसके अलावा आरबीआई ने स्टार निशान वाले नोट की वैधता पर जताई जा रही आशंका को किया खारिज, कहा- स्टार अंकित नोट पूरी तरह वैध, कंझावला कांड में चार लोगों पर चलेगा हत्या का केस, 27 दिन में 3.69 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन, ज्ञानवापी सर्वे की तस्वीरें कोर्ट में दाखिल आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता ने विपक्ष के खिलाफ पीएम नरेंद्र मोदी के बयान को प्राथमिकता दी है. अख़बार की प्रमुख ख़बर का शीर्षक है- ‘जमात का नाम नया, काम पुराना’. ख़बर के मुताबिक, पीएम मोदी ने विपक्षी गठबंधन इंडिया पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भ्रष्ट और वंशवादी लोगों ने अपनी जमात का नाम बदल दिया है लेकिन काम वही पुराना है. उन्होंने यह बयान गुजरात के राजकोट में जनसभा को संबोधित करते हुए दिया.
अख़बार ने ईडी निदेशक के कार्यकाल को बढ़ाने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भी अहमियत दी है. ख़बर के मुताबिक, ईडी निदेशक संजय कुमार मिश्रा का कार्यकाल 15 सितंबर मध्यरात्रि तक बढ़ा दिया गया है. बता दें कि ईडी निदेशक का कार्यकाल 31 जुलाई को समाप्त होने वाला था. लेकिन केंद्र सरकार के अनुरोध के बाद “जनहित और राष्ट्रहित” में इनका कार्यकाल बढ़ाया गया है.
इसके अलावा मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले की जांच सीबीआई को सौंपी, मणिपुर के मामले पर सुप्रीम कोर्ट से केंद्र ने कहा- मामला दूसरे राज्य में स्थानांतरित किया जाए, मणिपुर में दो समूहों के बीच गोलीबारी और आगजनी, विपक्षी गठबंधन की अगली बैठक 25 और 26 अगस्त को मुंबई में, विपक्षी दलों के सांसद 29 और 30 जुलाई को करेंगे मणिपुर का दौरा, रेलमंत्री ने लोकसभा में बताया- हर साल होते हैं औसतन 71 हादसे आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण ने राजस्थान के सीकर में पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा विपक्ष खासकर कांग्रेस को निशाना बनाए जाने को प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, पीएम नरेंद्र मोदी ने तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार का मतलब है लूट की दूकान और झूठ का बाजार. उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में लाल डायरी कांग्रेस का डब्बा गोल कर देगी. लाल डायरी के पन्ने खुलेंगे तो अच्छे-अच्छे निपटेंगे. कहते हैं कि लाल डायरी में कांग्रेस सरकार के काले कारनामे दर्ज हैं.
ज्ञानवापी मामले के सर्वे को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक अब हाईकोर्ट इस मामले पर 3 अगस्त को फैसला सुनाएगी तब तक सर्वे पर रोक बरकरार रहेगी.
इसके अलावा मणिपुर हिंसा के बीच दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने के मामले की जांच करेगी सीबीआई, अविश्वास प्रस्ताव की मंजूरी के बाद भी नहीं चली संसद, अरुणाचल के खिलाड़ियों को विशेष वीजा दिए जाने पर भारत का कड़ा प्रतिरोध, सुप्रीम कोर्ट ने ईडी निदेशक का कार्यकाल 15 सितंबर तक बढ़ाया, मणिपुर में दो समूहों के बीच गोलीबारी, लाल चौक से तीन दशक बाद निकला मुहर्रम का जुलूस आदि ख़बरों को पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने मणिपुर मामले को लेकर छठे दिन भी संसद की कार्यवाही स्थगित रहने को प्राथमिकता दी है. अख़बार ने लिखा कि संसद में मणिपुर के मामले को लेकर शोर-गुल समाप्त नहीं हो रहा और न ही मणिपुर में हिंसा थमने का नाम ले रही है. बता दें कि छठे दिन भी विपक्षी दल के सांसद सदन में गतिरोध के बीच काला कपड़ा पहन कर आए थे.
अख़बार ने ईडी निदेशक संजय मिश्रा के कार्यकाल को बढाने की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की फटकार को भी अहमियत दी है. ख़बर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि क्या ईडी में मिश्रा को छोड़ बाकी अफसर नाकारा हैं. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रहित में ईडी निदेशक का कार्यकाल 15 सितंबर तक बढ़ा दिया है.
इसके अलावा ज्ञानवापी सर्वे का फैसला 3 अगस्त को, मणिपुर में फिर हिंसा- कुकी हमलावरों और ग्राम रक्षकों में फायरिंग, अमरनाथ यात्रा पर इस बार रिकॉर्ड 3.69 लाख श्रद्धालु पहुंचे आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान ने पहली सुर्खी मणिपुर मुद्दे पर संसद में संग्राम को बनाया है. अख़बार ने लिखा कि विपक्षी पार्टी मणिपुर मुद्दे पर पीएम मोदी के बयान के लिए जिद पर अड़ी है. इसी सिलसिले में विरोध दर्ज करवाने के लिए विपक्षी पार्टी के सांसद काले कपड़े पहनकर संसद में पहुंचे. गतिरोध के बाद छठे दिन भी संसद की कार्यवाही स्थगित कर दी गई.
अख़बार ने मणिपुर मामले में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की जांच करने की ज़िम्मेदीरी सीबीआई को सौंपने की ख़बर को भी अहमियत दी है. बता दें कि हिंसा के छह मामलों को सीबीआई के हवाले किया गया है ताकि निष्पक्ष जांच हो सके और अपराधियों को कड़ी सज़ा दी जा सके.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
Ali Khan Mahmudabad on ‘Ganga-Jamuni fantasy’, dying languages and democracy online
-
‘A journalist only until I’m lathi-charged’: Meet the content creators behind Delhi’s protest videos
-
Why gig workers can’t choose working hours even in extreme weather
-
Inside CJP: Mehr Pasricha on how the movement works, and its critics
-
'गंगा-जमुनी' फ़ैंटेसी, मिटती भाषाएं एवं सोशल मीडिया के दौर में यूनिवर्सिटीज़ और लोकतंत्र का भविष्य