Khabar Baazi
रोज़नामचाः चमोली में करंट से मौत, मणिपुर में नग्न परेड और संसद का मानसून सत्र बनी आज की सुर्खियां
हिंदी के ज्यादातर अख़बारों ने आज चमोली में हुए हादसे को प्रमुखता दी है. चमोली में करंट लगने से करीब डेढ़ दर्जन लोगों की मौत हो गई. इसके अलावा कुछ अख़बारों ने संसद के मानसून सत्र और विपक्षी एकता को भी पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अख़बारों ने मणिपुर में महिला को नग्न घुमाने तो कुछ ने बेंगलुरू से आतंकी साजिश का भंडाफोड़ होने को भी पहले पन्ने पर जगह दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की सुर्खियों पर एक नजर डालते हैं.
दैनिक जागरण ने चमोली में नमामि गंगे परियोजना की साइट पर करंट फैलने से 16 लोगों की मौत को अपनी पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि बदरीनाथ हाईवे पर स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लोहे के ढांचे में करंट दौड़ने से 16 व्यक्तियों की मौत हो गई और 11 लोग झुलस गए. मृतकों में एक हवलदार और तीन होमगार्ड भी शामिल हैं. तीनों मृतक एक ही परिवार के हैं.
अख़बार ने विपक्षी दलों की रणनीति और 26 विपक्षी दलों से बने इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया) को भी प्रमुख स्थान दिया है. अख़बार ने लिखा कि एलायंस के 24 घंटों के भीतर ही इसकी टैगलाइन भी तय कर दी गई है. वहीं, इंडिया नाम का इस्तेमाल करने पर 26 दलों के खिलाफ पुलिस में भी शिकायत दी गई है.
इसके अलावा रेल मंत्रालय की जनसाधारण के लिए व्यवस्त रूटों पर नॉन एसी ट्रेन चलाने की योजना, बैंक के बेसमेंट में बारिश का पानी भर जाने से वाड्रा की कंपनी के वित्तीय लेनदेन के बैंक रिकॉर्ड नष्ट होने, बेंगलुरू में आतंकी साजिश का भंडाफोड़, दिल्ली में यमुना का जलस्तर फिर खतरे के निशान से ऊपर, दिल्ली में यातायात नियमों को तोड़ने वाले 51 लाख से अधिक वाहन मालिकों ने नहीं भरे चालान, पहली बार सेंसेक्स 67 हजार के पार, सियाचिन ग्लेशियर बंकर में आग, कैप्टन शहीद आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
हिंदुस्तान ने चमोली में हुए हादसे को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि चमोली में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में तैनात चौकीदार की मौत पहले हुई. जब उसे देखने के लिए लोग जमा हो गए तो फिर से करंट आ गया और बाकी लोग भी चपेट में आ गए.
बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट को ट्रायल से छूट देने का मामला हाईकोर्ट पहुंचने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि पहलवान अंतिम पंघाल और सुजीत कलकल ने इस फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है. याचिका में चयन प्रक्रिया में निष्पक्षता की मांग की गई है.
इसके अलावा अख़बार ने मासूम से क्रूरता पर दिल्ली में पायलट से भीड़ द्वारा मारपीट, बेंगलुरू से पांच संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, ट्विटर पर मोदी के फॉलोअर्स 9.2 करोड़ पहुंचे, टाटा समूह में ब्रिटेन में फैक्टरी लगाएगा, मायावती का ऐलान- बसपा अकेले लड़ेगी लोकसभा चुनाव, दिल्ली पुलिस की भर्ती में धांधली पर 6 गिरफ्तार और दिल्ली अध्यादेश के मुद्दे पर संसद में इंडिया और एनडीए में हो सकता है टकराव आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
जनसत्ता ने आज से संसद के मानसून सत्र को अपनी पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि सत्र में महंगाई और मणिपुर के मुद्दे पर हंगामा होने के आसार हैं. वहीं, विपक्ष ने संसद में प्रधानमंत्री के बयान की मांग की है. साथ ही दिल्ली को लेकर आए अध्यादेश को लेकर भी विपक्षी सांसद सांविधिक संकल्प पेश करेंगे.
अख़बार ने चमोली में हुए हादसे भी अहमियत दी है. अख़बार ने लिखा कि उत्तराखंड सरकार ने हादसे में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की मदद की घोषणा की है.
इसके अलावा अब विदेश से आने वालों की नहीं होगी कोरोना जांच, कुपवाड़ा में घुसपैठ की कोशिश नाकाम- दो आतंकी ढेर, कर्नाटक विभानसभा में अशोभनीय आचरण का मामला- भाजपा के 10 विधायक निलंबित, घरेलू सहायिका की पिटाई करने वाले दंपत्ति को भीड़ ने पीटा, शीर्ष अदालत ने तीस्ता सीतलवाड़ को नियमित जमानत दी, टमाटर के ऊंचे दामों ने किसान को बनाया करोड़पति आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
दैनिक भास्कर ने चमोली हादसे को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि लापरवाही के चलते इस हादसे में कई मौत हो गई. चश्मदीद के हवाले से अख़बार लिखा कि जब पता था कि करंट से एक मौत हो चुकी है तो फिर फेज बंद क्यों नहीं किया गया? उधर, डीएम ने बताया है कि एक हफ्ते में हादसे की रिपोर्ट आ जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी.
अख़बार ने भारत के सौर मिशन को भी अहम स्थान दिया है. अख़बार ने ‘चंद्रयान-3 के बाद अब सूर्य के पास पहुंचने की तैयारी, लॉन्चिंग अगले महीने संभव’ शीर्षक से लिखा कि इसरो देश के पहले सौर मिशन आदित्य एल-1 की लॉन्चिंग के लिए तैयार है.
इसके अलावा मनीष सिसोदिया से बदसलूकी केस में सुनवाई 25 अगस्त को, किशोरों की मौत उम्र तय करने में स्कूल के टीसी भरोसे लायक नहीं- सुप्रीम कोर्ट, मणिपुरः ढील वाले पांच जिलों में पूरी तरह लगा कर्फ्यू, कर्नाटक में पांच संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, जनवरी 2024 तक गोवा की सभी टूरिस्ट गाड़ियां ईवी होंगी, आईपीएस मनोज यादव बने आरपीएफ के डीजी आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
अमर उजाला ने बेंगलुरू में आतंकी साजिश नाकाम किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि कर्नाटक पुलिस ने बेंगलुरू दहलाने की साजिश को नाकाम करते हुए हमले से पहले ही पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में पांचों ने बताया कि वे जेल में लश्कर आतंकी के संपर्क में आए थे.
मणिपुर में दो महिलाओं से हुई दरिंदगी को भी अख़बार ने अहम स्थान दिया है. अख़बार ने लिखा कि ढाई महीने से हिंसा की आग में जल रहे मणिपुर से मानवता को शर्मसार कर देने वाला वीडियो सामने आया है. इसमें भीड़ दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर पूरे इलाके में घुमाते हुए दिखाई दे रही है. पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है.
इसके अलावा सीमा हैदर को वापस भेजा जा सकता है पाकिस्तान, सियाचिन ग्लेशियर के बंकर में हादसा- कैप्टन बलिदान, दिल्ली में यमुना का जलस्तर फिर खतरे के निशान से ऊपर, अब तक तीन करोड़ से ज्यादा आयकर रिटर्न हो चुके दाखिल, सरकार आज से 70 रुपये प्रति किलो की दर से बेचेगी टमाटर, ईडी ने 538 करोड़ की धोखाधड़ी में जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल और अन्य के सात परिसरों पर मारा छापा आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
Also Read
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
Censorship, arrests, internet shutdown, PR campaign: How Arunachal is trying to control the Siang dam narrative
-
Uttarakhand SIR: 2,700+ names deleted in Gadarpur on objections filed by poll officers after the deadline
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions